विज्ञापन

बंगाल चुनाव 2026: भाजपा ने 111 उम्मीदवार उतारे, युवाओं-महिलाओं पर लगाया बड़ा दांव

BJP ने कुल 111 सीटों में से 44 सीटों पर ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं जिनकी सामाजिक और पेशेवर पृष्ठभूमि मजबूत मानी जा रही है. इनमें 10 सीटों पर शिक्षकों को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि 3 सीटों पर डॉक्टर और पेशेवर लोगों को टिकट दिया गया है.

बंगाल चुनाव 2026: भाजपा ने 111 उम्मीदवार उतारे, युवाओं-महिलाओं पर लगाया बड़ा दांव
  • BJP ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 111 उम्मीदवारों की सूची में अनुभव और नए चेहरों का संतुलन रखा है
  • उम्मीदवारों में आठ मौजूदा विधायक, दो पूर्व विधायक और चार पूर्व सांसद शामिल हैं
  • महिलाओं को 14 सीटें दी गई हैं और 29 उम्मीदवारों की उम्र 40 वर्ष से कम होने है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जिन 111 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें पार्टी ने अनुभव और नए चेहरों का संतुलन बनाने की रणनीति अपनाई है. उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम बिंदुओं को प्रमुखता से रखने का निर्देश दिया है, ताकि उम्मीदवारों की मजबूत पृष्ठभूमि और सामाजिक प्रतिनिधित्व को सामने लाया जा सके.

घोषित उम्मीदवारों में 8 मौजूदा विधायक और 2 पूर्व विधायक शामिल हैं. इनमें श्री सुकड़ा मुंडा (माल-एसटी) और श्री तापस रॉय (मणिकतला) जैसे नाम प्रमुख हैं. इसके अलावा 4 पूर्व सांसदों को भी टिकट दिया गया है, जिनमें निसिथ प्रमाणिक (मथाभांगा-एससी), अर्जुन सिंह (नोआपाड़ा), रूपा गांगुली (सोनारपुर दक्षिण) और देवेंदु अधिकारी (एगरा) शामिल हैं.

आपको बता दें कि पार्टी ने कुल 111 सीटों में से 44 सीटों पर ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं जिनकी सामाजिक और पेशेवर पृष्ठभूमि मजबूत मानी जा रही है. इनमें 10 सीटों पर शिक्षकों को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि 3 सीटों पर डॉक्टर और पेशेवर लोगों को टिकट दिया गया है. फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े 4 चेहरों को भी मैदान में उतारा गया है, जिनमें रूपा गांगुली, सरबरी मुखर्जी, पापिया डे अधिकारी और हिरण्मय चट्टोपाध्याय शामिल हैं.

इसके अलावा 2 आध्यात्मिक नेताओं, 3 पूर्व सैनिकों, 2 सामाजिक आंदोलनों से जुड़े लोगों और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान भरत छेत्री को भी उम्मीदवार बनाया गया है. जगद्दल सीट से सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार को टिकट देकर प्रशासनिक अनुभव को भी महत्व दिया गया है. उम्मीदवारों की सूची में महिलाओं और युवाओं को भी खास प्रतिनिधित्व दिया गया है. 14 सीटों पर महिला उम्मीदवारों को मौका मिला है, जबकि 40 वर्ष से कम उम्र के 29 उम्मीदवारों को टिकट देकर युवाओं पर भरोसा जताया गया है. 41 से 55 वर्ष आयु वर्ग के 59 उम्मीदवार, 56 से 70 वर्ष के 22 उम्मीदवार और 70 वर्ष से अधिक आयु के केवल 2 उम्मीदवारों को शामिल किया गया है.

भाजपा का कहना है कि इस बार उम्मीदवार चयन में सामाजिक संतुलन, अनुभव, युवा नेतृत्व और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखा गया है. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह रणनीति 2026 के चुनाव में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ नए मतदाताओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी.

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव: बीजेपी ने जारी की 111 कैडिंडेट की दूसरी लिस्ट, रूपा गांगुली भी लड़ेंगी

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: भाजपा की दूसरी सूची जारी, 111 उम्मीदवारों का ऐलान, कई बड़े चेहरे मैदान में

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com