विज्ञापन

इंसानों के बराबर सोचने वाला AI लॉन्च, OpenAI ने पेश किया GPT-6 Astra, देखें फीचर्स

क्या AGI का दौर शुरू हो गया है? OpenAI के नए GPT-6 Astra लॉन्च के साथ इसकी बात शुरू हो गई है. जानें क्यों इसे AI की दुनिया का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

इंसानों के बराबर सोचने वाला AI लॉन्च, OpenAI ने पेश किया GPT-6 Astra, देखें फीचर्स
OpenAI

OpenAI ने अपने सबसे नए AI मॉडल GPT-6 Astra का रोलआउट शुरू कर दिया है. AI की दुनिया में इससे काफी बदलाव आ सकता है. अब चर्चा होने लगी है क्या हम AGI एज में प्रवेश कर चुके हैं. कंपनी का कहना है कि सिक्योरिटी से जुड़े खतरों को कम करने के लिए इसमें कड़े सुरक्षा इंतजाम जोड़े गए हैं.

OpenAI के Daybreak टेस्टिंग प्रोग्राम से जुड़े बिजनेस यूजर्स को इसका सबसे पहले एक्सेस दिया गया. OpenAI ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि ये मॉडल पहले कुछ चुनिंदा संस्थानों तक पहुंचेगा. फिर कुछ ही दिनों में सभी ChatGPT Plus, Pro, Business और Enterprise सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा. इसके अलावा डेवलपर्स को ये OpenAI API और Amazon Web Services (AWS) के जरिए मिलेगा.

फ्री-टीयर वालों को नहीं मिलेगा एक्सेस

कंपनी ने साफ किया है कि फ्री-टीयर और सबसे सस्ते प्लान वाले यूजर्स को फिलहाल इसका एक्सेस नहीं मिलेगा. API के जरिए Astra की कीमत प्रति 10 लाख इनपुट टोकन के लिए 10 डॉलर और प्रति 10 लाख आउटपुट टोकन के लिए 50 डॉलर रखी गई है, जबकि इसके फास्टर मोड के लिए दोगुनी कीमत चुकानी होगी.

GPT-5 को कंपनी ने ठीक एक साल पहले रिलीज किया था. अब Astra मॉडल को लॉन्च किया गया है. कंपनी के प्रेसिडेंट Greg Brockman ने कहा, "क्षमता के इस लेवल पर आकर सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता बन जाती है." उन्होंने आगे कहा कि इस मॉडल को बाद में आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) की दिशा में एक शुरुआती कदम के तौर पर देखा जा सकता है. ये वह स्थिति है जब AI ज्यादातर कामों में इंसानी क्षमता के बराबर पहुंच जाता है. हालांकि उन्होंने ये भी साफ किया कि "अभी भी कई सुधार किए जाने बाकी हैं."

कई काम कर सकता है Astra

OpenAI के अनुसार, Astra अपने दम पर वेबसाइट्स बनाने, डेटा एनालिसिस करने, गेम्स डेवलप करने, कोडिंग करने और साइबर सिक्योरिटी से जुड़े काम संभालने में सक्षम है. कंपनी ने एक उदाहरण देते हुए बताया कि अपार्टमेंट खोजने का जो काम करीब 6 घंटे लेता था, उसे इसने 10 मिनट से भी कम समय में पूरा कर दिया. कंपनी का दावा है कि, "कंप्यूटर पर आप जो कुछ भी कर सकते हैं, Astra वह सब आपके लिए कर सकता है. वो भी  काफी तेजी से."

कंपनी ने बताया कि Astra कंप्यूटर के इस्तेमाल वाले टास्क को अपने पिछले मॉडल GPT-5.6 Sol की तुलना में करीब 47% ज्यादा तेजी से पूरा करता है. OSWorld 2.0 बेंचमार्क पर Astra ने प्रति टास्क लगभग 40 मिनट में 72.6% स्कोर किया, जबकि Sol ने करीब 75 मिनट में 65.7% स्कोर किया था. वहीं ARC-AGI-3 रीजनिंग टेस्ट में Astra ने 99.9% स्कोर हासिल किया, जबकि Sol का स्कोर सिर्फ 7.8% रहा था.

कंपनी के CEO Sam Altman ने Bloomberg TV को बताया कि इस रिलीज में उम्मीद से ज्यादा समय लगा. उन्होंने कहा कि Astra जैसे टूल्स की जरूरत इसलिए है क्योंकि "दुनिया साइबर हमलों के पूरे तरीके में एक बड़े बदलाव के बेहद करीब पहुंच चुकी है." OpenAI ने यह भी कहा कि वह यूटिलिटी कंपनियों, स्थानीय सरकारों और वित्तीय संस्थानों के लिए सब्सिडाइज्ड Daybreak एक्सेस का विस्तार करेगा. साथ ही, पहले साइबर हमलों का शिकार हुए वॉटर सिस्टम्स को दी गई मदद की तर्ज पर कई राज्यों के साथ मिलकर एक साइबर इंफॉर्मेशन-शेयरिंग पहल शुरू करेगा.

ये भी पढ़ें- नीम करोली बाबा के आश्रम से लौटकर Steve Jobs ने क्या कहा था? फिर बना दिया Apple

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
OpenAI, ChatGPT, Astra AI, Open AI CEO Sam Altman
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com