nVIDIA के CEO जेनसन हुआंग से कथित रिश्तों और चीनी एजेंट होने के आरोपों के बीच ऐलिस हुआंग इस विवाद से पहले भी चीन की वित्तीय दुनिया का एक जाना-पहचाना चेहरा थीं और कई साल तक ऐसे कारोबारी के साथ काम करती रहीं हैं जिस पर बाजार नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे और जिसे चीनी नियामकों की कार्रवाई का सामना करना पड़ा.
ऐलिस हुआंग ने चीन के हुनान प्रांत के एक ग्रामीण इलाके से निकलकर मीडिया, बैंकिंग, फाइनेंस और फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कारोबार तक का सफर तय किया. हाल के महीनों में उनका नाम उस वक्त सुर्खियों में आया जब उनकी कारोबारी गतिविधियों, चीन से कथित संबंधों और nVIDIA से जुड़े नेटवर्क को लेकर सवाल उठने लगे.
पत्रकारिता से फाइनेंस की दुनिया तक
ऐलिस हुआंग ने अपने करियर की शुरुआत चीन के सरकारी प्रसारक CCTV में पत्रकार के तौर पर की थी. इसके बाद वह हांगकांग चली गईं, जहां उन्होंने हांगकांग बैपटिस्ट यूनिवर्सिटी में मीडिया की पढ़ाई की. उनके साथ पढ़ने वाले लोगों ने उन्हें महत्वाकांक्षी, मिलनसार और अपने काम के प्रति गंभीर बताया है.
पढ़ाई के बाद उन्होंने HSBC में काम किया और फिर चीन की बड़ी निवेश बैंकिंग कंपनी Citic Securities से जुड़ गईं. यहां वह क्रेडिट ट्रेडिंग डिवीजन में काम करती थीं और धीरे-धीरे चीन की वित्तीय दुनिया में अपनी पहचान बनाने लगीं.
कांग वेई के साथ साझेदारी
साल 2015 में ऐलिस हुआंग ने निजी इक्विटी फर्म हेक्सी कैपिटल जॉइन की. इस कंपनी की स्थापना 2010 में चीनी निवेशक कांग वेई ने की थी. यही वह दौर था जब ऐलिस और कांग वेई न केवल कारोबारी साझेदार बने बल्कि दोनों के बीच निजी रिश्ते भी विकसित हुए.
चीन के वित्तीय हलकों में दोनों को एक प्रभावशाली जोड़ी माना जाता था. कुछ लोग उन्हें पति-पत्नी तक समझते थे. हेक्सी कैपिटल ने गेमिंग, टेक्नोलॉजी और बाद में डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश किया.
कांग वेई पर लगे आरोप और नियामकों की कार्रवाई
कांग वेई का रिकॉर्ड भी विवादों से छूटा नहीं रहा. चीन के प्रतिभूति नियामक ने उन पर 2018 और 2025 में दो बार जुर्माना लगाया. दोनों मामलों में कुल जुर्माना 29 लाख युआन यानी लगभग 4 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया.
आरोप था कि उन्होंने कई निवेश कंपनियों का इस्तेमाल करते हुए कुछ कारोबारों पर नियंत्रण हासिल किया, लेकिन इसकी जरूरी जानकारी नियामकीय नियमों के मुताबिक सार्वजनिक नहीं की. 2018 की कार्रवाई में हेक्सी कैपिटल से जुड़ी गतिविधियों का भी जिक्र किया गया था.
चीनी वित्तीय प्रकाशन Caixin की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल कांग वेई को कथित शेयर बाजार हेरफेर की जांच के संबंध में हिरासत में भी लिया गया था.
ऐलिस हुआंग ने हेक्सी कैपिटल कब छोड़ी, इसे लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आए हैं. कंपनी के एक प्रतिनिधि ने कहा कि उन्होंने 2017 में फर्म छोड़ दी थी. हालांकि उनसे मुलाकात करने वाले एक निवेशक का दावा है कि पिछले साल तक भी वह हेक्सी कैपिटल के बिजनेस कार्ड इस्तेमाल कर रही थीं. इससे उनके और कंपनी के रिश्तों को लेकर सवाल बने हुए हैं.
AI कारोबार में कैसे हुई एंट्री?
जब AI और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की मांग तेजी से बढ़ने लगी, तब ऐलिस हुआंग ने दक्षिण-पूर्व एशिया की ओर रुख किया.
अमेरिका ने चीन को nVIDIA के सबसे अपेडेटेड AI चिप्स की सीधी बिक्री पर कई प्रतिबंध लगाए हैं. इसके बाद चीन की कई कंपनियों ने सिंगापुर और मलेशिया में मौजूद डेटा सेंटरों से कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर लेने का रास्ता अपनाया.
इसी माहौल में 2023 में ऐलिस और उनके साझेदारों ने मेगीस्पीड नाम की सिंगापुर स्थित कंपनी का अधिग्रहण किया. यह पहले एक चीनी गेमिंग कंपनी की सहायक इकाई थी. बाद में इसका फोकस गेमिंग से हटाकर AI डेटा सेंटर कारोबार पर कर दिया गया. ऐलिस कंपनी की वरिष्ठ प्रबंधन टीम का हिस्सा बन गईं.
ऐलिस हुआंग से ऐलिस वोंग बनने तक
इसी दौरान ऐलिस ने अपना नाम बदलकर 'ऐलिस वोंग' इस्तेमाल करना शुरू किया. उनसे परिचित कुछ लोगों का मानना है कि यह कदम मेनलैंड चीन से अपनी पहचान को कम प्रमुख दिखाने की कोशिश हो सकता है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उनकी बहन हुआंग यू भी कई ऐसी कंपनियों में निदेशक और निवेशक रही हैं जिनका संबंध ऐलिस और कांग वेई के कारोबारी नेटवर्क से रहा.
निवेशकों के सामने nVIDIA और Alibaba का जिक्र
कांग वेई पर नियामकीय कार्रवाई के बावजूद ऐलिस उनके साथ काम करती रहीं. दोनों कथित तौर पर शंघाई के एक निजी क्लब में संभावित निवेशकों से मुलाकात करते थे और दक्षिण-पूर्व एशिया में AI डेटा सेंटर परियोजनाओं के लिए पूंजी जुटाने की कोशिश कर रहे थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की शुरुआत में उन्होंने निवेशकों के सामने यह बताया कि उनके पास nVIDIA के GPU हासिल करने की क्षमता और अलीबाबा से कारोबारी संपर्क हैं.
बताया गया है कि ऐलिस 2023 में मेगास्पीड और Nvidia के बीच हुई शुरुआती बैठकों में भी मौजूद थीं. हालांकि उस बैठक में nVIDIA के सीईओ जेनसन हुआंग शामिल नहीं थे.
मेगास्पीड के लिए अलीबाबा का महत्व भी काफी था. 2024 में अलीबाबा ने अपनी सिंगापुर स्थित इकाई के जरिए कंपनी को ऋण उपलब्ध कराया था.
जासूसी के आरोप और सिंगापुर की जांच
हाल के दिनों में ऐलिस हुआंग का नाम उस समय और ज्यादा चर्चा में आ गया जब उन पर चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय (MSS) से कथित संबंधों को लेकर सवाल उठे. रिपोर्ट के अनुसार, मेगीस्पीड से जुड़े एक व्यक्ति ने दावा किया कि इस साल MSS के लोगों ने उनसे संपर्क कर ऐलिस की कारोबारी गतिविधियों और संबंधों के बारे में पूछताछ की थी.
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया जब सिंगापुर की एजेंसियां मेगास्पीड की जांच कर रही थीं. जांच का केंद्र कथित तौर पर चीन को चिप तस्करी से जुड़े शक थे. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि ऐलिस हुआंग खुद किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने के संदेह के दायरे में थीं या नहीं.
दूसरी ओर, चीन के विदेश मंत्रालय ने जासूसी से जुड़े आरोपों को सिरे से खारिज किया है. मंत्रालय का कहना है कि ये आरोप बेबुनियाद हैं और चीन को बदनाम करने की कोशिश हैं. अक्टूबर 2025 में सिंगापुर की ओर से मेगीस्पीड पर जांच की घोषणा के बाद से ऐलिस हुआंग सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आई हैं. उनसे परिचित कुछ लोगों का मानना है कि वह संभवतः चीन लौट चुकी हैं, हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: nVIDIA में कौन तय करेगा जेनसेन हुआंग का भविष्य? दुनिया की सबसे ताकतवर AI कंपनी के बोर्ड पर टिकी सबकी निगाहें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं