विज्ञापन
This Article is From Jun 29, 2011

भारतीय हॉकी टीम के नए कोच होंगे नोब्स

ऑस्ट्रेलिया के माइकल जैक नोब्स को भारतीय हॉकी टीम का नया मुख्य कोच चुना गया है जो 2016 ओलिंपिक तक पदभार संभालेंगे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के माइकल जैक नोब्स को भारतीय हॉकी टीम का नया मुख्य कोच चुना गया है जो 2016 ओलिंपिक तक पदभार संभालेंगे। भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक देशदीपक वर्मा ने बुधवार को इसकी घोषणा की। इससे पहले कल नोब्स, हालैंड के रोलैंट ओल्टमैंस और उनके हमवतन जाक ब्रिंकमैन ने साइ और हॉकी इंडिया के अधिकारियों को इंटरव्यू दिया था। वर्मा ने कहा, समिति ने लंबी बैठक के बाद माइकल जैक नोब्स का निर्विरोध चयन किया है। उनके नाम की अनुशंसा खेल मंत्रालय को की जाएगी। उन्होंने कहा कि नोब्स का ऑस्ट्रेलियाई होना उनके चयन का मुख्य आधार रहा। उन्होंने कहा, नोब्स के पक्ष में कई बातें थी। उनका अनुभव, योग्यता और प्रेजेंटेशन के अलावा उनका आस्ट्रेलियाई होना सकारात्मक पहलू रहा। ऑस्ट्रेलियाई हॉकी और भारतीय हॉकी में ज्यादा फर्क नहीं है लिहाजा उनके लिए आसान होगा। जर्मनी के गेरहार्ड पीटर राक, आस्ट्रेलिया के रिक चार्ल्सवर्थ और स्पेन के जोस ब्रासा के बाद नोब्स भारतीय हॉकी टीम के चौथे विदेशी कोच होंगे। पिछले साल नवंबर में ग्वांग्झू एशियाई खेलों के बाद ब्रासा की रवानगी के साथ ही नए विदेशी कोच की लाश की जा रही थी। नोब्स के साथ 2016 ओलिंपिक तक का करार किया जाएगा। उन्हें लंदन ओलिंपिक 2012 तक 10000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्रतिमाह पारिश्रमिक दिया जाएगा और पहली बार प्रदर्शन के आधार पर इसमें बढ़ोतरी का प्रावधान रहेगा। वर्मा ने कहा, ओलिंपिक क्वालीफायर में सफल रहने पर पारिश्रमिक में 10 प्रतिशत का इजाफा होगा यानी 11000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके अलावा 2012 ओलंपिक में प्रदर्शन के आधार पर इसमें और बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ओलंपिक के बाद अनुबंध के नियम और शर्तों पर आगे और बात की जाएगी। सहयोगी स्टाफ के बारे में पूछने पर हॉकी इंडिया के महासचिव नरिंदर बत्रा ने कहा कि शुरूआती तौर पर नोब्स ऑस्ट्रेलिया से सहयोगी स्टाफ लेकर आएंगे। उन्होंने कहा, नोब्स अपने साथ ऑस्ट्रेलिया से एक्सरसाइज फिजियोलाजिस्ट लेकर आएंगे जिन्हें 5000 डॉलर प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा। वह चाहे तो और सहयोगी स्टाफ की अनुशंसा कर सकते हैं जिसे हॉकी इंडिया भुगतान करेगा। भारतीय हॉकी टीम का अभ्यास शिविर एक जुलाई से बेंगलूर में लगना है। नोब्स तीन जुलाई को टीम के साथ जुड़ेंगे लेकिन आठ जुलाई को ऑस्ट्रेलिया जायेंगे और फिर लौटकर सहयोगी स्टाफ के साथ कार्यभार संभालेंगे। ब्रासा के जाने के बाद राष्ट्रीय कोच हरेंद्र सिंह को मई में हुए अजलन शाह कप के लिए भारतीय टीम की बागडोर सौंपी गई थी जिसमें अपेक्षित नतीजे नहीं मिल सके थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नोब्स, कोच, भारत, हॉकी, ऑस्ट्रेलिया, Nobes, Coach, India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com