जयपुर में गुरुवार को ब्रिक्स 2026 (BRICS) देशों के व्यापार और उद्योग मंत्रियों की बैठक आयोजित हुई. इसमें सदस्य देशों ने औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने और नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक संयुक्त घोषणा को अपनाया. बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सदस्य देशों के बीच औद्योगिक सहयोग और आर्थिक साझेदारी के भविष्य पर व्यापक चर्चा हुई. पीयूष गोयल ने कहा कि भारत की ब्रिक्स 2026 अध्यक्षता के दौरान जयपुर में आयोजित ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए मुझे खुशी हुई.
'सहयोग, आपसी विश्वास बेहद महत्वपूर्ण'
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने ब्रिक्स देशों के बीच औद्योगिक साझेदारी को और गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि समावेशी औद्योगिक भविष्य के निर्माण के लिए सहयोग, नवाचार और आपसी विश्वास बेहद महत्वपूर्ण हैं. बैठक की प्रमुख उपलब्धि सदस्य देशों द्वारा संयुक्त घोषणा को अपनाना रही, जो केवल संवाद तक सीमित रहने के बजाय व्यावहारिक सहयोगात्मक कदम उठाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

रामबाग पैलेस में मेहमानों के लिए डिनर
बैठक के बाद रामबाग पैलेस में रात्रिभोज आयोजित हुआ, जिसमें अलग-अलग देशों से आए नेता शामिल हुए हैं. रात्रिभोज में विदेशी गणमान्य को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वागत किया. रामबाग पैलेस में आयोजित इस डिनर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और केंद्र सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद समेत अन्य लोग शामिल हुए.
आज जयपुर में BRICS व्यापार एवं उद्योग मंत्रियों की बैठक के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रात्रिभोज में सम्मिलित हुआ।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) August 6, 2026
वैश्विक मंच पर राजस्थान की उभरती औद्योगिक पहचान और निवेश की असीम संभावनाओं को साझा करने का यह एक उत्कृष्ट अवसर है। राजस्थान पधारे हुए सभी अतिथियों का… pic.twitter.com/YXfa0ibYhe
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस स्पेशल डिनर से जुड़े तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शेयर कीं. सीएम भजनलाल ने कहा कि वैश्विक मंच पर राजस्थान की उभरती औद्योगिक पहचान और निवेश की असीम संभावनाओं को साझा करने का यह एक उत्कृष्ट अवसर है. मुझे पूरा विश्वास है कि संवाद, सहयोग और साझा प्रगति की भावना से परिपूर्ण यह सम्मेलन वैश्विक औद्योगिक सहयोग को नई दिशा प्रदान करेगा. भारत और ब्रिक्स देशों के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा.
यह भी पढे़ं-
जयपुर में शिक्षकों का धरना खत्म, राजस्थान में जल्द लागू होगी ट्रांसफर नीति; मदन दिलावर का आश्वासन
भरतपुर-रणथंभौर-हाड़ोती, मेवाड़... बूंदी में मेगा रोडमैप तैयार; दुनियाभर को लुभाएगा नया पर्यटन सर्किट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं