विज्ञापन

सांवले रंग पर ससुराल वाले मारते थे ताना, सेल्‍समैन ने आत्‍महत्‍या की; चार पन्‍नों का म‍िला सुसाइड नोट 

बेटी से दूरी और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर सेल्स मैनेजर ने आत्महत्या की. सुसाइड नोट में सास, ससुर, साले और पत्‍नी पर गभीर आरोप लगाए. 

सांवले रंग पर ससुराल वाले मारते थे ताना, सेल्‍समैन ने आत्‍महत्‍या की; चार पन्‍नों का म‍िला सुसाइड नोट 
सेल्समैन ने सुसाइड कर लिया.
NDTV Reporter

जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में 33 वर्षीय सेल्स मैनेजर ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. मृतक जितिन कुमार मल्होत्रा नगर स्थित एक अपार्टमेंट के किराए के फ्लैट में फंदे से लटके मिले. पुलिस को मौके से चार पेज का सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें पत्नी, सास-ससुर और साले को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया गया है.

पिछले 8 महीने से जयपुर था  

पुलिस के मुताबिक जितिन मूल रूप से सादुलशहर, श्रीगंगानगर के रहने वाले थे और पिछले करीब आठ महीने से जयपुर में रह रहे थे.  वह विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे.  एक अगस्त की सुबह परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो सका.  इसके बाद परिचित फ्लैट पर पहुंचे.  दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई.  पुलिस ने गेट खुलवाया तो जितिन फंदे से लटके मिले. 

चार पन्नों को सुसाइड नोट मिला 

पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. कमरे की तलाशी के दौरान चार पेज का सुसाइड नोट मिला. इसमें जितिन ने पत्नी शेफाली के अलावा सास-ससुर और साले पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक के भाई पार्श्व गिल्होत्रा की शिकायत पर विश्वकर्मा थाना पुलिस ने 12 अगस्त को चारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया. 

सांवले रंग पर ताना मारने का आरोप 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही जितिन के सांवले रंग को लेकर कथित तौर पर ताने दिए जाते थे. साथ ही माता-पिता से अलग रहने और पत्नी के नाम मकान कराने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप है. 

बेटी के जन्म के बाद पत्नी मायके चली गई 

मृतक के भाई का दावा है कि बेटी के जन्म के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया.  आरोप है कि पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई और जितिन को बेटी से बातचीत करने से रोक दिया गया.  शिकायत के मुताबिक बेटी से बात करवाने के बदले 20 लाख रुपये या मकान की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. 

पंजाब में मामला दर्ज कराया 

परिजनों का यह भी आरोप है कि जून 2026 में पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई थी.  इसके बाद विवाद और बढ़ा तथा परिवार के कई लोगों के खिलाफ पंजाब के मुक्तसर में मामला दर्ज कराया गया.  मृतक के भाई का दावा है कि जितिन खुद को निर्दोष बताते थे और कथित मामले से जुड़े दस्तावेज एक पेन ड्राइव में सुरक्षित रखने की बात कहते थे. 

बेटी से बातचीत बंद हो गई थी 

भाई के मुताबिक, जुलाई के बाद जितिन की बेटी से बातचीत पूरी तरह बंद हो गई थी.  25 जुलाई को हुई बातचीत में वह बेटी को लेकर काफी भावुक और परेशान थे. परिवार का कहना है कि बेटी से दूरी और लगातार चल रहे पारिवारिक विवाद ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सुसाइड नोट, परिजनों के आरोपों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है.  मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. 

यह भी पढ़ें: राजस्थान के गांवों में बंद हो सकता है फ्री का पानी, मंत्री बोले- फीस जरूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Jaipur News, Suicide, Salesman Commits Suicide, Suicide Note Found
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com