प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आइची नागोया एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान ओलंपिक 2036 की मेजबानी के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत के सपने बड़े हैं और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी हर भारतीय के पास है. जापान में एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारे सपने बड़े हैं, हमारे संकल्प भी बड़े हैं लेकिन इन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी आज हर हिंदुस्तानी के पास है. इसलिये मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा.'
उन्होंने कहा, 'आपका उत्साह, आत्मविश्वास ही नये भारत की सबसे बड़ी ताकत है. इसी के साथ हमें भारत को नयी बुलंदियों तक पहुंचाना है. 2047 में विकसित भारत, ओलंपिक का आयोजन, नये खेलों में पदक, हम यह सारे लक्ष्य हासिल करेंगे.' उन्होंने एशियाई खेलों में मिले पदकों को करोड़ों भारतीयों की सफलता बताते हुए कहा, 'आप सभी युवा एथलीट इस बात के उदाहरण हैं कि जुनून जब जीत में बदलता है तो कैसे पदक के साथ चेहरे की चमक भी लेकर आता है. आपकी सफलता केवल आपकी नहीं बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है.'
इस मौके पर एशियाई खेलों में पहली बार एक साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीमों ने खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली स्टिक और जर्सी प्रधानमंत्री को भेंट की. लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतने वाली दोनों क्रिकेट टीमों ने भी जर्सी, तीरंदाजी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली कुमकुम मोहोद ने तीर और धनुष, स्वर्ण पदक विजेता गोल्फर प्रणवी उर्स ने गोल्फ बॉल और दस्ताने फ्रेम कराके प्रधानमंत्री को उपहार में दिये.
प्रधानमंत्री ने कहा, 'हमें खेलों में और भी बड़ी ऊंचाइयों तक जाना है. मैं आपको संकल्प कराना चाहता हूं कि हर मैदान पर तिरंगे की शान, खेलों में भारत की नयी पहचान, हर खेल में नये चैम्पियंस , हमारे नाम कई और नये रिकॉर्ड.' उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जिक्र करते हुए कहा कि हॉकी के प्रति उनका समर्पण और परिश्रम याद दिलाता है कि संकल्प और सपने एक दिन में पूरे नहीं होते.
उन्होंने कहा, 'इसके लिये वर्षों का धैर्य और लगातार परिश्रम अनिवार्य होता है. भारत ने भी बीते बारह वर्षों में बहुत धैर्य और परिश्रम के साथ अपने खिलाड़ियों और खेलों के इकोसिस्टम पर काम किया है. देश में यह बदलाव उसी भावना से आया है जिसकी बदौलत खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की है.'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हर खिलाड़ी को यह भरोसा रहता है कि उसके पूरे सफर में देश उसके साथ है और यह उसकी सफलता में अहम भूमिका निभाता है. उन्होंने एशियाई खेलों में युवाओं और महिला खिलाड़ियों खासकर स्वर्ण पदक विजेता महिला हॉकी टीम की खास तौर पर तारीफ की.
उन्होंने कहा, 'एशियाई खेलों में 15 और 17 साल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दिखाया कि सफलता के लिये उम्र बंदिश नहीं होती. मैं हमारी बेटियों की खास तौर पर सराहना करना चाहता हूं. भारत ने जो 85 पदक जीते हैं जिनमें से 38 महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं और इनमें 11 स्वर्ण शामिल हैं. ये पदक सिर्फ एक संख्या नहीं है बल्कि नये भारत की सतत तस्वीर है.'
उन्होंने कहा, 'महिला हॉकी टीम ने स्वर्ण लाकर 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया है. आज भारत ऐसे खेलों में भी पदक जीत रहा है जिनमें एशियाई खेलों में हमें पहले कभी पदक नहीं मिला था.'
उन्होंने खिलाड़ियों से युवाओं को प्रेरित करने का आहवान करते हुए कहा, 'जिन मैदानों पर आपने खेलना शुरू किया था, वहां जरूर जाइये. देश के युवाओं को आपसे केवल खेल की प्रेरणा नहीं मिलती बल्कि खेल हमें गिरकर फिर से खड़े होने, हारकर जीतने की सीख देते हैं. यही खिलाड़ी भावना जीवन भर काम आती है.'
इस मौके पर खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने पिछले बारह साल में भारतीय खेलों में आये बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल अब विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बन चुका है.
उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए कहा, 'आपने भारत में खेलों में 360 डिग्री बदलाव को हमेशा अपनी प्राथमिकता में रखा है. फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो भारत नीति, राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम आपके नेतृत्व में आया. कुछ समय पहले ही 36000 करोड़ रूपये की नयी खेलो इंडिया नीति को मंजूरी दी है जिससे साबित होता है कि खेल अब विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बन चुका है.'
उन्होंने कहा, 'हमारे खिलाड़ी आपको अपना परम मित्र मानते हैं और विश्वास दिलाते हैं कि 2028 ओलंपिक में भारत का गौरव बढाने के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे.'
इस मौके पर खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पी टी उषा, राष्ट्रीय खेल महासंघों के वरिष्ठ पदाधिकारी ,अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह भी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स के पदकवीरों से मिलेंगे पीएम मोदी, 85 पदक जीतकर लौटे भारतीय दल को करेंगे संबोधित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं