किशनगढ़ में सोमवार सुबह हिट एंड रन का मामला सामने आया, जहां तेज रफ्तार थार चालक ने यू-टर्न ले रहे एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक घायल की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है. जानकारी के अनुसार अजमेर रोड स्थित चेतन प्रभु गेस्ट हाउस के पास करीब सुबह एक बाइक सवार यू-टर्न ले रहा था. इसी दौरान तेज गति से आई थार ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे करीब 50 वर्षीय फूलचंद कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

बाइक चालक कई फीट दूर जा गिरा जिसके बाद राहगीर दौड़े
Photo Credit: NDTV
रौंदता हुआ भागा
सीसीटीवी फुटेज में हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर मारने के बाद भी थार चालक ने वाहन नहीं रोका. उल्टा घायल को सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो गया. इतना ही नहीं, भागते समय चालक सड़क पर गिरी मोटरसाइकिल को भी रौंदते हुए निकल गया. यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी देवराज टांक ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए घायल फूलचंद को अपनी कार से निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद परिजन उन्हें आगे के इलाज के लिए अन्य अस्पताल ले गए.
पुलिस कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज के आधार पर फरार थार और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-: सद्दाम खान 250 किमी पैदल चलकर लाया 101 लीटर गंगाजल, सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव का किया जलाभिषेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं