विज्ञापन

EXCLUSIVE: 'गब्बर' की वैभव सूर्यवंशी को बड़ी सलाह, साइंस-इंजीनियरिंग लैब बनाकर शिखर धवन की अनूठी पहल

शिखर ने इशारा किया की शुभमन गिल की कप्तानी और रोहित-विराट की जोड़ी संग 2027 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया यकीनन बढ़िया प्रदर्शन करेगी.

EXCLUSIVE: 'गब्बर' की वैभव सूर्यवंशी को बड़ी सलाह, साइंस-इंजीनियरिंग लैब बनाकर शिखर धवन की अनूठी पहल
शिखर धवन और वैभव सूर्यवंशी

'गब्बर' नये अवतार में हैं और टीम इंडिया के हर खिलाड़ी पर उनकी बारीक नजर है. टीम इंडिया के पूर्व धुरंधर ओपनर शिखर धवन, बिहार के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट के कायल नजर आते हैं तो विराट कोहली और लॉर्ड्स पर रोहित शर्मा के शतक की जमकर तारीफ़करते हैं. NDTV से EXCLUSIVE बातचीत में शिखर कहते हैं, 'विराट कोहली जब आये थे तो तभी उनके साथ हम सबने मिलकर फिटनेस का एक कल्चर बनाया था. आज टीम के यंग खिलाड़ी उसे फॉलो करते हैं और विराट किसी युवा खिलाड़ी को फिटनेस में चुनौती दे सकते हैं.'

NDTV से एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान शिखर ने वैभव सूर्यवंशी के सक्सेस और चुनौती, वर्ल्ड कप 2027 में विराट-रोहित की जरूरत और रेड एंड वाइट बॉल में टीम इंडिया का प्रदर्शन समेत क्रिकेट के कई पहलुओं, डिजिटल शिक्षा की जरूरत और शिक्षा में उनकी नई पहल STEM लैब पर खुलकर बात की. 

Latest and Breaking News on NDTV

‘वैभव पर मालिक की मेहर' 

NDTV से एक्सक्लूसिव बात करते हुए बिहार के 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर शिखर कहते हैं, 'वैभव पर मालिक मेहर है और उसने बड़ी मेहनत भी की है. 15 साल की उम्र में जो वैभव की सोच है वो बड़ी बात है. वैभव के सामने कई चुनौतियां आएंगी. उसके लिए सक्सेस को संभालना बड़ी बात होगी. सोशल मीडिया से संभलकर रहना भी उसके लिए अलग चुनौती होगी, जो गेम का पार्ट एंड पार्सल है.'

‘गब्बर' वैभव को नसीहत-सी देते हुए कहते हैं, 'मैं चाहूंगा कि वैभव पैसा-नाम और गेम को अच्छे से संभाले. अनुशासन उसके लिए एक जरूरी बात होगी. सभी महान क्रिकेटर ने अनुशासन पर जोर दिया है. उसके साथ राहुल द्रविड़ जैसे मेंटॉर का होना भी बड़ी अच्छी बात है. ऐसा लगता है वैभव के सक्सेस के लिए कुदरत ने सभी चीजो को एक साथ ला दिया है.'

‘लॉर्ड्स पर शतक से पहले रोहित पर होने लगी थी बात'

शिखर धवन कहते हैं कि रोहित शर्मा के बैटिंग को लेकर बातें होने लगी थीं. लेकिन लॉर्ड्स पर शानदार शतक लगाकर उन्होंने दिखा दिया (कि उनके बल्ले में कितना दम है). वो ये भी कहते हैं कि रोहित शर्मा को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है. 

विराट की फिटनेस युवाओं के लिए भी चुनौती

शिखर धवन मानते हैं कि विराट कोहली के होने से टीम इंडिया काफी मजबूत है. खासकर विराट कोहली के फिटनेस और पूरे टीम पर उसके असर को लेकर भी वो बड़े मुतमइन नजर आये. उन्होंने कहा कि विराट जब आये थे तब विराट, वो खुद और उनके साथ कुछ और खिलाड़ियों के ग्रुप ने फिटनेस पर काफी जोर दिया. वो मानते हैं कि टीम इंडिया पर उसका अच्छा असर पड़ा है. वो ये भी मानते हैं कि विराट की फिटनेस आज किसी भी युवा खिलाड़ी को चुनौती देती है.  

वनडे वर्ल्ड कप 2027 में बड़ी उम्मीद

शिखर ने इशारा किया की शुभमन गिल की कप्तानी और रोहित-विराट की जोड़ी संग 2027 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया यकीनन बढ़िया प्रदर्शन करेगी. उन्होंने ये भी कहा कि वर्ल्ड कप में अभी अच्छा-खासा वक्त है. ऐसे में एक-दो मैच या सीरीज में रन नहीं भी आते हैं तो बड़ी बात नहीं है. टीम इंडिया के वर्ल्ड कप 2027 में अच्छा करने के सारे एलिमेंट्स टीम में मौजूद हैं.

टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया...

टीम इंडिया ने 2023 में आखिरी बार टेस्ट चैंपियनशिप्स का फाइनल खेला. टीम इंडिया अबतक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब से दूर है. शिखर मानते हैं कि आज के युवा ज्यादातर टी20 पर ही फोकस करते हैं. लेकिन अगर ये टीम मेहनत करेगी तो टेस्ट में भी अच्छा करेगी. क्योंकि, टैलेंट में कोई कमी नहीं है. 

STEM लैब से बदल जाएगा पढ़ने का तरीका

शिखर धवन पर साइंस-शिक्षा को लेकर एक अलग अलग जुनून दिख रहा है. वो एक नये मिशन पर हैं. 7 टेस्ट शतक और 17 वनडे शतक लगाने वाले टीम इंडिया के धुंआधार ओपनर रहे शिखर धवन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिखर धवन फ़ाउंडेशन ‘DA One' की सीओओ और उनकी पत्नी सोफ़ी धवन के साथ डिजिटल शिक्षा को लेकर अनूठी पहल की. इस फ़ाउंडेशन को दिल्ली के एक सरकारी स्कूल सर्वोदय विद्धालय में एक STEM लैब (साइंस-टेक्नॉलोजी-इंजीनियरिंग-मैथ्स की लैब) बनाकर एक नई शुरुआत की गई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे पूरे दिल्ली में फ़ैलाने का इस ग्रुप से वादा भी लिया है.  

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगा में शुरू किये गए STEM लैब, ह्यूमन मोबाइल डिवाइस (HMD) और दिल्ली सरकार के सहयोग से फिलहाल इस स्कूल के 2500 बच्चों को क्वालिटी डिजिटल शिक्षा में बड़ी मदद मिलने वाली है. 

शिखर धवन कहते हैं, 'हमने 2022 में इसकी शुरुआत की और देश भर में 25,000 बच्चे इसका फायदा उठा सके हैं.' वो बताते हैं कि कैसे इस डिजिटल शिक्षा सिस्टम में इंटरैक्टिव फ़्लैट पैनल (IFPs), स्मार्ट डिवाइसेज, लाइसेंस प्राप्त K-12 डिजिटल पाठ्यक्रम का फ़ायदा हज़ारो बच्चे उठा रहे हैं.  

यह भी पढ़ें- IND vs SL: भिड़ंत से पहले टेस्ट, 7 से 9 अगस्त के बीच खिलाड़ियों की होगी अग्नि परीक्षा, इनपर रहेगी नजर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Shikhar Dhawan, Vaibhav Sooryavanshi, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com