IAS Pratibha Dahiya: भारतीय प्रशासनिक सेवा में शादी के बाद एक और IAS जोड़े की समान कैडर में काम करने की दुआ कबूल हो गई है. महिला आईएएस अधिकारी प्रतिभा दहिया ने प्यार के खातिर गुजरात कैडर छोड़ दिया है. इंटर कैडर ट्रांसफर के बाद प्रतिभा दहिया अब अपने IAS पति यक्ष चौधरी के राजस्थान कैडर में सेवाएं देंगी.
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 17 मार्च 2026 को IAS प्रतिभा दहिया के कैडर ट्रांसफर के आदेश जारी किए हैं. अंडर सेक्रेटरी राजेश कुमार यादव के हस्ताक्षर से जारी आदेश में लिखा है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (संवर्ग) नियम, 1954 के नियम 5 के उप-नियम (2) के तहत केंद्र सरकार ने प्रतिभा दहिया, IAS (GJ:2022) का स्थानांतरण गुजरात से राजस्थान कैडर में उनके विवाह के आधार पर किया है.
IAS Pratibha Dahiya Biography: प्रतिभा दहिया को UPSC में 5वीं रैंक
- IAS प्रतिभा दहिया मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले में खरखौदा रोड स्थित गांव झरोठ की रहने वाली हैं. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2021 में अखिल भारतीय स्तर पर 55वीं रैंक हासिल की. इससे पहले UPSC 2020 में उन्हें 214वीं रैंक मिली थी.
- मीडिया से बातचीत में प्रतिभा ने बताया था कि वह पहले प्राइवेट नौकरी कर रही थीं, लेकिन घरेलू परिस्थितियों के कारण उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी. इसके बाद घर पर रहकर उन्होंने UPSC की तैयारी की और लगातार दो बार परीक्षा पास कर IAS बनीं.
- प्रतिभा के जीवन में एक बड़ा झटका तब लगा जब साल 2018 में उनके भाई का निधन हो गया. यूपीएससी पास करने के बाद एक इंटरव्यू में वह बताती हैं कि उनके भाई का सपना था कि वह IAS अधिकारी बनें, जिसे उन्होंने पूरा किया.

ias pratibha dahiya gujarat to rajasthan cadre transfer
शिक्षा और शुरुआती सेवा
IAS प्रतिभा दहिया का जन्म 16 अक्टूबर 1996 को हुआ. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेज़ी में B.A. और M.A. किया है. उनकी स्कूली शिक्षा बोर्डिंग स्कूल से हुई है. गुजरात कैडर में वह भावनगर में सहायक कलेक्टर के पद पर सेवाएं दे रही थीं. अब राजस्थान कैडर में उन्हें नई पोस्टिंग मिलेगी.
कौन हैं IAS यक्ष चौधरी?
प्रतिभा दहिया के पति IAS यक्ष चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के नौगांवा सादात क्षेत्र के अलेदाकपुर कलां (नयागांव) के रहने वाले हैं. वह 2022 बैच के राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में बाड़मेर जिले के शिव में SDM के पद पर कार्यरत हैं. यक्ष चौधरी का जन्म 15 सितंबर 1995 को किसान परिवार में हुआ. उन्होंने तीसरे प्रयास में UPSC 2021 की सिविल सेवा परीक्षा में 6वीं रैंक हासिल की.
उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई अमरोहा के सर्वोदय सरस्वती इंटर कॉलेज (UP बोर्ड) से वर्ष 2010 और 2012 में पूरी की. इसके बाद वर्ष 2017 में IIT गुवाहाटी से सिविल इंजीनियरिंग में B.Tech किया.
IAS बनने से पहले यक्ष चौधरी ने UPSC CAPF 2019 पास कर सहायक कमांडेंट के रूप में भी सेवा दी और पंचायती राज मंत्रालय में सहायक सचिव के पद पर कार्य किया. उन्होंने कक्षा 10 में 86% अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया था, जबकि कक्षा 12 में 81.4% अंक प्राप्त किए.

YAKSH CHAUDHARY IAS With His Wife Prathiba dhaiya IAS
Inter Cadre Transfer (इंटर कैडर ट्रांसफर) क्या होता है?
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में Inter Cadre Transfer का मतलब होता है किसी अधिकारी का एक राज्य (कैडर) से दूसरे राज्य के कैडर में स्थानांतरण. IAS अधिकारी जब चयनित होते हैं, तो उन्हें किसी एक राज्य का कैडर दिया जाता है (जैसे-गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि). अगर बाद में किसी कारण से उन्हें दूसरे राज्य में भेजा जाता है, तो इसे इंटर कैडर ट्रांसफर कहा जाता है.
किन कारणों से होता है इंटर कैडर ट्रांसफर?
मुख्य रूप से ये ट्रांसफर कुछ खास परिस्थितियों में ही होता है.
शादी (Marriage Ground): जब दो IAS/IPS अधिकारी आपस में शादी करते हैं, तो उन्हें एक ही कैडर में पोस्टिंग देने के लिए ट्रांसफर किया जा सकता है.
गंभीर स्वास्थ्य समस्या (Medical Ground): अधिकारी या उसके परिवार की गंभीर बीमारी के कारण.
विशेष परिस्थितियां (Extreme Hardship): जैसे पारिवारिक या मानवीय आधार.
नियम क्या कहते हैं?
यह प्रक्रिया IAS (Cadre) Rules, 1954 के तहत होती है. केंद्र सरकार (DoPT) की मंजूरी के बाद ही इंटर कैडर ट्रांसफर संभव होता है. ध्यान रखने वाली बात यह है कि इंटर कैडर ट्रांसफर बहुत सीमित मामलों में ही मंजूर होता है. हर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाता. इसमें राज्य सरकार और केंद्र दोनों की सहमति जरूरी होती है.