विज्ञापन

32 गोल्ड मेडल, कुडो में भारत का बड़ा नाम बने सोहेल खान, मगर आर्थिक चुनौतियां नहीं छोड़ रहीं साथ

सोहेल खान मध्य प्रदेश के सागर के रहने वाले हैं जिन्होंने 25 राष्ट्रीय और 7 अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया है.

32 गोल्ड मेडल, कुडो में भारत का बड़ा नाम बने सोहेल खान, मगर आर्थिक चुनौतियां नहीं छोड़ रहीं साथ
कुडो खिलाड़ी सोहेल खान

भारतीय कुडो खिलाड़ी सोहेल खान इस समय देश के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहने वाले 26 वर्षीय सोहेल अब तक 32 गोल्ड मेडल जीत चुके हैं, जिनमें 25 राष्ट्रीय और 7 अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक शामिल हैं. उनके प्रदर्शन ने भारत में धीरे-धीरे पहचान बना रहे जापानी मार्शल आर्ट कुडो को चर्चा में ला दिया है. कुडो एक आधुनिक कॉम्बैट स्पोर्ट है, जिसकी शुरुआत जापान में हुई थी. इसमें कराटे, जूडो और अन्य फाइटिंग तकनीकों का मिश्रण देखने को मिलता है. स्ट्राइकिंग, थ्रो, ग्रैपलिंग और सबमिशन इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं. भारत में अभी इस खेल का दायरा सीमित है, लेकिन सोहेल जैसे खिलाड़ियों की सफलता इसकी लोकप्रियता बढ़ाने में मदद कर रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

सोहेल का सफर सागर से शुरू होकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा है. हालांकि मैदान पर मिली सफलता के बावजूद उनके सामने आर्थिक चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं. कुडो जैसे खेलों में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, उपकरण, यात्रा और प्रतियोगिताओं पर काफी खर्च करना पड़ता है.

खर्च जुटाना खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती

स्पोर्टस नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, सोहेल खान ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेने के लिए अब भी अपनी जेब से खर्च का इंतजाम करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप जैसे प्रमुख आयोजनों के लिए उन्हें सरकारी सहायता नहीं मिलती, जिसके चलते ट्रेनिंग, यात्रा और प्रतियोगिताओं से जुड़े खर्च जुटाना खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती बना रहता है.

भारत में कुडो को बढ़ावा देने में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार का भी योगदान रहा है. उनकी पहल से इस खेल को पहचान जरूर मिली, लेकिन खिलाड़ियों का मानना है कि खेल के विकास के लिए बेहतर सुविधाओं, कोचिंग और आर्थिक सहयोग की जरूरत है.

मध्य प्रदेश को देश में कुडो के उभरते केंद्रों में माना जा रहा है और सागर भी इस खेल का एक महत्वपूर्ण हब बनकर सामने आया है. ऐसे में सोहेल खान की उपलब्धियां न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सफलता की कहानी हैं, बल्कि भारतीय कुडो के बढ़ते कदमों का भी संकेत हैं. 32 गोल्ड मेडल जीत चुके सोहेल की कहानी यह भी बताती है कि उभरते खेलों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ बेहतर समर्थन और अवसरों की है.

यह भी पढ़ें | WBBL में ये क्या हुआ? स्ट्राइक पर बल्लेबाज नहीं, गेंदबाज ने गिल्ली उड़ाकर चटकाया विकेट, वीडियो वायरल

यह भी पढ़ें | 'व्हाइट-बॉल क्रिकेट 'बेतुके स्तर' पर पहुंच गया है', वैभव सूर्यवंशी के 204 रन देखकर मांजरेकर ने उठाए सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com