भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का समापन हो चुका है. क्रिकेट प्रेमियों को दोनों टीमों के बीच चार नवंबर से अब पांच मैचों की वनडे सीरीज का रोमांच देखने को मिलेगा. प्रतिष्ठित सीरीज का आगाज हो, उससे पहले न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है. स्टार बल्लेबाज रचिन रवींद्र के साथ-साथ मार्क चैपमैन पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. एमआरआई स्कैन में पता चला है कि रवींद्र के कंधे में लगी चोट पूरी तरह से भर नहीं पाई है. वह फील्डिंग के लिए फिट नहीं हैं. वहीं चैपमैन को हैमस्ट्रिंग की समस्या से उबरने में अभी भी करीब दो हफ्ते और लगेंगे.
टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट पर भी आया अपडेट
रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन के सीरीज से पूरी तरह बाहर होने के बाद टिम सीफर्ट को पूरी वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया है. यहीं नहीं हेनरी निकोल्स शुरुआती तीन वनडे मुकाबलों में शिरकत करेंगे, जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को आखिरी के दो वनडे मुकाबलों के लिए टीम के साथ जोड़ा गया है.
हेड कोच रॉब वॉल्टर का बयान
दोनों स्टार खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद हेड कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, 'सभी लोग जानते हैं कि मार्क और रचिन इस टीम के लिए कितने अहम खिलाड़ी हैं. ऐसे में उनका सीरीज से बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है. मार्क से पिछले हफ्ते मेरी बात हुई थी. वह निराश जरूर हैं, लेकिन मैदान पर जल्द वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.'
वहीं रचिन के बारे में बात करते हुए हेड कोच ने कहा, 'रचिन के मामले में उनका कंधा अभी भी उस स्थिति में नहीं पहुंचा है. जहां से वह व्हाइट बॉल क्रिकेट में आराम से फील्डिंग कर सकें. जारी माह के आखिर में टेस्ट सीरीज भी खेली जानी है. इसलिए हम किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं.'
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम
पहले तीन वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर.
आखिरी 2 वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले वनडे सीरीज का शेड्यूल
4 नवंबर 2026 - पहला वनडे - ईडन पार्क, ऑकलैंड
7 नवंबर 2026 - दूसरा वनडे - हेनरी स्टेडियम, वेलिंग्टन
10 नवंबर 2026 - तीसरा वनडे - सेडॉन पार्क, हैमिल्टन
13 नवंबर 2026 - चौथा वनडे - बे ओवल, तौरंगा
15 नवंबर 2026 - पांचवां वनडे - बे ओवल, तौरंगा
यह भी पढ़ें- 'भारत में भगवान जैसे हैं विराट', RCB ड्रेसिंग रूम में कोहली को देखकर जैकब डफी दंग रह गए थे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं