- शरद पवार गुट की एनसीपी ने परिसीमन बिल पर समर्थन के संकेत दिए हैं, जिससे राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं
- कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर सत्ता के लिए लालची और लोकतंत्र खत्म करने वाला आरोप लगाया है
- विजय वडेट्टीवार ने कहा कि रोहित पवार का कांग्रेस में स्वागत होगा और उनके खिलाफ कोई विरोध नहीं है
शरद पवार गुट की एनसीपी ने परिसीमन बिल पर एनडीए सरकार के समर्थन के संकेत दिए हैं. सूत्रों का कहना है कि INDIA अलायंस की मीटिंग में भी शरद पवार गुट का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं होगा. ऐसी खबरें मिलती है कलह बढ़ गई है और कांग्रेस ने शरद पवार पर सीधा हमला बोला है. महाराष्ट्र विधानसभा में नेता विपक्ष रहे कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने बुजुर्ग नेता को सत्ता भूखा तक बता दिया है. इसके अलावा उन्हें पीठ में छुरा घोंपने वाला बताया है. विजय वडेट्टीवार ने कहा कि शरद पवार का इतिहास ही पीठ में छुरा घोंपने का रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खत्म करने वालों की सूची में पवार साहब का भी नाम रहेगा.
कांग्रेस नेता ने कहा कि पवार की हालत 'जल बिन मछली' जैसी, इनकी कोई विचारधारा नहीं है. हमने राज्यसभा भेजा, लेकिन पवार की पार्टी ने जो किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है. NCP वाले सत्ता के लिए पैदा हुए, सत्ता लेकर ही मरना चाहते हैं. 10 विधायकों के दम पर मुख्यमंत्री पद मांगना हास्यास्पद है. जनता गिन-गिनकर बदला लेगी. इसके अलावा रोहित पवार को लेकर चल रहे कयासों पर भी विजय वडेट्टीवार ने बात की. उन्होंने कहा कि रोहित पवार का कांग्रेस में स्वागत होगा, विरोध का कोई कारण नहीं है.
कांग्रेस लीडर ने कहा कि वे भाजपा के विमान में मिलें या प्रधानमंत्री से मिलें वे भाजपा के साथ बैठेंगे और चर्चा करेंगे. एनसीपी वालों का ऐसा है कि वे सत्ता के लिए ही पैदा हुए हैं और सत्ता लेकर ही मरना चाहते हैं. पवार साहब की एनसीपी के कुछ विधायक सत्तापक्ष के करीब हैं और वे सत्ताधारियों के साथ ही बैठा करते थे. अगर वे 'खोके' के लिए जा रहे हैं, तो उन्हें कौन रोकेगा? लेकिन जनता इन्हें माफ नहीं करेगी, जनता इनसे गिन-गिनकर बदला लेगी. वहीं, रोहित पवार का हमारी पार्टी में स्वागत होगा. वे हाईकमान से मिलते रहते हैं और हमारे पास रोहित पवार का विरोध करने का कोई कारण नहीं है. जहां तक डिलिमिटेशन की बात है, तो दक्षिण में अभी 129 सीटें हैं, जो बढ़कर 195 हो जाएंगी. इन सीटों के अनुपात में उत्तर भारत में भी सीटें बढ़ने वाली हैं.
DMK ने किया परिसीमन बिल पर समर्थन का ऐलान, मोदी सरकार को एक झटके में मिला 22 सांसदों का साथ
INDIA अलायंस की मीटिंग में नहीं आएगा शरद पवार गुट
वहीं यह बात अब लगभग तय है कि INDIA अलायंस की मीटिंग में शरद पवार खेमा शामिल नहीं रहेगा. जानकारी मिली है कि पहले सांसद निलेश लांके जाने वाले थे, लेकिन अब वह नहीं जाएंगे. वह तोरणा फोर्ट पर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा सांसद भास्कर भागरे के भी शामिल होने की खबर थी, लेकिन वह भी अभी महाराष्ट्र में ही हैं. इस तरह अब एनसीपी-एसपी का कोई प्रतिनिधि बैठक में नहीं रहेगा. हर राज्य की लोकसभा सीटों का अनुपात 50 फीसदी बढ़ाया जाना कई दलों को मुफीद लग रहा है और अब ज्यादातर दल एनडीए के साथ आते दिख रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं