विज्ञापन

एशियन गेम्स के आगाज के साथ छलका नीरज चोपड़ा का दर्द, बोले- दिल टूट गया...

टखने की चोट के कारण नीरज को एशियाई खेलों से हटना पड़ा है उनका पिछला इवेंट लॉजेन डायमंड लीग था, जहां उन्होंने 88.05 मीटर के 'सीज़न बेस्ट' प्रदर्शन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था.

एशियन गेम्स के आगाज के साथ छलका नीरज चोपड़ा का दर्द, बोले- दिल टूट गया...
एशियन गेम्स 2026 से बाहर होने का दर्द छलका

एशियन गेम्स का आगाज हो चुका है. भारत ने पिछले एशियन गेम्स (हांगझोउ, चीन 2022/2023) में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 107 मेडल जीते थे, अब इस बार भारतीय दल इस रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करेगी. वहीं, भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा ने एशियन गेम्स में भारत के अभियान के आगाज के साथ एक पोस्ट शेयर किया है. नीरज एशियन गेम्स में भाग नहीं रहे हैं. ऐसे में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है और साथ ही एशियन  गेम्स में भाग नहीं लेने पर अपनी निराशा जाहिर की है. 

28 साल के नीरज एशियन गेम्स में जैवलिन थ्रो के मौजूदा चैंपियन हैं और उन्होंने 2018 में जकार्ता और 2023 में हांग्जो में गोल्ड मेडल जीता था. वह 2018 एशियाई खेलों में भारत के ध्वजवाहक भी थे.नीरज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर लिखा, "एशियन गेम्स ने मुझे मेरे करियर के कुछ सबसे खास पल दिए हैं, और इस बार भारत का प्रतिनिधित्व न कर पाना मुश्किल है."

नीरज चोपड़ा ने आगे लिखा, "इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा न ले पाने की मुझे कमी खलेगी,  नागोया में मौजूद भारतीय दल के साथ मार्च करने की कमी भी मुझे महसूस होगी. लेकिन मैं आप सभी का समर्थन करूंगा. मेरे पास इन खेलों से जुड़ी बहुत सी अनमोल यादें हैं। उम्मीद है कि आप भी ऐसी ही यादें बनाएंगे."

पिछले कुछ सालों में नीरज को फिटनेस से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है, जिसमें टखने की चोट उनकी परेशानियों की कड़ी में सबसे नई है. साल 2019 में उनकी दाहिनी कोहनी की समस्या के लिए सर्जरी हुई थी, जबकि ग्रोइन की चोट के कारण वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे. 2023 में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उनका सीज़न प्रभावित हुआ, और 2024 में एडक्टर की तकलीफ के चलते उन्हें एक इवेंट से हटना पड़ा.

नीरज ने लिखा, "मैं टखने के लिगामेंट की चोट से जूझ रहा हूं, और काफी सोच-विचार के बाद मुझे यह स्वीकार करना पड़ा कि मैं प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा. किसी प्रतियोगिता में देश की उम्मीदों को लेकर उतरना एक सम्मान की बात है. उस मौके को गंवाने का दुख होता है."

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026 Live Updates: क्विंसी डिसूज़ा की नजर पदक पक्का करने पर, सेमीफाइनल की लाइव अपडेट्स

ये भी पढ़ें- एशियाई खेल 2026: कौन हैं क्विम्सी डीसूजा? एथलेटिक्स और फुटबॉल से निकलीं, अब भारत को दिला सकती हैं टेकबॉल में ऐतिहासिक पदक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asian Games 2026, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com