Rajasthan News: राजस्थान सीकर जिले में बने विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजे जाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 14 मार्च को एक जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसियों के अनुसार, यह नेटवर्क देश के सैन्य ठिकानों के साथ-साथ प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी भी जुटा रहा था.
खाटू श्याम मंदिर की जानकारी भेजी गई
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. आरोपियों ने खाटू श्याम मंदिर के वीडियो, फोटो और सटीक लोकेशन पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी को भेजी थी. इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं.
ऑनलाइन मिल रही थी ट्रेनिंग और फंडिंग
सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क को ऑनलाइन माध्यम से ट्रेनिंग और आर्थिक सहायता मिल रही थी. इससे यह आशंका और बढ़ गई है कि यह मामला एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच अब गहराई से की जा रही है.
खाटू में बढ़ी सुरक्षा की मांग
इस घटना के सामने आने के बाद खाटूश्यामजी में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. श्री श्याम मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मोहनदास सिंह चौहान और व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष गिरीराज माटोलिया ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके.
राजस्थान पुलिस ने जानकारी से किया इनकार
गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ़्तारी को कन्फर्म किया है. वहीं खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने फिलहाल इस मामले में किसी भी जानकारी से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है. सूचना मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस साजिश के तार और किन-किन जगहों तक जुड़े हुए हैं.
यह भी पढ़ें- बारां में आदिवासी परिवारों की 270 बीघा भूमि जमीन पर कब्जे का आरोप, मंत्री से लगाई न्याय की गुहार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं