विज्ञापन
This Article is From Mar 28, 2018

बैडमिंटन: राष्‍ट्रमंडल खेलों के ठीक पहले चोटिल हुईं पीवी सिंधु, टखने में आई मोच

भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु को मंगलवार को अभ्यास के दौरान दाहिने पैर के टखने में मोच आ गई.

बैडमिंटन: राष्‍ट्रमंडल खेलों के ठीक पहले चोटिल हुईं पीवी सिंधु, टखने में आई मोच
पीवी सिंधु राष्ट्रमंडल खेलों में पदक की बड़ी दावेदार मानी जा रही हैं (फाइल फोटो)
  • हालांकि चोट गंभीर नहीं, जल्‍द अभ्‍यास पर लौटेंगी
  • गोल्‍ड कोस्‍ट में आयोजित होने हैं राष्‍टमंडल खेल
  • 2014 के राष्‍ट्रमंडल खेलों में कांस्‍य जीती थी सिंधु
नई दिल्ली: भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को मंगलवार को अभ्यास के दौरान दाहिने पैर के टखने में मोच आ गई. जानकारी के अनुसार, यह चोट गंभीर नहीं है और सिंधु जल्द ही अभ्यास पर लौटेंगी. रियो ओलिंपिक-2016 में रजत पदक विजेता सिंधु अगले महीने से शुरू हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में पदक की बड़ी दावेदार मानी जा रही हैं. राष्‍ट्रमंडल खेल 4 से 15 अप्रैल तक ऑस्‍ट्रेलिया के गोल्‍ड कोस्‍ट में आयोजित होने हैं.मंगलवार को हैदराबाद की गोपीचंद अकादमी में अभ्यास के दौरान सिंधु के पैर में मोच आ गई.

यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत की ध्वजवाहक होंगी सिंधु

सिंधु की मां पुसराला विजया ने फोन पर कहा, "यह बड़ी चोट नहीं है. मेडिकल टेस्ट में बताया गया है कि सिर्फ मोच है." उन्होंने कहा, "वह जल्‍द ही अभ्यास पर लौट सकती हैं." तीन बार विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली सिंधु ने 2014 में खेले गए राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था.

वीडियो: वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में मेडल जीतकर लौटी सिंधु
गौरतलब है कि महिला वर्ग में देश की नंबर एक खिलाड़ी सिंधु हाल ही में ऑल इंग्‍लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची थी, लेकिन फाइनल में पहुंचने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका था. बर्मिंघम में टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल में जापान की अकाने यामागुची ने सिंधु को बेहद कड़े मुक़ाबले में 21-19, 19-21, 18-21 से शिकस्त दी थी. सिंधु एक घंटे और 19 मिनट तक चले इस मैच में यमागुची से हारकर मुकाबले से बाहर हो गई थीं.  (इनपुट: आईएएनएस)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PV Sindhu, Injury, Commonwealth Games
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com