विज्ञापन

तीसरे दिन एशियन गेम्स में भारत का ऐसा है दिनभर का पूरा शेड्यूल, क्रिकेट, वुशु और शूटिंग से बड़ी उम्मीद, दूसरे दिन 4 मेडल खाते में आए

एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत ने शूटिंग और MMA में पदक जीतकर अपनी मेडल टैली छह तक पहुंचा दी. अब तीसरे दिन महिला क्रिकेट फाइनल, शूटिंग, वुशु, बैडमिंटन और हॉकी में भारतीय खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी.

तीसरे दिन एशियन गेम्स में भारत का ऐसा है दिनभर का पूरा शेड्यूल, क्रिकेट, वुशु और शूटिंग से बड़ी उम्मीद, दूसरे दिन 4 मेडल खाते में आए
एशियन गेम्स 2026: 22 सितंबर को भारत का पूरा शेड्यूल

आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारत ने दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में लंबी छलांग लगाई. पहले दिन सिर्फ दो पदक जीतने वाला भारतीय दल अब कुल छह पदकों तक पहुंच चुका है. निशानेबाजी में तीन पदक आए, जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में भी भारत के खाते में कांस्य पदक जुड़ा. अब तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों के पास पदकों की संख्या और बढ़ाने का सुनहरा मौका होगा.

दूसरे दिन भारत के लिए सबसे बड़ी सफलता शूटिंग रेंज से आई. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत ने रजत पदक जीता. इसके बाद व्यक्तिगत फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. वहीं MMA में सुचिका तरियाल ने महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किलोग्राम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में एक और मेडल डाला.

उधर, वुशु में भारत की उम्मीदें बरकरार हैं. महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में रोशिबिना देवी और पुरुषों के 56 किग्रा वर्ग में आर्यन क्वार्टरफाइनल जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं. दोनों खिलाड़ी अब पदक सुनिश्चित करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं.

दिन की शुरुआत टेबल टेनिस में भारत के दबदबे से हुई थी. पुरुष और महिला दोनों टीमों ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया. कबड्डी में पुरुष टीम ने जापान को 49-24 जबकि महिला टीम ने बांग्लादेश को 42-21 से हराया. हॉकी में भारतीय महिला टीम ने इंडोनेशिया को 17-1 से रौंदकर दूसरी लगातार जीत दर्ज की. वहीं बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई.

तीसरे दिन भारत की पदक उम्मीदें

तीसरे दिन भारत की सबसे बड़ी निगाह शूटिंग पर रहेगी. पार्थ राकेश माने और एलावेनिल वलारिवन की जोड़ी 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में पदक के बड़े दावेदार है. क्वालिफिकेशन और फाइनल दोनों मुकाबले मंगलवार को हीं खेले जाएंगे. वुशु में रोशिबिना देवी और आर्यन के मुकाबलों पर भी सबकी नजर रहेगी. दोनों खिलाड़ी अपने-अपने वर्ग में पदक के बेहद करीब हैं.

कराटे में चेतन भट्ट (पुरुष -84 किग्रा) और अलीशा (महिला -55 किग्रा) भी पदक रेस में हैं. अगर शुरुआती मुकाबलों में जीत दर्ज करते हैं तो भारत के लिए मेडल की उम्मीद और मजबूत हो जाएगी.

महिला क्रिकेट टीम के पास गोल्डन मौका

दिन का सबसे बड़ा मुकाबला भारतीय महिला क्रिकेट टीम का होगा. भारत और श्रीलंका के बीच महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे खेला जाएगा. भारतीय टीम के पास एशियन गेम्स में एक और स्वर्ण पदक जोड़ने का शानदार अवसर रहेगा.

बैडमिंटन, कबड्डी और हॉकी में भी बड़ा दिन

भारतीय महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टरफाइनल में जापान से भिड़ेगी. वहीं लक्ष्य सेन, एचएस प्रणय और सात्विक-चिराग से सजी पुरुष टीम भी जापान के खिलाफ क्वार्टरफाइनल खेलेगी. कबड्डी में पुरुष टीम दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी, जबकि पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला श्रीलंका से होगा. दोनों खेलों में भारत जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

एशियन गेम्स 2026: 22 सितंबर को भारत का पूरा शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)

सुबह 5:30 बजे
सॉफ्ट टेनिस: आध्या तिवारी vs अलीशा जिगलर (थाईलैंड) - महिला एकल
सेपक टकरॉ: भारत vs मलेशिया (पुरुष टीम रेगु)
ईस्पोर्ट्स (eFootball): डेनियल पटेल, चिन्मय साहू vs उज्बेकिस्तान

सुबह 5:45 बजे
इक्वेस्ट्रियन इवेंटिंग टीम ड्रेसाज फाइनल डे-1
अशीष लिमये, फवाद मिर्जा और अर्जन नागरा का एक्शन

सुबह 6:00 बजे
बैडमिंटन महिला टीम क्वार्टरफाइनल: भारत vs जापान

सुबह 6:15 बजे
शूटिंग: 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन (पार्थ राकेश माने/एलावेनिल वलारिवन)

सुबह 6:29 बजे
वुशु: हंजाबम लैंगलेंटोम्बी देवी, महिला नानक्वान-नानडाओ फाइनल

सुबह 6:30 बजे
शूटिंग: पुरुष स्कीट क्वालिफिकेशन डे-2 (अनंतजीत सिंह नरूका, भावतेघ सिंह गिल, मैराज अहमद खान)
शूटिंग: महिला स्कीट क्वालिफिकेशन डे-2 (परिनाज ढालीवाल, रायजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान)
टेबल टेनिस महिला टीम: भारत vs थाईलैंड (राउंड ऑफ 16)
फेंसिंग पुरुष फॉइल व्यक्तिगत पूल मुकाबले शुरू

सुबह 7:00 बजे
सॉफ्ट टेनिस: जय मीणा vs हुसैन अराइन (पाकिस्तान)

सुबह 7:15 बजे
कबड्डी: भारत vs दक्षिण कोरिया

सुबह 7:29 बजे
तैराकी: आर्यन नेहरा, पुरुष 1500 मीटर फाइनल बी

सुबह 7:35 बजे
कराटे: चेतन भट्ट, पुरुष -84 किग्रा सेमीफाइनल

सुबह 8:05 बजे
तैराकी: पुरुष 4x100 मीटर मेडले रिले हीट्स

सुबह 8:15 बजे से
फेंसिंग महिला एपे व्यक्तिगत पूल मुकाबले (मितवा चौधरी, तनिक्षा खत्री)

सुबह 8:25 बजे
शूटिंग: एयर राइफल मिक्स्ड टीम फाइनल

सुबह 8:30 बजे
मुक्केबाजी: साक्षी vs आइरा विलेगास (फिलीपींस)

सुबह 9:00 बजे
टेबल टेनिस पुरुष टीम राउंड ऑफ 16

सुबह 9:20 बजे
कराटे: अलीशा, महिला -55 किग्रा राउंड ऑफ 16

सुबह 9:30 बजे
सॉफ्ट टेनिस: आर्यन ठाकुर vs बोल्ड-एर्डेन अल्टांगेरेल (मंगोलिया)

सुबह 10:30 बजे
महिला क्रिकेट फाइनल: भारत vs श्रीलंका
जिम्नास्टिक्स: प्रणति नायक (वॉल्ट क्वालिफिकेशन)
सॉफ्ट टेनिस: आध्या तिवारी vs कैनात शलवानी (पाकिस्तान)

सुबह 11:30 बजे
बैडमिंटन पुरुष टीम क्वार्टरफाइनल: भारत vs जापान

दोपहर 12:00 बजे
इक्वेस्ट्रियन शो जंपिंग फाइनल डे-1
फेंसिंग क्वार्टरफाइनल (योग्यता मिलने पर)
सॉफ्ट टेनिस: आर्यन ठाकुर vs पो-यी चेन (चीनी ताइपे)

दोपहर 12:40 बजे
कराटे: चेतन भट्ट फाइनल (योग्यता मिलने पर)

दोपहर 12:50 बजे
कराटे: अलीशा फाइनल (योग्यता मिलने पर)

दोपहर 1:30 बजे
मुक्केबाजी: जादुमणि सिंह मंडेंगबाम vs थापा चंद्र बहादुर (नेपाल)

दोपहर 2:00 बजे
ईस्पोर्ट्स (eFootball): भारत vs मंगोलिया

दोपहर 2:30 बजे
वुशु: रोशिबिना देवी क्वार्टरफाइनल
वुशु: आर्यन क्वार्टरफाइनल
फेंसिंग सेमीफाइनल (योग्यता मिलने पर)

दोपहर 2:55 बजे
तैराकी: पुरुष 4x100 मीटर मेडले रिले फाइनल (योग्यता मिलने पर)

दोपहर 3:10 बजे
फेंसिंग मेडल बाउट्स (योग्यता मिलने पर)

दोपहर 3:30 बजे
पुरुष हॉकी: भारत vs श्रीलंका
महिला एपे फेंसिंग मेडल बाउट्स (योग्यता मिलने पर)

तीसरे दिन के सबसे बड़े मुकाबले

भारत vs श्रीलंका (महिला क्रिकेट फाइनल) - सुबह 10:30 बजे
भारत vs जापान (महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टरफाइनल) - सुबह 6:00 बजे
भारत vs जापान (पुरुष बैडमिंटन टीम क्वार्टरफाइनल) - सुबह 11:30 बजे
भारत vs दक्षिण कोरिया (पुरुष कबड्डी) - सुबह 7:15 बजे
भारत vs श्रीलंका (पुरुष हॉकी) - शाम 3:30 बजे 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asian Games 2026, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com