राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन कमजोर होकर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर (WML) में बदल गया है. इसके प्रभाव से राजस्थान में अगले तीन से चार दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा और राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 जुलाई के दौरान दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हो सकती है. हालांकि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार, 3 जुलाई को मानसून ने राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में और प्रगति की है. वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर और राजगढ़ से होकर गुजर रही है. अगले दो दिनों में मानसून के बीकानेर संभाग और राज्य के शेष क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है.
9 जिलों में ऑरेंज, 10 में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अपने ताजा अनुमान में 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ये जिले हैं - सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, चूरू, हनुमानगढ़, झालावाड़ और प्रतापगढ़. इन जिलों में मध्यम से तीव्र मेघगर्जन तथा गरज और चमक के साथ अचानक 40-60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही, हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है.
वहीं, 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. ये हैं - झुंझुनू, सीकर, कोटपूतली बहरोड़, भरतपुर, करौली, बूंदी, कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़ और टोंक. यहां कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन/गरज-चमक के साथ अचानक 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएँ तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है.
जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी अगले दो से तीन दिन मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है.
*राजस्थान मौसम/मानसून अपडेट* : 7 जुलाई
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 7, 2026
* आज राज्य के दक्षिण-पश्चिम भागों में मानसून और आगे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी रेखा बाड़मेर, जोधपुर व राजगढ़ से होकर गुजर रही है। आगामी दो दिनों में बीकानेर संभाग व शेष भागों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। pic.twitter.com/7F6LlNy5ft
दो दिन में पूरे राजस्थान में पहुंचेगा मानसून
आईएमडी के जारी मानसून प्रगति मानचित्र के अनुसार 7 जुलाई तक दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच चुका है. अब अगले दो दिनों में शेष पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है, जिसके बाद पूरा राजस्थान मानसून की चपेट में आ जाएगा.
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें-: सरकारी नौकरी पाने के लिए बेटी ने मां को गाड़ी से कुचलवाया, ताऊ के साथ मिलकर दिया 7 लाख का कॉन्ट्रैक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं