- यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है
- सपा ने कांग्रेस को पहले दौर में 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है और अन्य सीटों पर समीकरण मांगे हैं
- कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की सूची सौंपी है, दोनों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हो गई है. सोमवार के बाद आज मंगलवार को भी दूसरे दौर की बातचीत हो रही है. इस बीच खबर है कि पहले दौर में सपा ने कांग्रेस को यूपी की 26 विधानसभा सीटें प्रस्तावित की हैं. वहीं अन्य सीटों के लिए सपा ने कांग्रेस से समीकरण और प्रत्याशी मांगे हैं. सोमवार को कांग्रेस ने सपा को 130 सीटों की लिस्ट सौंपी थी.
1. 2022 में कांग्रेस द्वारा जीती गई सीटें (2)
- रामपुर खास
- फरेंदा
2. वर्ष 2022 में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही सीटें (4)
- मथुरा
- खेरागढ़
- जगदीशपुर
- किदवई नगर
3. अन्य सीटें (20)
- बागपत
- मोदीनगर
- हापुड़
- जेवर
- स्याना
- खुर्जा
- खैर
- इगलास
- मांट
- आगरा उत्तर
- फतेहपुर सीकरी
- बिलग्राम-मल्लावां
- गोविंद नगर
- नानपारा
- गोरखपुर शहर
- खजनी
- पडरौना
- फाजिलनगर
- पिंडरा
- वाराणसी कैंट
सूत्रों के अनुसार, आज हो रही दूसरे दौर की बातचीत अधिक विस्तृत होगी, जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र में दोनों दलों की राजनीतिक ताकत, कमजोरियों और चुनावी संभावनाओं का आकलन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि दोनों दल अमेठी और रायबरेली जैसे कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्रों तथा मैनपुरी और इटावा जैसे सपा के गढ़ों में एक-दूसरे के हितों का ध्यान रखने की रणनीति पर भी विचार कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि हमने सपा के साथ सीटों की संख्या पर चर्चा की है. उन्होंने हमारी बात सुनी और कहा कि वे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा करने के बाद जवाब देंगे. कांग्रेस नेताओं ने उन विधानसभा सीट की सूची सपा प्रतिनिधिमंडल को सौंपी है, जहां से वे अपने उम्मीदवार उतारना चाहते हैं. हालांकि, दोनों दलों ने सीट की संख्या को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
सपा के मुख्य महासचिव राम गोपाल यादव ने कहा है कि बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हो रही है और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने. उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.''
गौरतलब है कि दोनों दलों ने साल 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी. इस प्रदर्शन से उत्साहित कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर सीट बंटवारे की उम्मीद कर रही है.

सपा ने सीटों के बंटवारे के सिलसिले में राम गोपाल यादव के नेतृत्व में एक समिति गठित की है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल तथा लोकसभा सदस्य राजीव राय और इकरा चौधरी भी शामिल हैं.
दोनों दलों के बीच इस बार गठबंधन को लेकर उम्मीदें इसलिए भी बढ़ी हैं क्योंकि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी चुनौती देने में सफल रहे थे. प्रदेश में 2017 से लगातार दो विधानसभा चुनाव जीत चुकी भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सपा और कांग्रेस मजबूत विपक्षी एकजुटता की कोशिश में जुटे हैं. उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने मांग ली अब्दुल्ला आजम की भी सीट, रायबरेली और अमेठी पर भी फंसेगा पेच; आज डिमांड पर जवाब देगी सपा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं