विज्ञापन
7 minutes ago
नई दिल्ली:

DUSU Election Result 2026 Live Updates: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव का रिजल्ट आज आ रहा है.  सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है. शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव में 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ था. चुनाव में RSS समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और कांग्रेस समर्थित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के बीच मुख्य मुकाबला है. भारतीय राजनीति की नर्सरी कहे जाने वाले दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव पर सबकी निगाहें टिकी रहती हैं. इस बार का चुनाव और खास है, क्योंकि यह जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद हो रहा है. चुनाव के दौरान ही सत्य निकेतन में पीजी गिरने का मामला भी खूब सुर्खियों में रहा था, जिसमें कई बच्चों की मौत हुई थी. आज दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के आने वाले नतीजों के हर बड़े अपडेट जानिए NDTV इंडिया के इस लाइव ब्लॉग पर. 

ABVP ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास और उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्या को प्रत्याशी बनाया है. वहीं, NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा और उपाध्यक्ष पद के लिए वीर चतरथ को उम्मीदवार बनाया है.

DU के कई कॉलेजों में ABVP ने दर्ज की जीत

इससे पहले ABVP ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में छात्रसंघ चुनावों में जीत दर्ज की. श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में ABVP ने अध्यक्ष और सचिव पद के साथ दोनों काउंसलर सीट पर जीत दर्ज कर अपने विरोधियों का पूरी तरह सफाया कर दिया. अदिति महाविद्यालय में ABVP ने सभी पदों पर कब्जा किया, जबकि अरविंदो कॉलेज मॉर्निंग में संगठन ने 6-0 से क्लीन स्वीप किया. भारती कॉलेज में ABVP ने सभी आठ पद जीते, वहीं शिवाजी कॉलेज में भी 6-0 से सभी पद अपने नाम किए.

Delhi University Student Union Election Result 2026 Live Updates:
 

DUSU Result Live Updates 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी के 2 कैंपस में 91 कॉलेज, लेकिन चुनाव 52 में होते हैं

आज डूसू चुनाव के नतीजे आ रहे हैं. इस बीच बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में दो कैंपस हैं. साउथ और नॉर्थ कैंपस लगभग 15 किमी की दूरी पर बने हैं. दोनों कैंपस मिलाकर DU में 91 कॉलेज आते हैं, लेकिन DUSU के चुनावों में DU के सभी कॉलेज वोट नहीं कर सकते हैं. DUSU में सिर्फ 52 कॉलेज और फैकल्टी ही सीधे तौर पर वोटिंग में हिस्सा लेते हैं. सेंट स्टीफंस, लेडी श्री राम और जीसस एंड मैरी जैसे कुछ बड़े कॉलेज भी DUSU का हिस्सा नहीं हैं.

DUSU Result Live Updates 2026: डूसू चुनाव वोटों की गिनती शुरू

सुबह के 8 बजते ही दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के वोटों की गिनती शुरू हो गई है. काउंटिग सेंटर के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है. सभी छात्र संगठन और उनके समर्थक भी नतीजों पर नजर बनाए हैं. कुछ घंटों बाद रुझान आने शुरू हो जाएंगे.

DUSU Result Live Updates 2026: डूसू रिजल्ट के लिए 2000 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान तैनात

डूसू चुनाव के दौरान लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति में कोई दिक्कत नहीं आए, इसलिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि DUSU चुनावों के वोटों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे शुरू होने के साथ ही दिल्ली यूनिवर्सिटी में 2,000 से ज़्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों को तैनात किया गया है; साथ ही, मुख्य सड़कों पर पाबंदियां लगाई गई हैं और काउंटिंग सेंटर के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

 

DUSU Result Live Updates 2026: NDTV की डिजिटल एक्सक्लूसिव कवरेज में छात्रों ने बताई थी अपने मन की बात

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले एनडीटीवी की टीम कैंपस में ग्राउंड रिपोर्ट करने पहुंची थी. इस दौरान हमारी टीम ने कई छात्र-छात्राओं से बड़ी तसल्ली से बात की थी. उनका मन टटोलने की कोशिश की. यह समझने की कोशिश की गई थी कि इस बार का चुनाव क्या पिछली बार के चुनावों से अलग है. पढ़ें दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने क्या कुछ कहा था-

पढ़ें पूरी खबर- ABVP या NSUI, वोटिंग से पहले डीयू के छात्रों ने बताई अपने मन की बात

DUSU Election Result 2026 Live Updates: वोटों की गिनती बस कुछ देर में होगी शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के नतीजे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस बलों की तैनाती की गई है. वोटों की गिनती को लेकर अब काउंटिंग सेंटर पर सरगर्मी बढ़ गई है. वोटों की गिनती बस कुछ देर बाद शुरू होने वाली है. 

DUSU Election Result 2026 Live Updates: डूसू में जीत के बाद जुलूस नहीं निकाल सकेंगे छात्रनेता

दिल्ली यूनिवर्सिटी में आज आने वाले रिजल्ट के बाद कोई भी छात्र नेता विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे. क्योंकि दिल्ली उच्च न्यायालय ने विजय जुलूस निकालने पर पूरी तरह रोक लगा दी और सभी छात्र संगठनों तथा उम्मीदवारों से यह बताने को कहा कि नियमों के उल्लंघन के लिए उन पर चुनावी जुर्माना क्यों न लगाया जाए. मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ ने ये निर्देश डूसू चुनाव के दौरान लिंगदोह समिति की सिफारिशों के बार-बार और खुले तौर पर उल्लंघन पर गौर करने के बाद दिए.
 

DUSU Result Live Updates 2026: NDTV की डिजिटल एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में छात्राओं ने बताई थी अपनी चिंता

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में हॉस्टल, कैंपस में साफ पीने लायक पानी, खराब इन्फ्रास्ट्रक्चर, छात्रों के लिए मेट्रो किराए में रियात, बढ़ती फीस, लाइब्रेरी में कम जगह जैसे तमाम मुद्दों के साथ छात्राओं की सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा है. NDTV.in के साथ बातचीत में छात्राओं ने बताया कि वे चुनाव के दौरान क्या महसूस करती हैं. चुनाव प्रचार के दौरान छात्र नेता किस तरह से बड़ी और महंगी गाड़ियों से आते हैं और तेज आवाज में गाने बजाते हुए गुजरते हैं. ऐसी स्थिति में डीयू की छात्राओं को बेहद असुरक्षित महसूस होता है. वे शाम को अकेले बाहर निकलने में डरती हैं. 

पढ़ें पूरी खबर- 'हमें नहीं पता होता कब कुचल दिए जाएं...', DU चुनाव के दौरान छात्राओं में थार-फार्च्युनर की दहशत

DUSU Result Live Updates 2026: कॉलेज और विभाग के नतीजे DUSU के मेन चुनाव से अलग

इन सभी परिणामों को DUSU के केंद्रीय चुनाव के अंतिम नतीजे नहीं माना जाना चाहिए. ये अलग-अलग कॉलेजों और विभागों में हुए स्थानीय छात्र चुनावों के परिणाम हैं. DUSU के केंद्रीय पदों का चुनाव और उसके परिणाम अलग प्रक्रिया के तहत घोषित किए जाते हैं. इसलिए इन नतीजों से फिलहाल संबंधित कॉलेजों और विभागों में उम्मीदवारों के प्रदर्शन की तस्वीर सामने आती है. 

पढ़ें पूरी खबर- DU में कॉलेज और विभाग स्तर के चुनावों में ABVP का दबदबा, NSUI-SFI ने भी दर्ज की जीत

DUSU Result Live Updates 2026: मोतीलाल नेहरू कॉलेज मॉर्निंग सहित कई कॉलेजों में NSUI को मिली जीत

कॉलेज स्तर के चुनावों में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI के उम्मीदवारों ने भी कई सीटों पर जीत दर्ज की. मोतीलाल नेहरू कॉलेज मॉर्निंग में NSUI ने क्लीन स्वीप किया. SPM मॉर्निंग में उपाध्यक्ष पद पर NSUI उम्मीदवार जीते. श्रद्धानंद कॉलेज में सचिव और सेंट्रल काउंसलर पद पर भी NSUI की जीत हुई. 

NSUI के उम्मीदवारों ने रामलाल आनंद कॉलेज और रामलाल कॉलेज में क्लीन स्वीप दर्ज किया. भगिनी निवेदिता कॉलेज में अध्यक्ष और सेंट्रल काउंसलर पद पर जीत मिली. आर्यभट्ट कॉलेज में अध्यक्ष और सचिव समेत चार सीटों पर NSUI उम्मीदवार विजयी रहे. किरोड़ीमल कॉलेज में उपाध्यक्ष और BCR पद पर भी संगठन ने जीत दर्ज की, जबकि वेंकटेश्वर कॉलेज में पांच सीटों पर NSUI उम्मीदवारों की जीत की जानकारी सामने आई है. 
 

DUSU Result Live Updates 2026: भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज में SFI की जीत

कई कॉलेजों में ABVP को मिली जीत के अलावा स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने भी कुछ अहम पदों पर जीत दर्ज की. भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज में SFI की दिल्ली राज्य समिति की सदस्य आर्ची बिस्वास ने ABVP उम्मीदवार को हराकर अध्यक्ष पद जीता. इसी कॉलेज में सचिव, संयुक्त सचिव और सेंट्रल काउंसलर पदों पर भी अलग-अलग परिणाम सामने आए. जाकिर हुसैन कॉलेज मॉर्निंग में SFI के जितेंद्र ने संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की. 
 

DUSU Result Live Updates 2026: कई कॉलेज के चुनाव में ABVP का दबदबा

डूसू चुनाव के मुख्य नतीजे से पहले दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों और विभागों में हुए स्थानीय छात्र चुनावों के नतीजे शुक्रवार को सामने आए. जिसमें ABVP ने कई कॉलेजों और विभागों में बड़ी संख्या में पदों पर जीत दर्ज की है. 

  • श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में ABVP ने अध्यक्ष, मंत्री और दोनों सेंट्रल काउंसलर समेत सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की. 
  • डिपार्टमेंट ऑफ लाइब्रेरी साइंसेज में भी अध्यक्ष, मंत्री और दोनों सेंट्रल काउंसलर पद ABVP के खाते में गए. 
  • डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में संगठन ने चारों पदों पर जीत हासिल की. 
  • केशव महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद पर ABVP उम्मीदवार विजयी रहे. 
  • श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में अध्यक्ष, सचिव और दोनों सेंट्रल काउंसलर पद ABVP ने जीते. 
     

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DUSU Election Result, DUSU Election Result 2026, DUSU Election Result 2026 Live, DUSU Election Results LIVE Updates, ABVP Vs NSUI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com