विज्ञापन

ChatGPT-6.1 Terra लॉन्च, कंप्यूटर स्क्रीन देखकर खुद AI चलाएगा माउस और करेगा आपका काम

OpenAI ने GPT-6.1 Terra AI मॉडल लॉन्च किया है. ये कंप्यूटर स्क्रीन देखकर खुद काम कर सकता है. जानिए इसकी दूसरी खासियत.

ChatGPT-6.1 Terra लॉन्च, कंप्यूटर स्क्रीन देखकर खुद AI चलाएगा माउस और करेगा आपका काम
ChatGPT का नया मॉडल लॉन्च
OpenAI/X

दुनिया की बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI ने अपने सबसे नए और पावरफुल AI मॉडल GPT-6.1 Terra को लॉन्च कर दिया है. कंपनी के अनुसार, ये नया AI मॉडल केवल एक नॉर्मल चैटबॉट नहीं है जो केवल आपके सवालों के जवाब देता है. इसके बजाय, ये एक बेहद एक्टिव डिजिटल एजेंट की तरह काम करता है. ये खुद आपकी कंप्यूटर स्क्रीन को देख सकता है. इसके साथ ये अलग-अलग जगहों पर क्लिक कर सकता है. यानी आसान भाषा में बोले तो ये आपके रोजमर्रा के डिजिटल कामों को अपने आप पूरा कर सकता है.

इस लॉन्चिंग की घोषणा करते हुए OpenAI के सीईओ Sam Altman ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "6.1 Terra अब आ चुका है! यह बहुत सारी चीजों में माहिर है, लेकिन हम खासतौर से कंप्यूटर इस्तेमाल करने के इस नए युग को लेकर बेहद उत्साहित हैं."

आपके कंप्यूटर पर खुद काम करेगा GPT-6.1 Terra

पुराने AI मॉडल्स से अलग, जो केवल टेक्स्ट जनरेट करने तक ही लिमिट थे, GPT-6.1 Terra को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह सीधे आपके कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के साथ तालमेल बिठा सके. ये स्क्रीन पर दिखने वाली हर चीज को इंसानों की तरह देख और समझ सकता है. ये खुद माउस से क्लिक कर सकता है, कीबोर्ड से टाइप कर सकता है, और किसी बड़े काम को पूरा करने के लिए एक ऐप से दूसरे ऐप पर स्विच कर सकता है.

उदाहरण के लिए, बिजनेस और कंपनियां इसका इस्तेमाल बिल की जानकारियों को सीधे अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर में दर्ज करने, लंबे ऑनलाइन फॉर्म्स भरने, बिजनेस प्रपोजल तैयार करने या यहां तक कि किसी आर्किटेक्चरल ड्रॉइंग को सीधे 3D मॉडल में बदलने के लिए कर सकती हैं. इसका मेन काम कंप्यूटर पर किए जाने वाले उबाऊ और बार-बार दोहराए जाने वाले कामों को बिना किसी इंसानी मदद के पूरी तरह ऑटोमैटिक बनाना है.

सुपरफास्ट स्पीड और 50% तक कम कीमत

ये नया मॉडल पुराने GPT-5.6 Terra के मुकाबले एक बहुत बड़ा अपग्रेड है. OpenAI का दावा है कि GPT-6.1 Terra कंपनी के दूसरे एडवांस मॉडल्स (जैसे GPT-6.1 Sol और GPT-6 Astra) की तुलना में औसतन तीन गुना तेजी से काम पूरा करता है. इसके अलावा, नए ऐप्स बनाने वाले डेवलपर्स के लिए यह बेहद सस्ता है. OpenAI ने इसकी API की कीमतों में पुराने मॉडल के मुकाबले पूरे 50% की भारी कटौती कर दी है. अब इसके इनपुट टोकन के लिए केवल $1 प्रति मिलियन और आउटपुट टोकन के लिए केवल $5 प्रति मिलियन की कीमत चुकानी होगी. ये बड़े पैमाने पर ऑटोमेशन चलाने वाले बिजनेस के लिए बेहद सस्ता साबित होगा.

कोडिंग में जबरदस्त परफॉर्मेंस और कम गलतियां

OpenAI ने इस बात पर खास ध्यान दिया है कि नया Terra मॉडल पहले से कहीं अधिक बुद्धिमान हो और काम के दौरान गलतियां न करे. कंपनी के इंटरनल टेस्ट्स के अनुसार, सामान्य कामों के दौरान इस AI मॉडल की गलतियों का दर पुराने मॉडल के 53.6% से गिरावट के साथ मात्र 16.7% रह गया है. वहीं, जब इसे पूरी दिमागी क्षमता और रीजनिंग के साथ काम पर लगाया जाता है, तो इसकी गलतियों का दर घटकर केवल 4.3% रह जाता है.

कोडिंग और प्रोग्रामिंग के क्षेत्र में भी इस मॉडल ने शानदार सफलता हासिल की है. इसने कॉम्पलैक्स टर्मिनल बेंचमार्क टेस्ट्स में पुराने वर्जन के मुकाबले दोगुने से भी अधिक स्कोर दर्ज किया है. इसी बेहतरीन क्षमता के कारण, GPT-6.1 Terra को GitHub Copilot जैसे लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स के जरिए तुरंत प्रोग्रामर्स के लिए जारी किया जा रहा है.

OpenAI के AI लाइनअप में Terra

OpenAI अभी AI मॉडल्स की एक पूरी बड़ी फैमिली ऑफर करता है, जिसमें Luna, Terra, Sol और Astra शामिल हैं. Luna एक लाइटवेट मॉडल है, वहीं Sol और Astra को काफी कॉम्पलैक्स और भारी-भरकम कामों के लिए डिजाइन किया गया है. ऐसे में Terra इन दोनों के ठीक बीच में एक बेहद बैलेंस और परफेक्ट मिड-रेंज मॉडल के रूप में फिट बैठता है.

पिछले महीने Sol और Luna को मिले अपडेट्स के बाद, इस नई लॉन्चिंग के साथ अब Terra भी ऑफिशियली GPT-6.1 जनरेशन में शामिल हो गया है. नॉर्मल यूजर्स और बिजनेस सब्सक्राइबर्स इसका तुरंत इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं. कंपनी के अनुसार, ये अब ChatGPT Plus, Pro, Enterprise, और Edu के साथ-साथ ChatGPT Work, Codex, OpenAI API और Amazon Bedrock पर पूरी तरह लाइव हो चुका है.

यह भी पढ़ें | रिटर्न फ्रॉड का खेल खत्म! आ गया Apple का स्कैनर, iPhone खरीदने वालों के लिए काम की खबर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ChatGPT, AI, OpenAI, Sam Altman
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com