दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पैरा एथलीटों का मेला लगा है. खासकर ट्रेनिंग ग्राउंड का हर कोना एथलीटों और पैरा एथलीटों की भीड़ लगी हुई है. रनिंग ट्रैक से लेकर, हाई जंप पिच, डिस्कस और जैवलिन थ्रो एरेना में आम एथलीट तो आराम से फोकस रखते हुए अपनी प्रैक्टिस कर रहे हैं. पत्रकार और इक्का-दुक्का आम फ़ैन्स भी मैदान पर हैं जिन्हें कोच और खिलाड़ी चेतावनी दे रहे हैं कि वो चोट से बचकर चलें और नियमो का पालन करें. एथलीटों को पता है कि वो वॉर जोन में कैसे गोलियों से बचकर चलते हैं.
15 दिनों का गहन ट्रेनिंग कैंप
भारत के ये 176 योद्धा, ये पैरा एथलीट 18 से 24 अक्टूबर के बीच 7 दिनों के एशियाड में सिर्फ़ 12 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं. इन खिलाड़ियों के लिए गुरुवार, 8 अक्टूबर को विदाई समारोह का आयोजन किया गया है.
बिहार के 38 साल के ओलिंपिक के पूर्व गोल्ड मेडल विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और टोक्यो ओलिंपिक पदक विजेता गुजरात की 39 साल की टेबल टेनिस चैंपियन भाविना पटेल को यहीं से भारतीय टीम का फ़्लैग बियरर भी घोषित कर दिया गया है.
एथलेटिक्स में 60 मेडल की उम्मीद
दिल्ली जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एथलीटों को फ़ाइनल ट्रेनिंग दे रहे चीफ़ कोच डॉ. सत्यपाल सिंह NDTV से EXCUSIVE बातचीत में कहते हैं, 'देखिए, मैं अपने हर खिलाड़ी को अच्छी तरह जानता हूं. इस बार हमारा दल पिछली बार की तुलना में छोटा है. पिछली बार 309 पैरा एथलीट एशियाड गए थे जिनमें से 88 एथलीटों ने 27 में से 17 गोल्ड मेडल जीते थे. इस बार 176 में से 63 खिलाड़ी एथलेटिक्स के हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि इस बार हमारा स्ट्राइक रेट वैभव सूर्यवंशी के जैसा होगा. एथलेटिक्स से हमें 60 मेडल की उम्मीद है. कुछ खिलाड़ी मिस करते हैं तो कुछ एक से ज़्यादा मेडल भी जीतेंगे.'
176 भारतीय खिलाड़ी क्या लगा पाएंगे मेडल की सेंचुरी?
चीफ़ कोच डॉ. सत्यपाल को उम्मीद है कि 176 एथलीटों के बावजूद नागोया एशियाड में सेंचुरी लगा सकता है. चीफ़ कोच डॉ. सत्यपाल सिंह NDTV से बात करते हुए कहते हैं, 'इस बार चेस और रोइंग जैसे खेलों के हंटा दिये जाने का असर हमारे मेडल टैली पर पड़ सकता है. 2022 में शतरंज में हमने 2 गोल्ड समेत 8 पदक जीते थे. हमारे टोटल खिलाड़ी भी कम हो गए हैं. तकरीबन सवा सौ खिलाड़ी कम जा रहे हैं. फिर भी मुझे लगता है कि हम मेडल का सैकड़ा पार कर सकते हैं.'
एशियाड 2022 में भारतीय पैरा 309 एथलीट (19 सितंबर- 4 अक्टूबर)
27 - गोल्ड मेडल
32 - सिल्वर मेडल
49 - ब्रॉन्ज़ मेडल
टोटल - 108
नागोय एशियाड 2026 में भारतीय एथलीट (एबल्ड बॉडी)
21 - गोल्ड मेडल
27 - सिल्वर मेडल
37 - ब्रॉन्ज़ मेडल
टोटल - 85
फिर मारेंगे बाज़ी!
एशियाड 2026 में भारतीय पैरा 176 एथलीट क्या लगाएंगे पदकों की सेंचुरी? एथलेटिक्स के चीफ़ कोच डॉ. सत्यपाल कहते हैं, 'देखिए हम कोई कंपीटिशन नहीं कर रहे. लेकिन पिछली बार एबल्ड बॉडी के एथलीटों ने 28 गोल्ड समेत कुल 106 मेडल जीते थे. जबकि, पैरा एथलीटों ने पिछली बार भी 27 गोल्ड समेत 108 मेडल जीते थे. इस बार भी पैरा एथलीट भारतीय फ़ैन्स को मायूस नहीं करेंगे.'
यह भी पढ़ें- 6 गोल्डन यादें, 8 मेडल और अब तिरंगे की जिम्मेदारी, प्रमोद-भाविना को मिला बड़ा सम्मान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं