विज्ञापन
This Article is From Sep 09, 2016

अमेरिकी ओपन : फाइनल में पहुंचीं एंजेलिक कर्बर, वर्ल्ड नंबर-1 बनना तय

अमेरिकी ओपन : फाइनल में पहुंचीं एंजेलिक कर्बर, वर्ल्ड नंबर-1 बनना तय
एंजेलिक कर्बर (फाइल फोटो)
न्यूयार्क: जर्मनी की महिला टेनिस खिलाड़ी एंजेलिक कर्बर ने अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल मुकाबले में कैरोलीन वोज्नियाकी को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया. इसी वर्ष ऑस्ट्रेलियन ओपन में करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली कर्बर के लिए शुक्रवार का दिन दोहरी सफलता वाला रहा. एक अन्य सेमीफाइनल मैच में अमेरिकी दिग्गज सेरेना विलियम्स की हार के साथ कर्बर का विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचना भी पक्का हो गया.

कर्बर ने आर्थर ऐश स्टेडियम में वोज्नियाकी को 6-4, 6-3 से मात देकर फाइनल में कदम रखा. महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) वेबसाइट 'डब्ल्यूटीएटेनिस डॉट कॉम' की रिपोर्ट के अनुसार, सेमीफाइनल जीतने के बाद कर्बर ने कहा, "कोर्ट पर जाना आसान नहीं था, क्योंकि मुझे पता चल गया था कि सेरेना अपना मुकाबला हार चुकी हैं और निश्चित तौर पर अब मैं विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर रहूंगी."

कर्बर ने कहा, "मानसिक तौर पर यह आसान नहीं है, लेकिन मैं अपने आप पर कम से कम दबाव रखने की कोशिश कर रही थी."

जर्मनी की टेनिस खिलाड़ी ने आक्रामक शुरुआत की और पहले सेट में 4-0 से बढ़त ले ली. वोज्नियाकी ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन अंतत: केर्बर मैच जीतने में सफल रहीं. कर्बर ने कहा कि उन्होंने हमेशा से शीर्ष स्थान प्राप्त करने का सपना देखा था. उन्हें अब अच्छा लग रहा है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एंजेलिक कर्बर, यूएस ओपन, अमेरिकी ओपन, सेरेना विलियम्स
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com