विज्ञापन

2 अरब लोगों ने देखा FIFA वर्ल्ड कप फाइनल, जितने की महंगी कार आएगी, उतने का बिका एक टिकट

FIFA World Cup 2026 फाइनल में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली है.

2 अरब लोगों ने देखा FIFA वर्ल्ड कप फाइनल, जितने की महंगी कार आएगी, उतने का बिका एक टिकट
FIFA World Cup 2026 फाइनल में फैंस का दिखा गजब का क्रेज (फोटो- AFP)

11 से 25 लाख रुपये में भारत में चमचमारी शानदार नई कार आ जाती है. लेकिन अमेरिका के न्यूयॉर्क में 82 हजार से अधिक फुटबॉल फैंस ने इतनी रकम सिर्फ 90 मिनट का मैच देखने के लिए खर्च कर दी. वजह थी स्पेन और अर्जेंटीना के बीच वर्ल्ड कप फाइनल, जो इन फैंस के लिए जिंदगी में सिर्फ एक बार मिलने वाला मौका था. खासकर अर्जेंटीना के फैंस, जो लियोनेल मेसी के आखिरी वर्ल्ड कप मैच के गवाह बनना चाहते थे. भले यह मुकाबला 1-0 से जीतकर स्पेन की टीम दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बन गई, लेकिन अर्जेंटीना के फैंस के लिए यह मौका यादगार बन गया. टिकट, जर्सी और बीयर... स्टेडियम के अंदर हर चीज पर लोग दिल खोलकर पैसा लुटा रहे थे. बाहर 2 अरब लोग टीवी से चिपके हुए थे.

टिकट की बेतहाशा कीमत

39 दिनों और 104 मैचों के बाद, फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की ट्रॉफी की जंग न्यूयॉर्क के ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में हुई. 82 हजार से अधिक लोग स्टेडियम के अंदर बैठे हुए थे और लाखों की भीड़ स्टेडियम के बाहर थी, टिकट नहीं मिल पाया था. टिकट की कीमतें हजारों डॉलर होने के बावजूद, फुटबॉल की दो सबसे बड़ी ताकतों के बीच हुए इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए फैंस काफी पैसे खर्च करने को तैयार थे. ये टिकट-होल्डर्स अपनी जिंदगी में एक बार मिलने वाले इस यादगार लम्हे को मिस नहीं करना चाहते थे. खासकर अर्जेंटीना के फैंस जिनमें से अधिकतर ने माराडोना को खेलते तो नहीं देखा था लेकिन लियोनेल मेसी जैसे सदियों में एक बार आने वाले प्लेयर के आखिरी वर्ल्डकप मैच को देखने का मौका नहीं गंवाना चाहते थे.

वर्ल्ड कप फाइनल के टिकट हजारों डॉलर में बिक रहे थे. मैच वाले दिन सुबह भी FIFA के पास 10,990 डॉलर की लिस्ट प्राइस वाले टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध थे. यह नॉर्मल सीटें थीं. भारतीय करेंसी में यह रकम लगभग 11 लाख रुपए के आसपास बैठती है. यानी जितने में हम और आप मारुति सुजुकी बलेनो और टाटा पंच जैसी कार ले लें, उतनी कीमत की तो टिकट लेकर फैंस मैच देख रहे थे. मेटलाइफ स्टेडियम के सेक्शन 115A के लिए सबसे महंगा टिकट 28,479 डॉलर का था. भारतीय करेंसी में यह रकम 27 लाख रुपए के आसपास बैठती है.

करीब 27 लाख रुपये में भारत में टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी दमदार SUV या महिंद्रा XEV 9e जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV खरीदी जा सकती है, लेकिन इतने पैसों में फैंस ने सिर्फ एक वर्ल्ड कप फाइनल का टिकट खरीद लिया.

स्टेडियम में बने मर्चेंडाइज कियोस्क पर भी जबरदस्त भीड़ थी, जहां टीमों की जर्सी $130 में बिक रही थीं (यानी 1.25 लाख रुपए से भी महंगी. ये फैंस 18 डॉलर (लगभग 1800 रुपए) की बीयर खरीदने के लिए लाइन में खड़े थे, खैर वह मैच के महंगे टिकट के सामने बहुत मामूली रकम लग रही थी.

लगभग 2 अरब लोगों ने देखा फाइनल

न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार लगभग 2 अरब लोगों ने टीवी के जरिए यह फाइनल मुकाबला देखा. अगर फीफा के पिछले फाइनल मुकाबलों से इसकी तुलना करें तो इस बेतहाशा क्रेज का पता चलता है. 2022 में कतर में खेले गए फाइनल को दुनिया भर में 142.2 करोड़ लोगों ने देखा था. इसके बाद 2018 में रूस में हुए फाइनल को 112 करोड़, 2014 में ब्राजील में खेले गए फाइनल को 101.3 करोड़ और 2010 में दक्षिण अफ्रीका में हुए फाइनल को 90.96 करोड़ दर्शकों ने देखा था.

यानी मैच खत्म होने के बाद भले स्पेन के खिलाड़ियों के हाथ में वर्ल्ड कप की ट्रॉफी थी, लेकिन हजारों फैंस के हाथ में इतिहास का टुकड़ा- ऐतिहासिक मुकाबले का टिकट. स्टेडियम से लौटे इन 82 हजार फैंस के लिए सबसे बड़ी याद यही थी कि वे फुटबॉल इतिहास के एक ऐसे पल के गवाह बने, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी.

यह भी पढ़ें: ट्रंप की भारी बेइज्जती- FIFA वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने की कोशिश की तो पूरा स्टेडियम विरोध में खड़ा हो गया- VIDEO

यह भी पढ़ें: स्पेन बना वर्ल्ड चैंपियन, 16 साल बाद खत्म हुआ इंतजार, फेरान टोरेस के गोल से अर्जेंटीना को हराया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FIFA World Cup 2026, Fifa World Cup 2026 Final, Fifa World Cup
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com