- संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू होकर चार दिनों तक चलेगा, जिसमें मुख्य एजेंडा परिसीमन बिल है
- लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी, विधायी कामकाज 11:20 बजे से होने की उम्मीद है
- सोमवार को असम के नागांव लोकसभा सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद देवाशीष शर्मा शपथ लेंगे
संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है. यह सत्र इसलिए खास होने वाला है, क्योंकि इसका मुख्य एजेंडा परिसीमन बिल है. इस बिल को अप्रैल में भी पेश किया गया था, लेकिन दो-तिहाई बहुमत नहीं होने के कारण पास नहीं हो पाया था. अब सरकार को उम्मीद है कि संसद में बिल को पास कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा.
संसद का यह विशेष सत्र चार दिनों का होगा. 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा जबकि 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा का सत्र चलेगा.
सत्र से पहले लोकसभा का सोमवार का एजेंडा सामने आ गया है. इसके मुताबिक, सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हो जाएगी. लेजिस्लेटिव बिजनेस यानी विधायी कार्यवाही 11:20 बजे से शुरू होने की उम्मीद है.
क्या है लोकसभा का एजेंडा?
लोक सभा सचिवालय ने सोमवार को होने वाली लोकसभा की कार्यवाही का पूरा एजेंडा तैयार कर लिया है.
सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही सुबह ठीक 11 बजे शुरू होगी. सबसे पहले असम के नागांव (नगांव) लोकसभा सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद देवाशीष शर्मा शपथ लेंगे.
इसके बाद, 6 पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया जाएगा, और फिर 9 केंद्रीय मंत्री और जल संसाधन मामलों पर संसदीय समिति के सदस्य कुछ दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे.
यह भी पढ़ें | डीएमके लेगा बदला या खुद सोनिया गांधी, राहुल और खरगे की चेन्नई दौड़ से कुछ बदलेगा?
कब पेश होगा परिसीमन बिल?
विधायी कामकाज सुबह करीब 11:15 से 11:20 के आसपास शुरू होने की उम्मीद है.
सबसे पहले, गृह मंत्री अमित शाह 16 अप्रैल को पेश किए गए 'केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026' को वापस लेने का प्रस्ताव रखेंगे.
इसके बाद, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 'परिसीमन विधेयक, 2026' को वापस लेंगे, जिसे भी 16 अप्रैल को ही पेश किया गया था.
इसके बाद, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 'संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026' पेश करेंगे.
फिर, गृह मंत्री अमित शाह 'केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026' सदन में पेश करेंगे, और उसके बाद कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 'परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026' पेश करेंगे.
उसके बाद क्या?
लोकसभा में पेश किए जाने के बाद, इन तीनों बिलों- संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026; केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026; और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 - पर एक साथ चर्चा शुरू होगी और उन्हें पारित कराने की कोशिश होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं