विज्ञापन

नाबालिग बेटी से 3 साल तक दुष्कर्म, दो बार हुई गर्भवती; डिलीवरी कराकर नवजात को बेचा; पिता-बुआ समेत 8 गिरफ्तार

पीड़िता ने बाद में सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां से संपर्क किया और पूरी बात बताई. मां सोमवार को उसे थाने ले गईं और शिकायत दर्ज हुई. इसके बाद कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

नाबालिग बेटी से 3 साल तक दुष्कर्म, दो बार हुई गर्भवती; डिलीवरी कराकर नवजात को बेचा; पिता-बुआ समेत 8 गिरफ्तार
रायपुर में पिता पर नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप.
  • पिता नाबालिग बेटी का 2023 से कर रहा था शोषण, दो बार गर्भवती हुई.
  • पहली बार में कराया गर्भपात, दूसरी बार में बच्चे को दिया जन्म.
  • आरोपी ने अपनी बहन के साथ मिलकर बच्चे को बेचा, पीड़िता को दी थी जान से मारनी की धमकी.

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि पिता ने अपनी नाबालिग बेटी से कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई और एक बच्चे की मां भी बन गई. इसके बाद उसने बेटी के नवजात को बेच दिया. इस पूरे मामले में आरोपी पिता का साथ नाबालिग की बुआ, एक नर्स समेत आठ लोगों ने दिया, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना जानने के बाद हर कोई सन्न रह गया है.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग का कथित शोषण 2023 से शुरू किया था. उस समय आरोपी की पत्नी उससे अलग हो गई थी और अपनी तीनों बेटियां उसके पास छोड़ गई.

3 साल से करता आ रहा दुष्कर्म

पुलिस को दी गई शिकायत में बताया, आरोपी पिता (38) ने 2023 में रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर पुलिस थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर पर तीन बहनों में सबसे बड़ी लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. उसने लड़की को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह उसे मार डालेगा.

इस दौरान आरोपी नाबालिग बेटी की दुष्कर्म करता रहा और वह गर्भवती हो गई. जब लड़की ने अपनी बुआ को गर्भावस्था के बारे में बताया कि तो बुआ ने उसके पिता को जानकारी दे दी. इसके बाद पिता ने बुआ की मदद से मारपीट कर गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे गर्भपात हो गया.

गर्भपात के बाद भी जारी रखी दरिंदगी

आरोप है कि इसके बाद भी पिता ने नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म जारी रखा और 2025 में फिर से गर्भवती हो गई. इसके बाद वह उसे वर्षा मंडल नाम की एक नर्स के घर ले गया. नर्स ने आरोपी पिता को भरोसा दिया कि वह उसकी बेटी को अपने पास रखेगी और सुरक्षित प्रसव का इंतजाम करेगी.

इसके बाद वर्षा ने अपनी जान-पहचान वाली दूसरी नर्स गीता राय के घर लड़की को भेज दिया. यहां पीड़िता लगभग दो महीने तक रही.

गीता ने फर्जीवाड़ा कर अस्पताल में कराया भर्ती

पुलिस ने बताया कि गीता ने कथित तौर पर लड़की की उम्र छिपाई, उसे बालिग और शादीशुदा बताया और आधार कार्ड समेत नकली कागजात का इस्तेमाल कर रायपुर के डंगनिया इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, इसके बाद लड़की ने सर्जरी के जरिए एक लड़के को जन्म दिया.

उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद डॉक्टर, लड़की के पिता और दूसरे आरोपियों ने कथित तौर पर नवजात बच्चे को किसी और व्यक्ति को बेच दिया. प्रसव के बाद नाबालिग को लगभग 15 दिनों तक गीता राय के घर पर रखा गया और बाद में आरोपी उसे घर वापस ले आया.

सोशल मीडिया के जरिए मां से संपर्क किया

बाद में पीड़िता ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां से संपर्क किया और उन्हें अपनी आपबीती सुनाई. पुलिस ने बताया कि सोमवार को उसकी मां उसे थाने ले गई, जिसके बाद शिकायत दर्ज की गई. फिर न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने कई धाराओं में आरोपी और उसका साथ देने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

ये लोग हैं आरोपी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में पीड़िता के पिता और बुआ, रोहित कुमार राय (35), उसकी पत्नी योगिता राय उर्फ गीता (32), एक निजी हॉस्पिटल के सुपरवाइज़र साहेब मंडल (42), उसकी पत्नी वर्षा मंडल (34), नवजात बच्चे को कथित तौर पर खरीदने वाला व्यक्ति और एक अन्य महिला शामिल हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच की जा रही है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Father Daughter, Newborn Sold, Raipur Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com