सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर कल यानी 25 अगस्त 2026 को एक बड़ा स्कैम हो गया. लाखों लोगों ने अपने पैसे स्कैमर्स के हाथों गंवा दिए. जिसकी वजह से अब यूजर्स नाराज हो गए हैं. चलिए आपको पूरी बात बताते हैं. Instagram पर एक अकाउंट बनाया गया. जिससे दावा किया गया है कि 25 अगस्त को कुछ बड़ा खुलासा होने वाला है. इस दावे ने लोगों के मन में हलचल पैदा कर दी और देखते-देखते इस अकाउंट को 4 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करने लगे.
इस Instagram अकाउंट का नाम 25 August 2026 रखा गया था. हालांकि, अब स्कैम करने के बाद अकाउंट को बंद कर दिया गया है. इस अकाउंट को कुछ समय पहले बनाया गया था. इस अकाउंट से कुछ समय तक रील्स पोस्ट की गईं. इन रील्स में क्रिएटर 25 अगस्त को कुछ बड़ा रिवील करने की बात कह रहा था. क्रिएटर्स ने दावा किया कि इसे देखने के बाद दर्शकों को पछतावा नहीं होगा. साथ ही, लोगों से उसके चैनल को फॉलो करने के लिए कहा. ये वीडियो काफी वायरल हुए. लोग अकाउंट बनाने वाले की बातों में आ गए. लेकिन, असली खेल 25 अगस्त को हुआ.
स्कैमर्स को 8.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन
कल यानी 25 अगस्त को जब यूजर्स अकाउंट पर जाकर जानना चाह रहे थे कि क्या बड़ा रिवील होने वाला है. यूजर्स को उस अकाउंट पर कुछ स्टोरीज मिलीं. जिसमें एक टेलीग्राम लिंक दिया गया था. टेलीग्राम लिंक पर जाने ेके बाद उनसे सीक्रेट रिवील करने के बदले स्टार्स भेजने को कहा गया. टेलीग्राम पर स्टार्स की कीमत लगभग 500 रुपये थी. दावों के अनुसार, लगभग 1 लाख 66 हजार लोगों ने इन स्टार्स को क्रिएटर्स को भेज दिया. यानी स्कैमर को करीब 8.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ.
कंटेंट में कुछ भी नया नहीं
यूजर्स के दावों के अनुसार, आगे कहा गया है कि पेमेंट किए जाने के बाद वादा किया गया कंटेंट रिलीज कर दिया गया. हालांकि, जिस बड़े खुलासे को लेकर इतना हाइप बनाया गया था, उसकी जगह एक मोटिवेशनल वीडियो सामने आया. जिसमें कहा जा रहा था समय को बर्बाद न करें. इसके बाद ये मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया. हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है कि क्या 1 लाख 66 हजार लोगों ने वीडियो देखने के लिए पैसे भेजे थे या नहीं. लेकिन, अगर ये सच है तो एक बड़ा स्कैम लोगों के साथ 25 अगस्त को हो गया.
डिजिटल वर्ल्ड में आपको हमेशा सतर्क रहने की जरूरत है. खासतौर पर अनजान क्रिएटर्स या व्यक्ति कोई ऐसा भ्रामक दावा करता है तो आपको उसकी बातों को सीरियसली लेने की जरूरत नहीं है. अगर कोई पैसे की डिमांड करता है तो ऑफर चाहे कितने भी लुभावने क्यों न हो, पैसे न भेजें.
ये भी पढ़ें- YouTube को पटकने की तैयारी में Bilibili, 1000 व्यूज पर दे रहा है 60 रुपये, भारत में कब होगा लॉन्च?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं