- बांकीपुर उपचुनाव का नतीजा बिहार की राजनीति के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ हुआ साबित
- प्रशांत किशोर ने 19324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की
- उपचुनाव के परिणाम पर जदयू के विधायक अनंत सिंह का बयान सामने आया है
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज कर ली है. उपचुनाव के इस परिणाम पर जदयू के विधायक अनंत सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. अनंत सिंह ने दावा किया कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो ऐसा नहीं होता. उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जो लोग जीते हैं, उनको जनता ने वोट किया है. जनता मालिक होती है और जनता ही फैसला लेती है.वहीं, नीतीश कुमार के दिल्ली में जदयू कार्यालय का निरीक्षण और एक्टिव होने पर उन्होंने कहा कि बिल्कुल कोई दिक्कत नहीं है. वह जहां रहेंगे, जहां जाएंगे, जहां चुनाव लड़ेंगे हम लोग पूरी तरह उनके साथ हैं और रहेंगे.
अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार अगर मुख्यमंत्री रहते तो ऐसा नहीं होता? इस पर उन्होंने कहा कि बिल्कुल ठीक बात है, अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो ऐसा नहीं होता. जनता में इस बात का मैसेज गया है कि नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मिला, लेकिन उन्हें हटा दिया गया. जनता यह समझ रही है कि उन्हें हटाया गया है, जनता इससे नाराज है. जनता यह समझी है कि जिस तरीके से हटाया गया, यह गलत हुआ है और ये नहीं होना चाहिए था. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता है ऐसी बात नहीं है, उन्होंने खुद मुख्यमंत्री का पद छोड़ा है.
'जनता मालिक होती है, जनता ही फैसला लेती है'
अनंत सिंह ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जो लोग जीते हैं, उनको जनता ने वोट किया है. जिनको जनता ने वोट नहीं किया वह हार गए हैं. उन्होंने कहा कि जनता मालिक होती है जनता ही फैसला लेती है.
बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने दर्ज की जीत
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव का नतीजा बिहार की राजनीति के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ है. बीजेपी के 30 साल पुराने अभेद्य गढ़ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की खाली की हुई सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने 19324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है. प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले, जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा 44,827 वोटों पर सिमट गए और राजद तीसरे स्थान पर रही.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव रिजल्ट: गढ़ का भ्रम और भ्रम का गढ़!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं