विज्ञापन

अलवर में वोटों की खरीद-फरोख्त का वीडियो वायरल, मिठाई के डिब्बों में 500-500 के नोट मिलने का दावा

कार से कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा के स्टीकर लगे डिब्बे मिलने का दावा क‍िया जा रहा है. प्रत्याशी ने वीडियो को फेक बताया है. 

वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट.
NDTV Reporter

नगर निकाय चुनाव में मतदान से ठीक एक रात पहले अलवर शहर के वार्ड-42 स्थित दिवाकरी इलाके में वोटों की खरीद-फरोख्त को लेकर एक वीडियो सामने आने से सियासी हलचल तेज हो गई है. वायरल वीडियो में मिठाई के डिब्बों में कलाकंद के साथ 500-500 रुपए के नोट दिखाई दे रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि इन डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा की फोटो वाला स्टीकर चस्पा था.  हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. 

कार और डिब्बा छोड़कर भागे 

बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे दिवाकरी इलाके में एक गाड़ी काफी देर से घूम रही थी. गाड़ी पर शक होने के बाद कुछ लोगों ने उसका पीछा किया. इसके बाद दिवाकरी में एक स्थान पर RJ 14 CM 6770 नंबर की कार खड़ी दिखाई दी. कार में सवार लोग कथित तौर पर मिठाई के डिब्बे निकाल रहे थे. इसी दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. भीड़ को देखकर कार से डिब्बे निकाल रहे लोग कथित तौर पर कार और डिब्बों को वहीं छोड़कर भाग गए. 

कलाकंद के साथ मिले 500 के नोट

मौके पर मौजूद लोगों ने डिब्बों को खोलकर देखा तो उनमें कलाकंद के साथ 500-500 रुपए के नोट रखे होने का दावा किया गया. डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा का स्टीकर लगा होने की बात भी सामने आई. घटना की सूचना वैशाली नगर थाना पुलिस को दिए जाने की बात कही गई है. वैशाली नगर थाना पुलिस ने इस तरह की घटना होने से इनकार किया है. 

बसपा प्रत्याशी ने लगाए गंभीर आरोप

वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा ने इसे फेक बताया है. उनका कहना है कि ऐसा वीडियो किसी के लिए भी बनाया जा सकता है. दूसरी ओर बसपा प्रत्याशी सुमित वर्मा ने बैरवा पर वोट के बदले नोट बांटने का आरोप लगाया है. 

मतदान से ठीक पहले सामने आए इस कथित वीडियो ने वार्ड 42 के चुनावी माहौल को गरमा दिया है. अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे डिब्बे वास्तव में कहां से आए, उनमें रखे नोट किसके थे और डिब्बों पर प्रत्याशी का स्टीकर कैसे पहुंचा. पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी. 

यह भी पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव: पहले चरण का मतदान शुरू, 57 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे नई सरकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Congress Candidate, Kalakand, Congress News, Nikay Chunav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com