न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में मोहम्मद सिराज भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है. इसको लेकर जहां एक ओर दिग्गज सवाल उठा रहे हैं तो मैदान के बाहर भी जमकर सियासत हो रही है. सिराज के सेलेक्शन ना होने पर मचे राजनीतिक घमासान के बीच, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को कहा कि भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को "दबाना या किनारे करना" आसान नहीं है.
हैदराबाद के सांसद ने क्रिकेटर की साधारण शुरुआत का जिक्र किया और बताया कि कैसे उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई. सिराज को बाहर किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा भेदभाव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद में जन्मे इस क्रिकेटर ने भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के लिए कई मुश्किलों का सामना किया है.
उन्होंने कहा, "वह (मोहम्मद सिराज) हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं. एक गरीब ऑटो ड्राइवर के बेटे हैं. बड़ी मेहनत की है उसने. दुनिया नहीं जानती उनकी कुर्बानियों को, उनकी तकलीफों को. उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर, भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेले हैं और 144 विकेट लिए हैं. सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है. उन्हें दबाना या बिठाना आसान नहीं है. सिराज जरूर वापसी करेंगे."
उन्होंने आगे कहा,"इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में, उन्होंने सभी पांच मैच खेले, एक तेज गेंदबाज के रूप में 1,113 गेंदें फेंकीं और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने. वह एक सच्चे फाइटर हैं. इसके अलावा, उनका चरित्र और सादगी मिसाल कायम करने वाली है. मुझे पूरा भरोसा है कि सिराज वापसी करेंगे, लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलते रहेंगे और टीम को और भी बड़ी सफलता दिलाने में मदद करेंगे."
OWAISI BACKS SIRAJ AFTER TEST SQUAD OMISSION Responding to Congress MP Imran Masood's claim of discrimination against Mohammed Siraj over his exclusion from the Indian Test squad, AIMIM chief Asaduddin Owaisi has lavished praise on the pacer. He said Siraj comes from a poor Hyderabad family and is an auto-rickshaw driver's son, whose struggles few people know about. Owaisi noted that sheer willpower took him to several Tests and 144 wickets, adding that sidelining him is no easy task. #MohammedSiraj #Owaisi #ImranMasood #TeamIndia #TestCricket #SirajComeback https://t.co/ZrdoCpBj2E
— Diganta Guha (@diganta_guha) November 21, 2026
ओवैसी का यह बयान तब आया है जब भारत के चयन फैसलों पर सवाल उठाए जा रहे हैं. दरअसल, मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में 11 मैचों में 43 विकेट लेकर टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली.
इससे पहले, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके नाम की वजह से ही उन्हें टीम से बाहर रखा गया. "कहा जा रहा है कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई. उनका नाम 'सिराज' है, और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली. अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है."
वहीं भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के टीम प्रबंधन के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि टीम का चयन सिर्फ पहले दिन को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि पांचों दिन की जरूरतों के हिसाब से किया गया.
कोटक ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों ने कहा था,"सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है. टीम चुनते समय हमें लगा कि यह सर्वश्रेष्ठ इलेवन है. मुझे नहीं लगता कि सिराज को बाहर रखना गलत फैसला था. यह सिर्फ पहला दिन है. हम टीम का चयन केवल पहले दिन के लिए नहीं बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन को ध्यान में रखकर भी करते हैं."
(इनपुट-एएनआई)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं