दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) और नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने दो अहम परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है. जहां एक ओर रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के नरेला से कुंडली/नाथूपुर हिस्से के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है, वहीं दूसरी ओर नोएडा एक्वा लाइन के विस्तार के लिए निर्माण एजेंसी चुन ली गई है. इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बाहरी दिल्ली, हरियाणा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर आसान, तेज और ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा.
रिठाला-कुंडली कॉरिडोर में 15.4 किलोमीटर लंबे रूट का टेंडर जारी
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने फेज-4 के तहत रिठाला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में अहम कदम उठाया है. डीएमआरसी ने नरेला क्षेत्र से हरियाणा के कुंडली/नाथूपुर तक लगभग 15.4 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी साल के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है. इस हिस्से पर करीब 1,373.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. डीएमआरसी के अनुसार कॉरिडोर पर कुल 11 स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें 10 स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि एक स्टेशन एट-ग्रेड यानी जमीन के स्तर पर बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए तीन साल का लक्ष्य तय किया गया है.
नोएडा में एक्वा लाइन का होगा विस्तार
कुंडली/नाथूपुर के अलावा दूसरी बड़ी परियोजना नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जुड़ी है. नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सेक्टर-142 से सेक्टर-38ए बॉटनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक एक्वा लाइन के विस्तार के लिए निर्माण एजेंसी का चयन कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार अब अगले तीन से चार महीने में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. काम शुरू होने के बाद इसे तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक बनेंगे 8 स्टेशन
नोएडा एक्वा लाइन अभी सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक संचालित होती है. इसका विस्तार होने के बाद सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक नया कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस रूट पर कुल 8 स्टेशन प्रस्तावित हैं.
बॉटनिकल गार्डन स्टेशन पहले से ही दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मजेंटा लाइन से जुड़ा हुआ है. वहीं अब एक्वा लाइन का यहां तक विस्तार होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से सीधा और बेहतर कनेक्शन मिलेगा.
यह भी पढ़ें : Delhi Metro: गुरुग्राम समेत येलो लाइन के 6 मेट्रो स्टेशनों के लिए DMRC की ताजा एडवायजरी, यात्रियों से की ये अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं