विज्ञापन
This Article is From Oct 16, 2017

बैडमिंटन: डेनमार्क ओपन में पीवी सिंधु और साइना नेहवाल के सामने पहले ही दौर में कठिन चुनौती

डेनमार्क ओपन में भारत की बैडमिंटन स्‍टार पीवी सिंधु और साइना नेहवाल के सामने पहले ही दौर में कठिन चुनौती है.

बैडमिंटन: डेनमार्क ओपन में पीवी सिंधु और साइना नेहवाल के सामने पहले ही दौर में कठिन चुनौती
पीवी सिंधु को पहले दौर में 10वें नंबर की चेन युफेई से मुकाबला करना है (फाइल फोटो)
  • पहले दौर में वर्ल्‍ड नंबर 10 युफेई के सामने होंगी सिंधु
  • साइना को करना है कैरोलिना मॉरिन से मुकाबला
  • पुरुष वर्ग में श्रीकांत, साई प्रणीत और प्रणय भी खेलेंगे
ओडेंसे: डेनमार्क ओपन में भारत की बैडमिंटन स्‍टार पीवी सिंधु और साइना नेहवाल के सामने पहले ही दौर में कठिन चुनौती है. सिंधु को पहले दौर में दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन युफेई से मुकाबला करना है जबकि साइना, स्‍पेन की कैरोलिना मॉरिन से भिड़ेंगी. महिला वर्ग में सिंधु और पुरुष वर्ग में किदाम्‍बी श्रीकांत को टूर्नामेंट के प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है. ये दोनों ही खिलाड़ी जापान ओपन से जल्द बाहर होने का गम भुलाते हुए 750000 डॉलर इनामी राशि के इस प्रतियोगिता में भारत को अच्छी शुरुआत देने के इरादे से उतरेंगे.

रियो ओलिंपिक और वर्ल्‍ड चैम्पियनशिप की सिल्‍वर मेडलिस्‍ट सिंधु इस सत्र में शानदार फॉर्म में रही हैं और इंडिया ओपन तथा कोरिया ओपन खिताब अपने नाम कर चुकी हैं. सोल में पिछले महीने व्यस्त कार्यक्रम के बाद वह जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ जापान ओपन के दूसरे दौर में हार गई थीं.

यह भी पढ़ें : बॉलीवुड एक्‍ट्रेस श्रद्धा कपूर सीख रही हैं साइना नेहवाल से बैडमिंटन के गुर..

दूसरी वरीयता प्राप्त सिंधु तीन सप्ताह अभ्यास के बाद तरोताजा होकर आई हैं. वह पहले दौर में युफेइ से खेलेगी जिसे उन्‍होंने अगस्त में विश्व चैम्पियनशिप में हराया था. चीन की सातवीं वरीयता प्राप्त ही बिंगजियाओ सेमीफाइनल में सिंधु के सामने हो सकती है. बिंगजियाओ का सिंधु के खिलाफ रिकार्ड 5-4 का है. चोटों से उबरकर साइना नेहवाल पिछले 16 महीने में पहली सुपर सीरीज जीतने के इरादे से उतरेंगी. उन्‍होंने जून 2016 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीता था जिसके बाद वह घुटने की चोट का शिकार हो गईं.

वीडियो: वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में मेडल जीतकर लौटीं पीवी सिंधु
दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी साइना यहां पहले दौर में वह पूर्व वर्ल्‍ड नंबर वन कैरोलिना मॉरिन से खेलेगीं. दोनों का एक-दूसरे के खिलाफ रिकार्ड 4-4 का है लेकिन पिछली बार साइना ने दुबई विश्व सुपर सीरीज 2015 में मॉरिन को हराया था. पुरुष एकल में श्रीकांत खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेंगे जिन्होंने इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया में खिताब जीता है. दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ग्लासगो वर्ल्‍ड चैम्पियनशिप और जापान ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे. कल उनका सामना एक क्वालीफायर से होगा. बी साई प्रणीत और एचएस प्रणय ने भी सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है. प्रणय और प्रणीत का सामना पहले दौर में क्रमश: डेनमार्क के एमिल होस्ट और हैंस क्रिस्टियन विटिंगुस से होगा. सैयद मोदी ग्रां प्री गोल्ड जीतने वाले समीर वर्मा का सामना क्वालीफायर से होगा. (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Denmark Open, PV Sindhu, Saina Nehwal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com