बॉलीवुड में कई ऐसी लव स्टोरीज हैं, जो वक्त के साथ और भी खूबसूरत होती चली गईं. अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी भी उन्हीं में से एक है. दोनों की शादी को पांच दशक से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन आज भी उनकी जिंदगी से जुड़े छोटे-छोटे किस्से लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा हाल ही में अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर सुनाया. दरअसल, शो में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अपनी फिल्म ‘रामायण' के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे.
बातचीत के दौरान रणबीर ने अमिताभ और जया की लंबाई के अंतर का जिक्र किया. इसी बात पर अमिताभ को अपने पुराने दिनों की एक मजेदार बात याद आ गई. अमिताभ ने बताया कि जया उन्हें कई सालों तक प्यार से ‘लंबू जी' कहकर बुलाया करती थीं. इसकी वजह भी साफ थी. अमिताभ की लंबाई करीब 6 फीट 2 इंच है, जबकि जया उनसे काफी छोटी हैं. ऐसे में उनका यह निकनेम दोनों के बीच प्यार भरी छेड़छाड़ का हिस्सा बन गया था.
लेकिन इस नाम से अमिताभ के पिता और मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन खुश नहीं थे. अमिताभ ने बताया कि एक दिन उनके पिता ने जया से कहा, ‘देखो, इसे ऐसे मत बुलाओ. या तो इसका नाम लो या कुछ और कहकर बुलाओ.' इसके बाद जया ने उन्हें अमिताभ और अमित जी कहकर बुलाना शुरू कर दिया.
इस छोटे से किस्से के पीछे दोनों की एक लंबी प्रेम कहानी भी छिपी है. अमिताभ और जया की पहली मुलाकात साल 1971 में ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म ‘गुड्डी' के सेट पर हुई थी. जया उस वक्त फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही थीं. अमिताभ भी इस फिल्म का हिस्सा बनने वाले थे, लेकिन बाद में उनकी जगह धर्मेंद्र को ले लिया गया. हालांकि, इसी फिल्म के दौरान दोनों की जान-पहचान हुई.
इसके बाद दोनों ने ‘एक नजर' और ‘जंजीर' जैसी फिल्मों में साथ काम किया. बताया जाता है कि ‘जंजीर' की सफलता के बाद दोनों ने दोस्तों के साथ लंदन जाने का प्लान बनाया था. जब अमिताभ ने यह बात अपने पिता को बताई, तो उन्होंने शादी करने के बाद ही जाने की सलाह दी. आखिरकार 3 जून 1973 को दोनों ने शादी कर ली. इसके बाद ‘अभिमान', ‘चुपके-चुपके', ‘मिली' और ‘शोले' जैसी फिल्मों में इस जोड़ी की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं