IRCTC ने कुछ समय पहले अपनी टिकट बुकिंग वेबसाइट का नया बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है. बीटा वर्जन यानी सबके लिए जारी होने से पहले इसको टेस्टिंग के लिए उपलब्ध करवाया गया है. इसमें मिली खामियों को दूर करके इसको फिर बीटा वर्जन से हटाकर पब्लिक कर दिया जाएगा. जिसके बाद नई वेबसाइट से ही आप टिकट बुक कर पाएंगे.
आपको बता दें कि नई वेबसाइट पहले के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न इंटरफेस, आसान नेविगेशन और बेहतर सिक्योरिटी फीचर्स के साथ आई है. हालांकि, अगर आप पहली बार इस नए पोर्टल का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले एक जरूरी प्रोसेस को पूरा करना होगा. ऐसा नहीं करने पर आप ट्रेन टिकट बुक नहीं कर पाएंगे. इसके अलावा आप आसानी से तत्काल टिकट भी बुक कर पाएंगे.
पहली बार लॉगिन पर करना होगा मोबाइल और ईमेल वेरिफिकेशन
नई IRCTC वेबसाइट पर पहली बार लॉगिन करने के बाद यूजर्स को अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी वेरिफाई करना होगा.
होमपेज पर लॉगिन करते ही वेबसाइट ये प्रोसेस शुरू कर देता है. इसके लिए अलग-अलग OTP मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे. दोनों OTP दर्ज करने के बाद ही अकाउंट वेरिफाई होगा. जब तक यह वन-टाइम वेरिफिकेशन पूरा नहीं किया जाता, तब तक यूजर किसी भी तरह का ट्रेन टिकट बुक नहीं कर पाएंगे.
एक बार वेरिफिकेशन के बाद बार-बार नहीं होगी जरूरत
मोबाइल और ईमेल वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद अगली बार लॉगिन करते समय दोबारा ये प्रोसेस नहीं करना होगा. IRCTC का कहना है कि इससे अकाउंट की सुरक्षा बेहतर होगी और अनऑथोराइज्ड एक्सेस का खतरा कम होगा.
तत्काल टिकट आसानी से होगा बुक
आपको बता दें कि IRCTC ने दावा किया है कि इस नई वेबसाइट से आसानी से आप तत्काल टिकट भी बुक कर सकते हैं. इसमें बुकिंग की क्षमता को बढ़ा दी गई है. जिसकी वजह से आप पहले की तुलना में अब आप आसानी से इस नई वेबसाइट से तत्काल टिकट बुक कर सकते हैं. बीटा वेबसाइट को आप इस एड्रेस (https://www.irctc.co.in/eticket/train-search) पर जाकर एक्सेस कर सकते हैं. बीटा वेबसाइट को आप सीधे यहां पर क्लिक करके भी विजिट कर सकते हैं.
आधार ऑथेंटिकेशन ऐसे करें
नई वेबसाइट में आधार ऑथेंटिकेशन स्टेटस चेक करना भी पहले से आसान कर दिया गया है. इसके लिए IRCTC अकाउंट में लॉगिन करें. फिर ऊपर दाईं ओर दिए गए User ID पर क्लिक करें. इसके बाद My Profile में जाएं. फिर Authenticate User विकल्प चुनें. अगर आधार पहले से लिंक है तो उसका स्टेटस दिखाई देगा. अगर लिंक नहीं है तो जरूरी जानकारी भरकर ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. IRCTC के अनुसार, Tatkal टिकट बुक करने के लिए Aadhaar Authentication अनिवार्य है.
नई वेबसाइट में कई बदलाव
इसमें आपको पहले के मुकाबले ज्यादा साफ और मॉडर्न इंटरफेस देखने को मिलेगा. हालांकि, कई यूजर्स ने शिकायत की है पहले का इंटरफेस उनको ज्यादा अच्छा लग रहा था. इसके अलावा मोबाइल और ईमेल का वन-टाइम OTP वेरिफिकेशन आसानी से पूरा किया जा सकता है. इसमें टिकट बुकिंग, PNR स्टेटस, टिकट कैंसिलेशन और ट्रेन सर्च पहले से आसान हो गई है.
इसके अलावा My Profile सेक्शन से सीधे Aadhaar Authentication की सुविधा भी मिलती है. इसमें OTP और Aadhaar आधारित अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स आपको मिलेंगे. फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन लाइव कर दिया गया है. कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इसमें और नए फीचर्स जोड़े जाएंगे और इसे और बेहतर बनाया जाएगा.
ये भी पढ़ें- लगभग 45 हजार रुपये में मिल रहा है iPhone 16, जानें खरीदने की 4 वजहें, लेकिन इस कारण से हो सकता है घाटे का सौदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं