विज्ञापन

5 मैच, 5 जीत और अब सेमीफाइनल, कोरिया को रौंदकर टॉप पर पहुंचा भारत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सोमवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में जीत का अभियान जारी रखते हुए राउंड रॉबिन स्टेज के अपने आखिरी और पांचवें मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त दी.

5 मैच, 5 जीत और अब सेमीफाइनल, कोरिया को रौंदकर टॉप पर पहुंचा भारत
India defeated South Korea
NDTV

पांच बार की चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सोमवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में जीत का अभियान जारी रखते हुए राउंड रॉबिन स्टेज के अपने आखिरी और पांचवें मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त दी. एशियाई खेलों की गोल्ड मेडल विजेता भारतीय टीम ने पांच मैचों में पांच जीत के साथ पूरे 15 अंक हासिल कर अंक तालिका में टॉप स्थान पर कब्जा जमाया. जापान दूसरे, एशियाई खेलों का रजत पदक विजेता मलेशिया तीसरे और दक्षिण कोरिया चौथे स्थान पर रहा.

भारत ने इससे पहले बांग्लादेश को 13-0, चीन को 5-2, जापान को 4-1 और मलेशिया को 4-2 से हराया था. टूर्नामेंट का अंतिम चरण अब मोहाली में खेला जाएगा. बुधवार को होने वाले सेमीफाइनल में भारत का सामना एक बार फिर दक्षिण कोरिया से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और जापान की टीमें आमने-सामने होंगी.

कोरिया के खिलाफ भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने आठवें और 40वें मिनट में गोल कर दोहरी सफलता हासिल की. उनके अलावा जुगराज सिंह (11वें मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (15वें मिनट), शिलानंद लकड़ा (33वें मिनट), सुखजीत सिंह (34वें मिनट), संजय (36वें मिनट) और अंगद बीर सिंह (60वें मिनट) ने गोल दागे.

भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. चौथे मिनट में ही भारत को गोल करने का मौका मिला, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत के पास पर सुखजीत सिंह का सर्किल के ऊपरी छोर से लगाया गया रिवर्स हिट दक्षिण कोरियाई गोलकीपर जेह्योन किम ने शानदार तरीके से रोक दिया.दिलप्रीत ने आठवें मिनट में जरमनप्रीत सिंह से मिले बेहतरीन पास पर शानदार रिवर्स हिट लगाकर भारत का खाता खोला.

दक्षिण कोरिया लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रहा. इसके बाद 11वें मिनट में जुगराज सिंह ने रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी. दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत ने तीसरा गोल दाग दिया. टीम को मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत ने जोरदार लो फ्लिक लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया.

तीन गोल से पिछड़ने के बाद दक्षिण कोरिया ने कुछ आक्रामकता दिखाई और 18वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहा. 24वें मिनट में भी उसे एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका वह फायदा नहीं उठा सका.

इसके तुरंत बाद भारत ने अपने चौथे पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर गोल किया, लेकिन बैक-स्टिक के उल्लंघन के कारण इसे अमान्य करार दे दिया गया. मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर दिखाए और तीन मिनट के भीतर लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए. जुगराज सिंह के फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर शिलानंद लकड़ा ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत की बढ़त 4-0 कर दी.

इसके ठीक एक मिनट बाद हरमनप्रीत और संजय के शानदार तालमेल से सुखजीत सिंह को गोल करने का मौका मिला, जिसे उन्होंने मैदानी गोल में बदल दिया. कुछ ही मिनट बाद संजय ने बेहतरीन मौका बनाकर मैदानी गोल दागा और भारत की बढ़त 6-0 कर दी. मैच के 40वें मिनट में हरमनप्रीत ने हवाई पास दिया, जिसे दिलप्रीत ने बेहतरीन तरीके से नियंत्रित किया. इसके बाद सर्किल के भीतर से संजय के शॉट पर हल्का डिफ्लेक्शन लगाते हुए उन्होंने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया.

भारतीय टीम का आक्रामक खेल अंतिम क्वार्टर में भी जारी रहा. मैच के 60वें मिनट में स्ट्राइकर अंगद बीर सिंह ने शानदार रिवर्स हिट से मैदानी गोल दागकर भारत की जीत का अंतर 8-0 कर दिया. मैच की अंतिम सीटी बजने से ठीक पहले दक्षिण कोरिया को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह दोनों मौकों को गोल में बदलने में नाकाम रहा.

यह भी पढ़ें- कोटा जीतकर भी टीम से हो सकते हैं बाहर! ओलंपिक से पहले नए नियम ने बढ़ाई शूटर्स की टेंशन

यह भी पढ़ें- 'मैं इतना सुंदर नहीं हूं...', शादी के सवाल पर नवदीप सिंह ने दिया जवाब, गर्लफ्रेंड को लेकर भी किया खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com