- राजस्थान पुलिस के डीएसपी प्रेम कुमार को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक 2026 मिला है
- ऑपरेशन शटर डाउन में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली में 30 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी
- डीएसपी प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत सरकारी योजनाओं में ठगी का खुलासा किया
DSP Prem Kumar Rajasthan Police: राजस्थान पुलिस के डीएसपी प्रेम कुमार को प्रतिष्ठित "केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक-2026" मिला है. यह उनको चार राज्यों में ऑपरेशन शटर डाउन चलाकर करोड़ों की साइबर ठगी की परतें खोलने के लिए दिया गया है. डीएसपी प्रेम कुमार और उनकी टीम ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत कई सरकारी योजनाओं में सेंध लगाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. यह सम्मान साइबर अपराध के खिलाफ उनकी उत्कृष्ट जांच, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान माना जा रहा है.
30 से अधिक ठिकानों पर दी दबिश
झालावाड़ पुलिस ने डीएसपी प्रेम कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के माध्यम से 'ऑपरेशन शटर डाउन' चलाया था. इस अभियान के तहत राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली में एक साथ कार्रवाई की गई. पुलिस टीमों ने 30 से अधिक ठिकानों पर दबिश देकर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल नुकसान मुआवजा और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी सरकारी योजनाओं में फर्जी लाभार्थियों को जोड़कर सरकारी धन का गबन कर रहे थे. इस संगठित साइबर नेटवर्क ने सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया में खामियों का फायदा उठाते हुए बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किया था.

डीएसपी प्रेम कुमार आदर्श विद्या मंदिर, चौहटन (बाड़मेर) के पूर्व छात्र हैं. Photo Credit: @VidyaBhartiRaj
11 हजार से ज्यादा फर्जी सिम कार्डों का खुलासा
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य बरामद किए. कार्रवाई में मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड समेत कई अहम दस्तावेज और उपकरण जब्त किए गए. जांच में 11 हजार से अधिक फर्जी सिम कार्डों के इस्तेमाल का खुलासा हुआ, जबकि करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन भी जांच एजेंसियों के सामने आए.

DSP प्रेम कुमार सरकारी योजनाओं में साइबर फ्रॉड का खुलासा करने वाले झालावाड़ पुलिस के ऑपरेशन शटरडाउन में जांच अधिकारी रहे. Photo Credit: @AmitBudania9121
झालावाड़ एसपी अमित बुढ़ानिया ने दी बधाई
डीएसपी प्रेम कुमार को यह सम्मान मिलने पर झालावाड़ के पुलिस अधीक्षक आईपीएस अमित बुढ़ानिया ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि सरकारी योजनाओं में साइबर फ्रॉड का खुलासा करने वाले 'ऑपरेशन शटर डाउन' में अनुसंधान अधिकारी के रूप में प्रेम कुमार की मेहनत, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को मिला यह सम्मान पूरे झालावाड़ पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि झालावाड़ पुलिस को उन पर गर्व है और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर सफलता की कामना की.
डिप्टी एसपी प्रेम को प्रतिष्ठित “ केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक -2026” से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। सरकारी योजनाओं में साइबर फ्रॉड का खुलासा करने वाले झालावाड़ पुलिस के “ऑपरेशन शटरडाउन” में अनुसंधान अधिकारी के रूप में आपकी मेहनत, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को मिला यह सम्मान हम सभी के लिए गौरव का विषय है। झालावाड़ पुलिस को आप पर गर्व है। आपके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की शुभकामनाएँ।
— IPS Amit Budania (@AmitBudania9121) October 31, 2026
DSP प्रेम कुमार बोले- यह पूरी झालावाड़ पुलिस टीम की उपलब्धि
एसपी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएसपी प्रेम कुमार ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को दिया. उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि टीम वर्क, अथक प्रयासों, उत्कृष्टता और 'ऑपरेशन शटर डाउन' की पूरी यात्रा को मिली पहचान है. उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे दिल से अपनी टीम को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान सभी साथियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है. राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल डीएसपी प्रेम कुमार की पेशेवर दक्षता का प्रमाण है, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ झालावाड़ पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और जांच क्षमता को भी रेखांकित करता है.
यह भी पढ़ें- 26 साल की IPS सिमरन भारद्वाज, रेपिस्ट को 40 दिन में दिलाई सजा-ए-मौत, हरियाणा की बेटी पर देश को गर्व
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं