लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में, नीरज चोपड़ा के पास जैवलिन थ्रो में तीन या उससे ज्यादा ओलंपिक मेडल जीतने वाले छठे पुरुष एथलीट बनने का मौका होगा. लेकिन इसके लिए उन्हें पहले क्वालिफाई करना होगा.भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, जो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में एक से ज्यादा मेडल जीतने वाले इकलौते एशियाई एथलीट हैं, उन्होंने टोक्यो 2020 में 87.58 मीटर की थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था. इसके बाद, पेरिस 2024 में उन्होंने 89.45 मीटर की थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल करने में सफलता हासिल की थी.
क्वालिफिकेशन राउंड में फिर से खुद को साबित करना होगा
हालांकि, ओलंपिक जैवलिन थ्रो की क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में मौजूदा चैंपियन या पिछले मेडल विजेताओं को सीधे एंट्री नहीं मिलती है. इसका मतलब यह है कि नीरज चोपड़ा को आने वाले क्वालिफिकेशन राउंड में एक बार फिर खुद को साबित करना होगा. टोक्यो 2020 में महिलाओं की 800 मीटर दौड़ की चैंपियन एथिंग मु, US ओलंपिक ट्रायल्स के दौरान गिर जाने की वजह से पेरिस 2024 में हिस्सा नहीं ले पाईं थी. इसी तरह, चार बार के ओलंपिक चैंपियन मो. फराह भी पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ के लिए क्वालिफिकेशन स्टैंडर्ड पूरा न कर पाने के कारण टोक्यो 2020 में शामिल नहीं हो सके थे. ऐसे में जैवलिन थ्रो के क्वालिफिकेशन राउंड को नीरज चोपड़ा को पास करना होगा.
जैवलिन थ्रो स्पर्धा के लिए एंट्री स्टैंडर्ड 85.50 मीटर
नीरज चोपड़ा को भी चोटों का सामना करना पड़ा है और हाल के सालों में उन्हें पीठ की समस्याओं से जूझना पड़ा है. टखने के लिगामेंट में चोट के कारण उन्हें एशियन गेम्स 2026 से बाहर होना पड़ा और उनका सीज़न समय से पहले ही खत्म हो गया था. अब उनका पूरा ध्यान 2028 के ओलंपिक को लेकर है. LA 2028 ओलंपिक में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा के लिए एंट्री स्टैंडर्ड 85.50 मीटर तय किया गया है, जबकि इसके लिए क्वालिफिकेशन विंडो 19 जून 2027 से 18 जून 2028 तक खुली रहेगी.
नीरज चोपड़ा LA 2028 ओलंपिक के लिए कैसे क्वालिफाई कर सकते हैं.
नवंबर 2026 में वर्ल्ड एथलेटिक्स की ओर से जारी योग्यता प्रणाली के अनुसार, पुरुषों की जैवलिन थ्रो सहित व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले एथलीटों के पास LA28 के लिए क्वालीफाई करने के दो रास्ते होंगे.
- एथलीट निर्धारित योग्यता अवधि के दौरान तय किए गए एंट्री स्टैंडर्ड को हासिल करके
- वर्ल्ड एथलेटिक्स की विश्व रैंकिंग के जरिए क्वालीफाई कर सकते हैं.
LA28 में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में कुल 32 एथलीट हिस्सा ले सकते हैं, जिसमें हर देश से अधिकतम तीन एथलीट शामिल हो सकते हैं.विश्व रैंकिंग के जरिए क्वालीफाई करने वाले एथलीटों की संख्या इस बात पर निर्भर करेगी कि एंट्री स्टैंडर्ड हासिल करके कितने एथलीट अपनी जगह पक्की करते हैं. वहीं, अगर सभी 32 कोटा स्थान एंट्री स्टैंडर्ड हासिल करने वालों से भर जाते हैं, तो विश्व रैंकिंग के जरिए कोई और एथलीट क्वालीफाई नहीं कर पाएगा.
लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए नीरज चोपड़ा के लिए एंट्री स्टैंडर्ड क्या होगी !
लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का सबसे सीधा तरीका नीरज के लिए 'एंट्री स्टैंडर्ड' को पूरा करना है. 85.50 मीटर का क्वालीफाइंग मार्क, पेरिस 2024 की तरह ही है, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. जनवरी 2020 में साउथ अफ्रीका के पोचेफस्ट्रूम में एक टूर्नामेंट के दौरान, नीरज चोपड़ा ने 87.86 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर 85.00 मीटर के एंट्री स्टैंडर्ड को पार किया और टोक्यो 2020 के लिए क्वालीफाई किया. इसके बाद, क्वालीफाइंग अवधि के दौरान उन्होंने तीन और टूर्नामेंटों में इससे बेहतर प्रदर्शन किया था.
पेरिस 2024 के लिए भी उन्होंने इसी रास्ते को अपनाया और बुडापेस्ट में आयोजित 'वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023' के क्वालीफिकेशन राउंड में 88.77 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर ओलंपिक में अपनी जगह पक्की करने में सफलता हासिल की थी. क्वालीफिकेशन विंडो के दौरान, चोपड़ा ने पांच अलग-अलग टूर्नामेंटों में पेरिस 2024 के 85.50 मीटर वाले एंट्री स्टैंडर्ड को पार किया था. नीरज चोपड़ा का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.23 मीटर है, जो उन्होंने मई 2025 में दोहा डायमंड लीग में हासिल किया था. यह प्रदर्शन एक भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है.
19 जून 2027 से 18 जून 2028 के बीच के दौरान अपने परफॉर्मेंस से ओलंपिक का कोटा हासिल कर सकते हैं
हालांकि, लॉस एंजिल्स 2028 के लिए क्वालीफाई करने में नीरज चोपड़ा के पिछले प्रदर्शनों को नहीं गिना जाएगा, भले ही वे तय किए गए मानक से बेहतर क्यों न रहे हों. 'एंट्री स्टैंडर्ड' के जरिए क्वालीफाई करने के लिए, नीरज चोपड़ा को 19 जून 2027 से 18 जून 2028 के बीच किसी मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट में कम से कम 85.50 मीटर की दूरी तक भाला फेंकना होगा.'वर्ल्ड एथलेटिक्स' के नियमों के अनुसार, एंट्री स्टैंडर्ड को पूरा करने वाले प्रदर्शन केवल उन्हीं टूर्नामेंटों में होने चाहिए, जिन्हें 'वर्ल्ड रैंकिंग कैटेगरी C' या उससे ऊपर की श्रेणी में रखा गया हो. सबसे अहम बात यह है कि एंट्री स्टैंडर्ड हासिल कर लेने से ही ओलंपिक में जगह मिलने की गारंटी नहीं मिल जाती,
अगर 32 स्थानों की तुलना में, मानक को पूरा करने वाले एथलीटों की संख्या अधिक हो जाती है, तो क्वालीफिकेशन केवल उन लोगों तक सीमित रहेगा जिनका प्रदर्शन उस अवधि के दौरान सबसे अच्छा रहा हो. साथ ही, इसमें यह शर्त भी लागू होगी कि हर देश से अधिकतम तीन एथलीट ही क्वालीफाई कर सकते हैं. विश्व रैंकिंग जैवलिन में क्वालिफाई करने का एक और रास्ता देती है.
अगर नीरज चोपड़ा तय क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान एंट्री स्टैंडर्ड हासिल नहीं कर पाते हैं, तो भी वे 'वर्ल्ड एथलेटिक्स' की विश्व रैंकिंग के जरिए लॉस एंजिल्स 2028 में अपनी जगह पक्की कर सकते हैं.इस रास्ते से कितनी जगहें मिलेंगी, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि एंट्री स्टैंडर्ड पूरा करके कितने एथलीट क्वालिफाई करते हैं.
बाकी बची हुई जगहें विश्व रैंकिंग के आधार पर दी जाएंगी, लेकिन इसमें एक शर्त यह होगी कि हर देश से अधिकतम तीन एथलीट ही हो सकते हैं. हालांकि, अगर एंट्री स्टैंडर्ड के जरिए ही पूरा कोटा भर जाता है, तो रैंकिंग के आधार पर कोई जगह नहीं बचेगी. 'वर्ल्ड एथलेटिक्स' 2027 के आखिर में अपना आधिकारिक क्वालिफिकेशन मॉनिटरिंग टूल, 'रोड टू LA' लॉन्च करेगा, जिससे खेलों की ओर एथलीटों की प्रगति पर नजर रखी जा सके.
यह भी पढ़ें | कुलदीप यादव OUT, गुरनूर बराड़ IN, न्यूजीलैंड के खिलफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में बदलाव
यह भी पढ़ें | वैभव सूर्यवंशी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 इतिहास के सबसे युवा कप्तान बने, सौराष्ट्र के खिलाफ 150 का स्ट्राइक रेट
यह भी पढ़ें | नंबर 1 गैरी सोबर्स, नंबर 3 बेन स्टोक्स, कपिल देव से आगे इमरान खान, जैक कैलिस ने चुने 10 महानतम ऑलराउंडर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं