दिल्ली एनसीआर में आज फिर मौसम बदला नजर आया. आसमान में घिरे घने बादलों के बीच हल्की बारिश दिल्ली के कुछ इलाकों में देखने को मिली है.नोएडा, गाजियाबाद से गुरुग्राम तक ऐसा ही नजारा देखने को मिला है. दिल्ली में मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है. नार्थ दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और बाकी इलाकों में येलो अलर्ट है. लाल किले के सेंट्रल दिल्ली के इलाके में भी बारिश दोपहर से लेकर शाम को देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दो दिन बारिश का पूर्वानुमान जारी किया था.
दिल्ली में आईटीओ, प्रगति मैदान, मंडी हाउस, बाराखंभा, लाल किला के आसपास भी दोपहर तक बारिश का अलर्ट है. हरियाणा में भी गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, भिवानी जैसे जिलों में भी बारिश के संकेत हैं. उत्तर प्रदेश में भी गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, मुजफ्फरनगर जैसे जिलों में बारिश का अलर्ट है.

हिमाचल प्रदेश में आज का मौसम
हिमाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है. शिमला, धर्मशाला, चंबा के साथ कुल्लू-मनाली में बारिश से मौसम बदलने का अनुमान है.जम्मू-कश्मीर के भी ऊंचाई वाले इलाकों पुलवामा, अनंतनाग, भद्रवाह, डोडा और श्रीनगर में बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है. उत्तराखंड में हालांकि हल्की बारिश हो रही है. गुलमर्ग में अच्छी बर्फबारी के बीच पर्यटकों का पहुंचना जारी है.
#WATCH | Himachal Pradesh: Fresh snowfall in the Dhauladhar mountain range and continuous rain in Dharamshala have brought a sharp drop in temperature. The minimum temperature in Dharamshala was recorded at 6 degrees Celsius, while the maximum remained at around 11 degrees Celsius.
— ANI (@ANI) October 15, 2026
साउथ में नार्थईस्ट मॉनसून एक्टिव
वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में नार्थईस्ट मॉनसून एक्टिव हो गया है. तमिलनाडु के चार राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी है.भारतीय मौसम विभाग ने 4 जिलों में भारी बारिश और 15 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. चेन्नई वेदर सेंटर के अनुसार, थेनी, नीलगिरी, कोयंबटूर और विरुधुनगर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. मौसमी बारिश के बीच 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है. तिरुवरुर, तंजावुर, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तेनकासी, कन्याकुमारी, कल्लाकुरिची, सलेम, रानीपेट, तिरुचिरापल्ली, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुपुर और डिंडीगुल जिलों में भी भारी बारिश की आशंका है.तमिलनाडु के कई अन्य हिस्सों में बारिश के साथ आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं की संभावना है.16 अक्टूबर को भी नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी, विरुद्धनगर, तेनकासी, कन्याकुमारी, रामनाथपुरम और शिवगंगा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है.
लौटता मॉनसून लाया तमिलनाडु में बारिश
चेन्नई के आसपास भारी बारिश की चेतावनी है. चेन्नई, तिरुवल्लुर, रानीपेट, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू,कुड्डालोर और मयिलादुथुराई के लिए चेतावनी है.कावेरी डेल्टा और उत्तरी तटीय इलाके में भी अलर्ट है. उत्तर पूर्व मॉनसून से दक्षिण भारत के प्रायद्वीप इलाके में बारिश का दौर चलेगा. इसे लौटता मॉनसून भी कहते हैं, जो आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक के राज्यों में बारिश देखने को मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं