Jaipur Metro Phase-2 News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा से वर्चुअल माध्यम से जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला रखेंगे. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में मेट्रो के साथ-साथ शहर के विकास को नई गति देने वाली कई अन्य योजनाओं का भी शुभारंभ होगा. जयपुर मेट्रो का दूसरा चरण शहर के उत्तर-दक्षिण दिशा को जोड़ेगा. प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड तक बनने वाला यह 41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों के लिए वरदान साबित होगा. 13,037.66 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में कुल 36 स्टेशन होंगे.
यह कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, जयपुर एयरपोर्ट, एसएमएस अस्पताल, कलेक्ट्रेट और विद्याधर नगर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को आपस में जोड़कर शहर में परिवहन की एक नई क्रांति लाएगा. एयरपोर्ट के पास भूमिगत स्टेशन भी बनाए जाएंगे, जिससे शहर का मेट्रो नेटवर्क अधिक एकीकृत और आधुनिक बनेगा.
नवनियुक्त युवाओं को तोहफा
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय रोजगार उत्सव भी मनाया जाएगा. जिला कलक्टर संदेश नायक की देखरेख में आयोजित इस उत्सव में विभिन्न विभागों में चयनित करीब 4,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे. यह युवाओं के लिए अपने करियर की शुरुआत करने का एक सुनहरा अवसर होगा. जिला कलक्टर ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.
हरियाली और सुगम कनेक्टिविटी का संकल्प
मेट्रो के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है. 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत जिले में एक साथ 5 लाख पौधे लगाए जाएंगे. परियोजना के विस्तार से यात्रियों की संख्या में भी भारी उछाल की उम्मीद है. वर्तमान में मेट्रो का उपयोग करने वाले 50 हजार यात्रियों की संख्या फेज-2 के पूरा होने के बाद 2.5 लाख से बढ़कर 4 लाख प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है.
चाकसू और चौमूं जैसे आसपास के कस्बों को भी फीडर बसों के जरिए इस मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. यह परियोजना जयपुर को मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के केंद्र में स्थापित करेगी, जिससे एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच सफर करना बेहद आसान हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- आग की वजह से टला था दौरा, अब 74 दिन बाद राजस्थान आ रहे PM मोदी; अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं