भारत की चिकिता तनिपार्था, प्रीतिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की महिला कंपाउंड टीम ने एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया है. प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारतीय तिकड़ी ने मंगोलिया को 238-223 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली. इस जीत से भी बड़ी बात यह रही कि भारत का 238 का स्कोर एशियाई खेल रिकॉर्ड, एशियाई रिकॉर्ड और विश्व रिकॉर्ड बन गया. इससे पहले यह विश्व रिकॉर्ड दक्षिण कोरिया के नाम था, जिसने 2014 इंचियोन एशियाई खेलों में यह उपलब्धि हासिल की थी.
भारतीय तीरंदाजों ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ अगले दौर का टिकट कटाया, बल्कि विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया.
INDIA INTO THE QUARTERFINALS! 🇮🇳
— SAI Media (@Media_SAI) September 27, 2026
Asian Games 2026 | Archery
Compound Women's Team – 1/8 Elimination
India's Jyothi Surekha Vennam (TOPS Core), Prithika Pradeep (TAGG) and Taniparthi Chikitha (TAGG) defeated Mongolia 238–223 to book their place in the Quarterfinals.
Set Scores:… pic.twitter.com/BtWQQBEfMo
इसके साथ ही भारत की कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु की पुरुष कंपाउंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टरफाइनल में यूएई को 235-215 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है. भारतीय तिकड़ी ने मुकाबले के हर चरण में दबदबा बनाए रखा. टीम ने क्रमशः 59-57, 59-55, 57-48 और 60-55 के सेट स्कोर के साथ यूएई को पीछे छोड़ते हुए आसान जीत दर्ज की.
आगे भारतीय कंपाउंड तीरंदाजों ने एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुष और महिला, दोनों टीम स्पर्धाओं के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. पुरुष वर्ग में कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु की भारतीय टीम ने क्वार्टरफाइनल में भूटान को 235-232 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया. अब सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला मजबूत दक्षिण कोरिया से होगा, जिसने अपने क्वार्टरफाइनल में ईरान को हराते हुए 240 में से 239 अंक हासिल किए थे.
वहीं, महिला वर्ग में ज्योति सुरेखा वेन्नम, प्रीतिका प्रदीप और तनिपार्थी चिकिता की भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए कजाखस्तान को 233-230 से मात दी. भारतीय टीम पहले छह तीरों के बाद तीन अंकों से पीछे थी, लेकिन बाद के दौर में बेहतरीन प्रदर्शन कर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
अब पुरुष और महिला, दोनों भारतीय टीमें सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की चुनौती का सामना करेंगी और फाइनल का टिकट हासिल करने की कोशिश करेंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं