हाड़ोती को देश के प्रमुख पर्यटन सर्किट के रूप में स्थापित करने की दिशा में बूंदी में राष्ट्रीय स्तर के फेम (FAM) टूर का आयोजन किया गया. इसमें 11 राज्यों से आए 50 से अधिक टूर ऑपरेटर्स ने बूंदी और कोटा की ऐतिहासिक धरोहरों, महलों, बावड़ियों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया. जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने बताया कि इस पहल से क्षेत्र में देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार भरतपुर-रणथंभौर-हाड़ोती, हाड़ोती-मेवाड़ सहित कई नए पर्यटन सर्किट तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें चंबल सफारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व और चंबल रिवर फ्रंट जैसे आकर्षण भी शामिल होंगे. इससे हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है.
बूंदी के लिए अहम मौका
इस अवसर पर जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने कहा कि बूंदी के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है. देश के विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स ने यहां के पर्यटन स्थलों को देखा और उनकी सराहना की है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन टूर ऑपरेटर्स के माध्यम से बूंदी में देशी और विदेशी पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा, जिससे जिले की पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को भी रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे.

हड़ोती क्षेत्र का कराया जाएगा भ्रमण
कार्यक्रम में इंडिया आउटबॉक्स के अध्यक्ष विनीत विलियम्स ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के साथ हुए एमओयू के तहत यह पहला फेम टूर आयोजित किया गया है. भविष्य में भी देश के अलग-अलग राज्यों के टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि यहां की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके.
तैयार हो रही पर्यटन आइटनरी
उन्होंने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष पर्यटन आइटनरी तैयार की जा रही हैं. इनमें भरतपुर, रणथंभौर और हाड़ोती को जोड़ते हुए सात दिवसीय "ब्रज-हाड़ोती फेम टूर" और कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ को शामिल करते हुए पांच दिवसीय हाड़ोती पर्यटन पैकेज तैयार किया जाएगा. इसके अलावा सात दिवसीय हाड़ोती-मेवाड़ पर्यटन सर्किट भी विकसित किया जा रहा है, जिसे देशभर के टूर ऑपरेटर्स के माध्यम से पर्यटकों तक पहुंचाया जाएगा.

पर्यटन विशेषज्ञ अक्षय हाड़ा ने बताया कि ऐतिहासिक स्थलों के अलावा पर्यटकों को चंबल सफारी, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल रिवर फ्रंट सहित क्षेत्र के प्राकृतिक और वन्य पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि फेम टूर किसी भी क्षेत्र के पर्यटन विकास की मजबूत कड़ी होते हैं. इनके माध्यम से पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार होता है और नए पर्यटन बाजार विकसित होते हैं.
पर्यटन मानचित्र पर चमकेगा हाड़ोती
आयोजकों का मानना है कि इस पहल से हाड़ोती की पहचान केवल ऐतिहासिक धरोहर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह क्षेत्र राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक आकर्षक और पसंदीदा पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरकर सामने आएगा. बूंदी की समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और बेहतर आतिथ्य सुविधाएं आने वाले वर्षों में देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
यह भी पढे़ं-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं