विज्ञापन

हांगकांग ओपन में भारत को झटका, सात्विक-चिराग की जोड़ी बाहर; लक्ष्य सेन का सफर भी हुआ समाप्त

हांगकांग ओपन में भारतीय चुनौती को बड़ा झटका लगा है और सात्विक-चिराग की जोड़ी के साथ साथ लक्ष्य सेन भी हारकर बाहर हो गए हैं.

हांगकांग ओपन में भारत को झटका, सात्विक-चिराग की जोड़ी बाहर; लक्ष्य सेन का सफर भी हुआ समाप्त
हांगकांग ओपन में भारत को झटका

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी और लक्ष्य सेन के शनिवार को सेमीफाइनल में हारने से हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई. सात्विक और चिराग की जोड़ी को मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी मान वेई चोंग और टी काई वुन से सीधे गेम में हार मिली. इस साल सिंगापुर और चीन में खिताब जीतने वाली और विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी को 41 मिनट तक चले सेमीफाइनल में 18-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा.

इसके बाद लक्ष्य सेन को डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 13-21, 13-21 से हार झेलनी पड़ी. इस हार के साथ लक्ष्य का लगातार जीत का सिलसिला भी टूट गया. उन्होंने पिछले दो सप्ताह में हाइलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स जापान के खिताब जीते थे.

सात्विक और चिराग इस मैच में विश्व के नौवें नंबर की मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ 4-1 के रिकॉर्ड के साथ कोर्ट पर उतरे थे, लेकिन वे अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए. मैच में शुरू से ही दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और वे लगभग बराबरी के साथ आगे बढ़ते रहे. पहले गेम में स्कोर 4-4 से 7-7 हो गया. इसके बाद भी कड़ी टक्कर देखने को मिली और 10-10 के स्कोर पर मलेशिया की टीम ने अंक बनाकर इंटरवल तक मामूली बढ़त हासिल की.

सात्विक और चिराग ने इसके बाद भी कड़ी चुनौती दी लेकिन मलेशिया की जोड़ी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी तथा 18-19 के स्कोर के बाद दो गेम प्वाइंट हासिल किए और पहले पर ही गेम अपने नाम कर दिया.

दूसरे गेम में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला. भारतीय जोड़ी ने एक समय 7-3 की बढ़त बना ली, लेकिन मलेशिया की जोड़ी ने लगातार छह अंक बनाकर मैच का रुख पलट दिया और स्कोर 9-7 कर दिया. वे इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहे.

मलेशियाई टीम ने अपनी बढ़त को 14-9 कर दिया. सात्विक और चिराग ने इसके बाद अच्छी वापसी करके स्कोर 19-19 से बराबर कर दिया. इसके बाद मलेशियाई खिलाड़ियों ने चिराग को निशाना बनाकर मैच प्वाइंट हासिल किया और फिर मैच जीत लिया.

वहीं एंटोनसेन ने 3-0 की बढ़त के साथ शुरुआत की. लेकिन लक्ष्य ने लगातार तीन अंक लेकर वापसी की। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. इस दौरान दोनों एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते रहे और स्कोर 8-8 से बराबर हो गया. इसके बाद डेनमार्क के खिलाड़ी ने अंतराल तक तीन अंकों की बढ़त बना ली. लक्ष्य का एक शॉट कोर्ट से बाहर जाने के बाद एंटोनसेन ने स्मैश लगाकर स्कोर 14-10 कर दिया.

डेनमार्क के खिलाड़ी ने जल्द ही 16-10 की बढ़त बना ली. इसके बाद लक्ष्य का नेट के पार खेला गया शॉट भी लंबा चला गया जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं. दोनों खिलाड़ियों ने बहुत कम आक्रामक स्मैश लगाए. 45 शॉट तक चली एक रैली का अंत एंटोनसेन के शॉट के बाहर जाने से हुआ. नेट पर शानदार शॉट लगाकर एंटोनसेन ने सात गेम प्वाइंट हासिल किए और लक्ष्य का शॉट कोर्ट से बाहर जाने पर पहला गेम अपने नाम कर लिया.

लक्ष्य थोड़े थके हुए नजर आए. संभवत: पिछले दो सप्ताह में लगातार खेलने का असर उनके खेल पर दिख रहा था. उनका मूवमेंट और प्रतिक्रिया की गति भी थोड़ी धीमी थी. एंटोनसेन ने इसका फायदा उठाते हुए कोर्ट बदलने के बाद फिर 5-2 की बढ़त बना ली. 

लक्ष्य का स्मैश नेट में उलझ गया जिससे एंटोनसेन ने ब्रेक तक 11-6 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली. एंटोनसेन ने ब्रेक के बाद भी अपने शॉट्स की दिशा और जगह का सही इस्तेमाल करते हुए बढ़त बनाए रखी. लक्ष्य ने बीच-बीच में कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन उनके खेल में निरंतरता की कमी रही. इसका फायदा उठाकर डेनमार्क के खिलाड़ी ने 18-9 की बढ़त बना ली. 

एक स्मैश के साथ एंटोनसेन ने नौ मैच प्वाइंट हासिल किए और तीसरे प्रयास में मुकाबला अपने नाम कर लिया. लक्ष्य ने कहा कि शनिवार को मुकाबला उनके लिए काफी मुश्किल था क्योंकि वह थकान महसूस कर रहे थे लेकिन कुल मिलाकर पिछले कुछ टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से खुश हैं.

उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि आज मेरे लिए उसकी गति के साथ तालमेल बिठाना बहुत मुश्किल था। कोर्ट पर नियंत्रण और बाकी सभी मामलों में वह बेहतर था. मुझे लगता है कि मैं अंक हासिल करने के लिए थोड़ा जल्दबाजी कर रहा था क्योंकि मैं रैलियों को लंबा नहीं खींचना चाहता था."

उन्होंने कहा,"पिछले दो सप्ताह में मेरे दोनों पैर काफी थक गए थे इसलिए कुछ शॉट खेलने की कोशिश तो कर रहा था, लेकिन उन पर बेवजह फिसलना नहीं चाहता था. मैं अपना पूरा जोर भी नहीं लगाना चाहता था क्योंकि मुझे पता था कि मेरे पैर काफी थके हुए हैं और ज्यादा फिसलने से चोट लगने का खतरा हो सकता है. पिछले कुछ सप्ताह में मैंने जिस तरह का खेल दिखाया है, वह काफी अच्छा रहा है. कोर्ट पर भी मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा था और मेरा आत्मविश्वास भी बहुत बढ़ा हुआ था."

( इनपुट-भाषा)

यह भी पढ़ें: 'दुनिया उसकी कुर्बानियां नहीं जानती...', सिराज को प्लेइंग XI में जगह नहीं मिलने पर बोले असदुद्दीन ओवैसी

यह भी पढ़ें: INDA vs PAKA: पाकिस्तान को हराते ही भारत का सेमीफाइनल टिकट पक्का? ऐसा है पूरा समीकरण

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Satwiksairaj Rankireddy, Chirag Chandrashekhar Shetty, Lakshya Sen, Badminton, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com