जापान की दिग्गज टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Yamaha ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के बाजार में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Xenter E को पेश कर दिया है. Yamaha इस नए मॉडल को मार्केट में पहले से मौजूद 125cc के पेट्रोल स्कूटरों के बीच मजबूत और प्रैक्टिकल ऑप्शन के साथ आया है. ये स्कूटर एक साइलेंट इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है. इसके हाई-व्हील डिजाइन को खास तौर पर शहर के तंग रास्तों और रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
लुक और डिजाइन की बात करें तो इसके फ्रंट में एक अनोखा रेक्टेंगुलर LED हेडलैंप मिलता है, जिसके साथ बेहद स्लीक और सीधा एप्रन डिजाइन दिया गया है. इसमें नॉर्मल पेट्रोल स्कूटरों की तरह ही फ्लैट फ्लोरबोर्ड मिलता है, जो रोजमर्रा के सामान को रखने की प्रैक्टिकैलिटी को और बढ़ा देता है. स्कूटर में आरामदायक सफर के लिए स्टेप-अप सीट दी गई है, और इसके प्रीमियम लुक को बढ़ाने के लिए इसमें हल्के और मजबूत एल्युमिनियम स्विंगआर्म का इस्तेमाल किया गया है.
16-इंच के व्हील्स और मजबूत सस्पेंशन
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसके बड़े पहिये हैं जो खराब रास्तों पर भी बेहतरीन ग्रिप और कम्फर्ट देते हैं. Yamaha Xenter E में पूरे 16-इंच के व्हील्स दिए गए हैं. बेहतर ग्रिप के लिए इसके फ्रंट में 100-सेक्शन का टायर और रियर में 120-सेक्शन का चौड़ा टायर मिलता है. सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसके फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर में शॉक एब्जॉर्बर के साथ स्विंगआर्म सस्पेंशन दिया गया है. वहीं तेज रफ्तार में भी सुरक्षित ब्रेकिंग के लिए इसके दोनों पहियों में 245mm के डिस्क ब्रेक्स दिए गए हैं.
पावरफुल मोटर, रेंज और चार्जिंग
पावरट्रेन की बात करें तो Yamaha Xenter E में 3-फेज एक्साइटेशन मोटर लगी है, जो चेसिस पर फिक्स है और बेल्ट ड्राइव के जरिए पिछले पहिये को घुमाती है.
- पावर और टॉर्क: ये मोटर 7.5 kW की पीक पावर और 33.3 Nm का मैक्सिमम टॉर्क जनरेट करती है, जो इसे काफी तेज बनाता है.
- बैटरी और रेंज: इस मोटर को पावर देने के लिए इसमें 70.2 Ah का फिक्स्ड बैटरी पैक दिया गया है, जो सिंगल चार्ज में 108 किमी तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देने का दावा करता है.
- चार्जिंग टाइम: बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत तक फुल चार्ज करने में लगभग 5.5 घंटे का समय लगता है, और इसमें ऑन-बोर्ड चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है. इसके अलावा, रेंज को और बेहतर करने के लिए इसमें रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम भी दिया गया है जो गाड़ी के धीमे होने पर बैटरी को खुद-ब-खुद चार्ज करता है.
साइज और वजन की बात करें तो इस स्कूटर का वजन 121 किलोग्राम है, जो कि सामान्य 125cc पेट्रोल स्कूटरों से थोड़ा सा ज्यादा है. इसकी सीट हाइट 790 mm रखी गई है जो कम हाइट वाले राइडर्स के लिए भी काफी कम्फर्टेबल है, और खराब रास्तों के लिए इसमें 145 mm का अच्छा ग्राउंड क्लीयरेंस मिल जाता है.
हाई-टेक फीचर्स से है पूरी तरह लोडेड
Yamaha ने इस प्रीमियम स्कूटर के केबिन को फीचर्स के मामले में काफी मॉडर्न बनाया है. इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी को सपोर्ट करने वाला 5-इंच का रंगीन TFT डिस्प्ले दिया गया है, जो आपके फोन से कनेक्ट होकर स्क्रीन पर ही टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा देता है. इसके अलावा, सुरक्षित और आसान सफर के लिए स्कूटर में एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम (TCS), बिना चाबी के गाड़ी स्टार्ट करने के लिए कीलेस इग्निशन, फास्ट चार्जिंग के लिए Type-C चार्जिंग पोर्ट और अलग-अलग रास्तों के हिसाब से एडजस्ट करने के लिए तीन राइडिंग मोड्स दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें | सेकंड हैंड में बेस्ट है Hyundai की ये 7-सीटर SUV, लाखों की बचत, फीचर्स दमदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं