डूंगरपुर से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत ने अपने गनमैन (PSO) पर हुए चाकू से हमले को लेकर सोशल मीडिया 'X' पर पोस्ट किया है. उन्होंने राजस्थान पुलिस और आईजी उदयपुर को चाकूबाजी करने वाले पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. जवाब में डूंगरपुर पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है.
नशे में धुत सिपाही ने किया हमला
घटना सोमवार को पुलिस लाइन क्वार्टर में हुई. BAP सांसद राजकुमार रोत के पीएसओ कपिल अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन क्वार्टर में रहते हैं. उसी बिल्डिंग के पास वाले क्वार्टर में आरोपी कांस्टेबल कांतिलाल भी रहते हैं. आरोपी कांस्टेबल कांतिलाल पर आए दिन शराब के नशे में कपिल और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करता था. कांतिलाल ने रविवार रात शराब के नशे में कपिल की पत्नी और साली से गाली-गलौज की.
डूंगरपुर में एक पुलिसकर्मी द्वारा चाकूबाजी कर मेरे PSO को गंभीर चोटें पहुंचाई गई हैं। मैं @PoliceRajasthan @IgpUdaipur व @DungarpurP से कठोर कानूनी कार्यवाही करने की मांग करता हूँ।
— Rajkumar Roat (@roat_mla) July 13, 2026
कपिल का अस्पताल में चल रहा इलाज
पत्नी ने ये जानकारी पति कपिल को दी. कपिल अपने निर्माणाधीन मकान से रात 12 बजे पुलिस लाइन क्वार्टर आया. तभी कांतिलाल अपने क्वार्टर का दरवाजा खोलकर निकला, और चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद लहूलुहान हालत में कांस्टेबल कपिल को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है.
सांसद रोत ने कार्रवाई की मांग की
घटना को लेकर बीएपी सांसद राजकुमार ने सोशल मीडिया 'X' पर पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा, डूंगरपुर में उनके पीएसओ पर किसी पुलिसकर्मी ने चाकू से हमला किया है. राजस्थान पुलिस और आईजी उदयपुर मामले में सख्त कार्रवाई करें. इस पोस्ट के नीचे ही डूंगरपुर पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट से जवाब दिया गया कि मामले में केस दर्ज लिया गया है, और आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है.
इसके अलावा विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है. सांसद राजकुमार अभी जिनेवा में हैं.सोशल मीडिया पर सांसद की पोस्ट पर कई लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी है.
(परवेश जैन की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: "अपराध हुआ तो IG-SP होंगे जिम्मेदार", CM भजनलाल बोले- ऐसी कार्रवाई हो कि बदमाशों की रूह कांप उठे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं