- पंजाब के पठानकोट में 22 से 24 नवंबर तक धीरेंद्र शास्त्री का तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा.
- इसमें अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
- पंजाब में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम पर सबकी नजर रहेगी.
यूपी के कुंडा के बाद अब धीरेंद्र शास्त्री का पंजाब के पठानकोट में दरबार सजने वाला है. बीते दिनों प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री का भव्य दरबार सजा था. राजा भैया के नेतृत्व में आयोजित इस प्रवचन कार्यक्रम में यूपी के कई नेता शामिल हुए थे. अब यूपी के बाद पंजाब में धीरेंद्र शास्त्री हनुमंत कथा का पाठ करेंगे. खास बात यह है कि पंजाब में बागेश्वर बाबा के इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शामिल होने की संभावना है. दोनों नेता 24 नवंबर को होने वाले 'दिव्य दरबार' में पहुंच सकते हैं.
पठानकोट के लमीनी स्टेडियम में 22-24 नवंबर तक धीरेंद्र शास्त्री करेंगे कथा
मिली जानकारी के अनुसार बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पंजाब के पठानकोट में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम करेंगे. पठानकोट के लमीनी स्टेडियम ग्राउंड में 22 से 24 नवंबर तक यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. धीरेंद्र शास्त्री 22 और 23 नवंबर को श्री हनुमंत कथा करेंगे, जबकि 24 नवंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा.
तैयारियों में जुटी आप, दिल्ली-पंजाब की टॉप लीडरशिप होगी शामिल
पंजाब में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस कार्यक्रम में AAP के शीर्ष नेतृत्व की संभावित मौजूदगी इसे सियासी रूप से भी महत्वपूर्ण बना रही है. इस कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया संभाल रहे हैं. सलारिया ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की पुष्टि करते हुए कहा, "दिल्ली और पंजाब की सारी लीडरशिप पहुंच रही है."
केजरीवाल और भगवंत मान की संभावित मौजूदगी ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं. धार्मिक कार्यक्रम में AAP के राष्ट्रीय और राज्य नेतृत्व की भागीदारी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है.
धीरेंद्र शास्त्री की पिछली पंजाब यात्राओं के विवाद
हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री की पंजाब में पिछली यात्रा विवादों में रही थी. सितंबर में लुधियाना के पांच दिवसीय दौरे के दौरान उनकी कुछ टिप्पणियों पर अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों और धार्मिक नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी. उनके कथित बयानों को धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताते हुए पंजाब शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने विरोध जताया था.
विवादित टिप्पणियों में उनका कथित बयान 'भैया को सैयां बना लेते हैं' भी शामिल था. इसके बाद शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी टिप्पणी किसी विशेष धर्म के खिलाफ नहीं थी, बल्कि उनका मुद्दा धर्मांतरण और सामाजिक बुराइयां थीं. बाद में शाही इमाम से लिखित माफी मांगने संबंधी उनके वीडियो बयान ने भी विवाद को चर्चा में बनाए रखा.
अब पठानकोट में उनके कार्यक्रम पर धार्मिक आयोजन के साथ-साथ राजनीतिक नजरिए से भी नजर रहेगी. खासकर इसलिए क्योंकि इसमें AAP के शीर्ष नेतृत्व के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें - मेरे मन में माधव-राघव एक हैं... यूपी के कुंडा में बोले धीरेंद्र शास्त्री; हिंदू ना बंटे इसलिए माफी मांगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं