अगर आप भविष्य में Apple का iPhone, Mac, iPad या Apple Watch खरीदने के बजाय Lease Program के तहत मासिक शुल्क देकर इस्तेमाल करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए यह खबर काफी जरूरी है. एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर यूजर समय पर किस्त नहीं चुकाता है, तो Apple उस डिवाइस के कई फीचर्स और ऐप्स का इस्तेमाल सीमित कर सकता है. यह जानकारी iOS 27 Beta में मिले कोड के आधार पर सामने आई है, हालांकि कंपनी ने अभी तक इस फीचर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
iOS 27 Beta में मिला नया सिस्टम
9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक, iOS 27 Beta में App Managed Features नाम का एक नया फ्रेमवर्क देखा गया है. यह सिस्टम किसी ऑथोराइज्ड फाइनेंसिंग या लीजिंग ऐप को iPhone को रजिस्टर करने और समय-समय पर उसकी स्थिति की जांच करने की सुविधा देता है. रिपोर्ट के अनुसार, अगर लीज कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों का पालन नहीं किया जाता है, जैसे कि समय पर भुगतान नहीं करना, तो यह सिस्टम डिवाइस की कई सुविधाओं पर रोक लगाने में सक्षम हो सकता है.
Apple का नया Lease Program
कुछ दिन पहले Bloomberg की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि Apple 28 जुलाई से अमेरिका में Apple Upgrade नाम का नया Lease Program शुरू करने की तैयारी कर रहा है.
इस योजना में ग्राहक iPhone, Mac, iPad और Apple Watch जैसे Apple डिवाइस खरीदने के बजाय हर महीने एक तय शुल्क देकर इस्तेमाल कर सकेंगे. यह व्यवस्था काफी हद तक कार लीज की तरह होगी. लीज अवधि पूरी होने पर ग्राहक डिवाइस वापस कर सकते हैं या अतिरिक्त शुल्क देकर नया मॉडल ले सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone और Apple Watch के लिए लीज अवधि 24 महीने होगी, जबकि Mac और iPad के लिए यह अवधि 36 महीने रखी जाएगी.
भुगतान नहीं करने पर Restricted Mode
रिपोर्ट के अनुसार, अगर कोई ग्राहक समय पर भुगतान नहीं करता है या किसी अन्य वजह से उसका लीज कॉन्ट्रैक्ट नियमों के अनुरूप नहीं रहता, तो Apple डिवाइस पर Restricted Mode लागू किया जा सकता है. इस स्थिति में डिवाइस के अधिकांश ऐप्स का इस्तेमाल बंद हो सकता है. हालांकि कुछ जरूरी ऐप्स पहले की तरह काम करते रहेंगे ताकि यूजर आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बना सके.
कौन-कौन से ऐप्स चलते रहेंगे?
iOS 27 Beta में मिले कोड के मुताबिक Restricted Mode के दौरान Accessibility Reader, App Store, Health, Magnifier, Phone, Clock, Settings, Wallet, Passwords और Restricted Mode इंटरफेस जैसे जरूरी ऐप्स उपलब्ध रह सकते हैं. इसके अलावा Messages, Home और कुछ स्वास्थ्य या सुरक्षा से जुड़े ऐप्स भी चालू रह सकते हैं, लेकिन किन ऐप्स को अनुमति मिलेगी, इसका अंतिम फैसला फाइनेंसिंग कंपनी की नीति पर निर्भर करेगा.
App Subscription और नया Finance Lock
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर किसी ऐप पर रोक लग जाती है, तब भी उससे जुड़ी App Store Subscription अपने आप बंद नहीं होगी. यानी ऐप इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे, लेकिन उसका सब्सक्रिप्शन शुल्क जारी रह सकता है.
कोड में Partner Finance Lock नाम का एक नया सिस्टम भी देखा गया है. इसका उद्देश्य यूजर को डिवाइस को रीसेट करके बेचने या उसके पार्ट्स निकालने से रोकना है. यह सिस्टम Apple के Find My फ्रेमवर्क के साथ जुड़ा होगा, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक फाइनेंसिंग कंपनी को डिवाइस की लोकेशन की जानकारी नहीं मिलेगी. इसका इस्तेमाल केवल फाइनेंस लॉक को सक्रिय बनाए रखने के लिए किया जाएगा.
फिलहाल यह सभी जानकारी iOS 27 Beta में मिले कोड पर आधारित है. Apple ने अभी तक इन फीचर्स की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, इसलिए सार्वजनिक रिलीज से पहले इनमें बदलाव भी संभव है.
यह भी पढ़ें: Maruti Suzuki Brezza Facelift लॉन्च, नया Turbo इंजन और 5-स्टार BNCAP सेफ्टी, जानें कीमत और फीचर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं