विज्ञापन
This Article is From May 08, 2016

विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने हासिल किया ओलिंपिक कोटा, अब रियो में लगाएंगी दांव-पेंच

विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने हासिल किया ओलिंपिक कोटा, अब रियो में लगाएंगी दांव-पेंच
सांकेतिक तस्वीर
इस्तांबुल: विनेश फोगाट ने गोल्ड मेडल जीता और साक्षी मलिक के साथ शनिवार को इस्तांबुल में दूसरे विश्व ओलिंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में इतिहास रचते हुए देश के लिए ओलिंपिक कोटा हासिल करने में सफल रही। इसके साथ ही पहली बार भारत की दो महिलाओं ने ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

विनेश ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला 48 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीता जबकि साक्षी को 58 किग्रा के फाइनल में हार के कारण सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। दोनों ने रियो ओलिंपिक के लिए भारत को कोटा दिलाया।

पहली बार दो महिला पहलवान ओलिंपिक में
पहली बार भारत की दो महिला पहलवानों ने ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई किया है। लंदन ओलिंपिक 2012 में गीता फोगाट भारत की एकमात्र महिला पहलवान थी। इसके अलावा यह पहला मौका है जब ओलिंपिक में तीनों प्रारूपों पुरूष फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन तथा महिला कुश्ती में भारत का प्रतिनिधत्व होगा।

मेडल हासिल करने से पहले ही विनेश और साक्षी ने फाइनल में जगह बनाकर ओलिंपिक के लिए कोटा हासिल कर लिया था। इस्तांबुल में चल रही प्रतियोगिता ओलिंपिक के लिए अंतिम क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है और प्रत्येक भार वर्ग में शीर्ष दो पहलवानों को ओलिंपिक कोटा मिलना है।

शनिवार के दो कोटा के साथ भारत ने कुश्ती में छह ओलिंपिक कोटा हासिल कर लिए हैं। विनेश का यह प्रदर्शन इसलिए भी शानदार है, क्योंकि मंगोलिया में पिछले क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में उन्हें 400 ग्राम वजन अधिक होने के कारण अयोग्य घोषित किया गया था।

लगातार बड़े अंतर से जीतकर फाइनल तक पहुंची विनेश
विनेश को इसके बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था और उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ को इस टूर्नामेंट से ओलिंपिक कोटा हासिल करने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा किया। आज विनेश के लिए शुरुआती दौर आसान रहे। उन्होंने क्वालिफिकेशन बाउट में उक्रेन की नतालया पुल्कोवस्का को 10-0 से हराने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रांस की जूली मार्टिन सबाती को 11-0 से शिकस्त दी।

इस भारतीय पहलवान ने क्वार्टर फाइनल में कोरिया की युमी ली को 11-1 जबकि सेमीफाइनल में तुर्की की एविन देमिरहान को 12-2 से हराकर गोल्ड मेडल के मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल में भी विनेश को पोलैंड की इवोना नीना मातकोवस्का को 6-0 से हराने में कोई परेशानी नहीं हुई।

गीता फोगाट की जगह उतरी साक्षी ने मौके को भुनाया
गीता फोगाट की जगह 58 किग्रा वर्ग में उतरने वाली साक्षी ने उन्हें मौका देने के फैसले को सही साबित किया। गीता को अस्थाई तौर पर निलंबित किया गया है।

साक्षी ने स्पेन की इरीन गार्सियसा गारिडो को 10-0 से हराने के बाद क्वार्टर फाइनल में रोमानिया की झीदाचेवस्का कैटरीना को 12-2 से हराया। उन्होंने इसके बाद करीबी सेमीफाइनल में चीन की लैन झांग को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

इस 23 वर्षीय भारतीय पहलवान को हालांकि फाइनल में रूस की वालेरिया कोबलोवा के खिलाफ 3-7 से शिकस्त के कारण सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

शिल्पी शेरोन ब्रॉन्ज मेडल का मैच हार गई
दूसरी तरफ 63 किग्रा वर्ग में शिल्पी शेरोन को ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में वेनेजुएला की नताली जोसेफीना ग्रीमान हरेरा के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। शिल्पी ने लीडी मार्सेला इजक्वियेडरे मेंडेज के खिलाफ अपना रेपेशेज मुकाबला 6-4 से जीतकर ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में जगह बनाई थी।

शिल्पी को प्रीक्वार्टर फाइनल में हेना कटरीना योहानसन के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने स्वीडन की खिलाड़ी के फाइनल में पहुंचने पर रेपेशेज राउंड में जगह बनाई। ललिता (53 किग्रा), गीतिका जाखड़ (69 किग्रा) और किरण (75 किग्रा) हालांकि शुरुआती चरणों में ही हार गईं।

ललिता को क्वालिफिकेशन में नतालिया बुडु के खिलाफ 2-4 से शिकस्त झेलनी पड़ी, जबकि गीतिका को प्री क्वार्टर फाइनल में अमेरिका का तमाइरा मरियमा मेनसाह ने 5-0 से हराया। किरण को अजरबेजान की गोजाल जुतोवा ने क्वालीफायर में 2-0 से शिकस्त दी।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विनेश फोगाट, गोल्ड मेडल, साक्षी मलिक, इस्तांबुल, ओलिंपिक, क्वालिफाई, Wrestlers, Vinesh Phogat, Sakshi Malik, 2016 Rio Olympics, Rio 2016 Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com