FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में स्पेन के हाथों हार के बाद अर्जेंटीना में दंगा भड़क उठा है. अर्जेंटीना के सबसे महान प्लेयर लियोनेल मेसी अपना अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेल रहे थे लेकिन वह लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने से चूक गए. अब अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स के ओबेलिस्क के पास फैन्स और दंगा-रोधी पुलिस के बीच झड़प हो गई है. पुलिस को भीड़ से खुद को बचाने के लिए ढाल का इस्तेमाल करना पड़ा. यहां से आई तस्वीरों में धुआं उठते भी दिखा, जिसका मतलब साफ था कि यहां आगजनी भी हुई है.


खुद को भीड़ के हमले से बचाती पुलिस
एक तस्वीर में पुलिस का जवान जमीन पर गिरे फैन पर लाठी चलाता भी दिखा.
मुकाबले के बाद मैदान पर भी भिड़े स्पेन-अर्जेंटीना के खिलाड़ी
स्पेन ने फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. हालांकि, मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर एक-दूसरे से भिड़ गए. अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो पेरेडेस हार के बाद खुद पर काबू नहीं रख सके और वह स्पेन के खिलाड़ियों संग मारपीट करते हुए दिखाई दिए. फाइनल मैच की आखिरी सीटी बजने के बाद अर्जेंटीना के डिफेंडर नहुएल मोलिना ने स्पेन के एक खिलाड़ी के पेट में मुक्का मारा. वहीं, मिडफील्डर पेरेडेस को स्पेन के एरिक गार्सिया का गला पकड़कर धक्का देते हुए देखा गया, जिसके बाद अर्जेंटीना के हेड कोच स्कालोनी ने बीच-बचाव किया.
अर्जेंटीना पर एक और शर्मनाक हरकत का आरोप भी लगा, जब वर्ल्ड चैंपियन स्पेनिश खिलाड़ी अपने वर्ल्ड कप मेडल ले रहे थे, तो अर्जेंटीना के खिलाड़ी उनकी तरफ पीठ करके खड़े हो गए. 'टॉकस्पोर्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, जब स्पेनिश खिलाड़ी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी ट्रॉफी ले रहे थे, तब इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी स्टुअर्ट पियर्स अर्जेंटीना के खिलाड़ियों को देख रहे थे. पियर्स ने कहा, "जब स्पेन अपनी ट्रॉफी उठाने वाला था, तो अर्जेंटीना के सभी खिलाड़ी ट्रॉफी उठाने के समारोह की तरफ पीठ करके खड़े हो गए थे."
यह भी पढ़ें: 2 अरब लोगों ने देखा FIFA वर्ल्ड कप फाइनल, जितने की महंगी कार आएगी, उतने का बिका एक टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं