यूरोपीय देश डेनमार्क और जर्मनी के बीच बाल्टिक सागर के नीचे-नीचे 18 किलोमीटर लंबी सुरंग बन रही है. इस सुरंग का नाम है फेहमार्नबेल्ट टनल (Fehmarnbelt Tunnel). 18 किमी लंबी यह इमर्स्ड टनल अपने आप में दुनिया की सबसे लंबी होगी. इस सुरंग के चौथे टनल एलिमेंट को अब लॉलैंड के दक्षिण में बनी टनल ट्रेंच (खाई) में उतार दिया गया है. इस तरह 18 किलोमीटर लंबी इस टनल का लगभग 900 मीटर का शुरुआती हिस्सा अपनी जगह पर लग चुका है. चौथे हिस्से के अपनी जगह पर लग जाने के बाद, अब सुरंग के पहले स्पेशल एलिमेंट को लगाने की बारी है, जो चार मंजिला इमारत के आकार का है.
यह फेहमार्नबेल्ट प्रोजेक्ट यूरोप के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है. कमाल की बात है कि इस सुरंग में कार और ट्रेन दोनों गुजरेंगे.
खास तकनीक से बन रही सुरंग
डेनमार्क और जर्मनी के बीच बनने वाली 18 किलोमीटर लंबी यह सुरंग दुनिया की सबसे लंबी इमर्स्ड सुरंग होगी. इमर्स्ड सुरंग यानी पानी के अंदर डुबोकर बनाई जाने वाली सुरंग. इसे बनाने का तरीका आम सुरंगों से काफी अलग होता है. फेहमार्नबेल्ट टनल में यही तकनीक इस्तेमाल हो रही है.
फेहमार्नबेल्ट सुरंग का निर्माण 2020 में डेनमार्क की तरफ और 2021 में जर्मनी की तरफ शुरू हुआ था.
इस तकनीक में सबसे पहले समुद्र की तलहटी में एक लंबी और गहरी खाई खोदी जाती है. फिर जमीन पर विशाल कंक्रीट के हिस्से तैयार किए जाते हैं. फेहमार्नबेल्ट टनल में एक सामान्य हिस्सा करीब 217 मीटर लंबा है और ऐसे कुल 79 विशाल कंक्रीट एलिमेंट जोड़ा जाएगा. बेसमेंट वाले 10 छोटे स्पेशल एलिमेंट भी होंगे. फिर इन हिस्सों को पानी में तैराकर निर्माण स्थल तक लाया जाता है. फिर नियंत्रित तरीके से समुद्र की तलहटी में खोदी गई खाई में डुबोया जाता है. सभी हिस्सों को आपस में जोड़कर सील किया जाता है और ऊपर से मिट्टी व पत्थर डालकर ढक दिया जाता है.
यानी समुद्र के अंदर चट्टान खोदकर सुरंग नहीं बनाई जा रही, बल्कि तैयार कंक्रीट के विशाल हिस्सों को पानी में डुबोकर जोड़ा जा रहा है.
7 मिनट में एक देश से दूसरे देश पहुंचेंगे लोग
फेहमार्नबेल्ट लिंक स्कैंडिनेविया और शेष यूरोप के बीच के जुड़ाव को मजबूत करेगा. यह प्रोजेक्ट इसलिए खास है क्योंकि समुद्र के नीचे एक ही सुरंग में सड़क और रेलवे दोनों होंगे. इस सुरंग में चार लेन की सड़क और दो इलेक्ट्रिफाइड रेलवे लाइने होंगी. इसके तैयार होने के बाद ट्रेन से दोनों देशों के बीच का सफर करीब 7 मिनट का होगा जबकि कार से लोग 10 मिनट में सफर कर पाएंगे. हैम्बर्ग से कोपेनहेगन तक ट्रेन का सफर पांच घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे का रह जाएगा.
यह पूरा प्रोजेक्ट लगभग 8 अरब डॉलर का है. शुरुआत में इस सुरंग को 2029 में खोला जाना तय था. लेकिन प्रोजेक्ट की मालिक, डेनमार्क की सरकारी कंपनी फेमर्न A/S का कहना है कि प्लान कम से कम 2 साल पीछे चल रहा है और टनल के रोड और रेल वाले हिस्से दो अलग-अलग चरणों में खुलेंगे. जर्मनी के साथ हुई एक संधि के आधार पर, डेनमार्क इस प्रोजेक्ट की पूरी फाइनेंसिंग संभाल रहा है. प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग, सरकारी गारंटी वाले लोन और EU सब्सिडी से की जा रही है. एक बार सुरंग खुल जाने के बाद, टोल और ट्रैक एक्सेस शुल्क से होने वाली कमाई का इस्तेमाल लोन चुकाने के लिए किया जाएगा. इस लोन को चुकाने में लगभग 36 साल लगेंगे. इस मॉडल को 'यूजर फाइनेंसिंग' कहा जाता है: यानी जो लोग इस लिंक का इस्तेमाल करते हैं, वे ही इसके लिए भुगतान भी करते हैं.
यह भी पढ़ें | बुलेट ट्रेन से पहले मुंबई में 70 हजार करोड़ का 'पाताल लोक', 31 KM की सुरंग से जुड़ेंगे एक्सप्रेसवे-एयरपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं