काफी समय से चल रहे लीक्स और टीजर्स के सिलसिले को खत्म करते हुए Motorola ने आखिरकार अपने नए स्मार्टफोन Motorola Edge 70 Neo से पर्दा उठा दिया है. ये नया फोन पुराने Edge 60 Neo का ही अगला अपग्रेड वर्जन है, जिसे पिछले साल भारत में लॉन्च नहीं किया गया था. आपको बता दें कि इससे पहले भारत में साल 2024 के दौरान Edge 50 Neo को 23,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था. हालांकि, पार्ट्स की बढ़ती कीमतों और बड़े अपडेट्स के कारण इस नए मॉडल की कीमत में थोड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है.
Motorola Edge 70 Neo की कीमत, उपलब्धता और ऑफर्स
Motorola ने इस फोन को केवल एक ही वेरिएंट में उतारा है, जो 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है. भारत में इसकी कीमत 40,999 रुपये रखी गई है. ग्राहक इस फोन को चार यूनिक और कलर फिनिश में खरीद सकते हैं. इनमें Pantone Gray Lilac, Pantone Milky Blue, Pantone Mountain View और Pantone Sage शामिल हैं. इनमें से दो मॉडल्स के बैक पैनल पर बहुत ही प्रीमियम वीगन लेदर और एसिटेट का टेक्सचर मिलता है, जबकि बाकी दो मॉडल्स एकदम फ्लैट फिनिश के साथ आते हैं.
Motorola अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए शुरुआत में एक बेहद ही खास इंट्रोडक्टरी ऑफर दे रहा है. इसके तहत पहले 10 दिनों के लिए फोन पर सीधे 3 हजार रुपये का फ्लैट डिस्काउंट दिया जा रहा है, जिससे इसकी कीमत घटकर 37,999 रुपये रह जाती है. इसके अलावा, चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर 3 हजार रुपये का एक्स्ट्रा कैशबैक ऑफर भी मिल रहा है. साथ ही बड़े बैंकों के जरिए ग्राहक इसे 9 महीने की नो-कॉस्ट EMI पर भी घर ले जा सकते हैं. इस फोन की बिक्री 1 दिसंबर 2026 से Flipkart, Motorola की ऑफिशियल वेबसाइट और चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी.
Motorola Edge 70 Neo के स्पेसिफिकेशन्स
Motorola Edge 70 Neo रफ-एंड-टफ और मजबूत डिजाइन के साथ आता है. इसे IP64 की रेटिंग मिली है. साथ ही इसे मिलिट्री-ग्रेड MIL-STD-810H की ड्यूरेबिलिटी रेटिंग भी दी गई है, यानी गिरने या धूल-मिट्टी में भी ये फोन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा. इसके फ्रंट स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Gorilla Glass 7i का इस्तेमाल किया गया है. फोन में 6.8-इंच का बड़ा AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 144Hz के मैक्सिमम स्क्रीन रिफ्रेश रेट और 1,500Hz के टच सैंपलिंग रेट को सपोर्ट करता है. Motorola ने इसमें 5,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस देने का दावा किया है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन एकदम साफ दिखाई देती है. इसके अलावा, इसमें 'Water Touch' तकनीक भी दी गई है, यानी अगर आपकी उंगलियां गीली हैं या स्क्रीन पर पानी की बूंदें हैं, तब भी ये टच स्क्रीन बिल्कुल परफेक्ट काम करेगी.
यह भी पढ़ें | ट्रंप की "महा-एंट्री" और वापस मिली कुर्सी, Nvidia में Jensen की वापसी से अमेरिकी राष्ट्रपति को क्या फायदा?
Motorola Edge 70 Neo की परफॉर्मेंस
Motorola Edge 70 Neo में क्वालकॉम का नया Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm की एडवांस तकनीक पर काम करता है और इसकी मैक्सिमम क्लॉक स्पीड 2.5GHz की है. इस प्रोसेसर के साथ 8GB की LPDDR5X रैम और 128GB की UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है, जिसे आप माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ा सकते हैं. ये फोन Motorola के बिल्कुल नए Hello UI पर काम करता है, जो लेटेस्ट Android 16 पर आधारित है. कंपनी इस फोन के साथ 3 साल के बड़े OS अपडेट्स और 5 साल के सिक्योरिटी अपडेट्स देने का वादा कर रही है.
सुरक्षा के लिए इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर और फेस अनलॉक की सुविधा दी गई है. बेहतरीन और लाउड साउंड के लिए इसमें Dolby Atmos के सपोर्ट वाले डुअल स्टीरियो स्पीकर्स मिलते हैं. ये फोन एक हाइब्रिड सिम स्लॉट के साथ आता है जिसमें आप दो नैनो सिम कार्ड्स या एक सिम और एक मेमोरी कार्ड लगा सकते हैं. ये डिवाइस 5G के साथ-साथ सभी जरूरी कनेक्टिविटी फीचर्स जैसे Wi-Fi 6, Bluetooth 6.0 और NFC को भी सपोर्ट करता है.
कैमरा और बैटरी
फोटोग्राफी के लिए इस फोन के पिछले हिस्से पर डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें प्राइमरी कैमरा 50-मेगापिक्सल का है, जिसमें सोनी का एडवांस Sony LYTIA 710 सेंसर लगा है जो OIS (ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन) सपोर्ट और f/1.8 अपर्चर के साथ आता है. इसके साथ ही दूसरा 2-मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा और बेहतर लाइटिंग के लिए एक खास 3-इन-1 लाइट सेंसर दिया गया है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के शौकीनों के लिए फ्रंट में 32-मेगापिक्सल का शानदार सेल्फी कैमरा मिलता है.
Motorola Edge 70 Neo में 7,000mAh की बैटरी दी गई है. इसको चार्ज करने के लिए फोन के साथ 45W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. कंपनी का दावा है कि इससे ये फोन महज 27 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है. इसके अलावा ये फोन 7.5W की रिवर्स वायर्ड चार्जिंग और बाईपास चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है, जो गेमिंग के दौरान फोन को गर्म होने से बचाती है.
यह भी पढ़ें | WhatsApp Web चलाने वाले सवाधान! सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं, सरकार की चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं